You Are My Universe Ch. 3

Chapter 3 (दोस्ती!)

Posted by Dev Srivastava • Jan 14, 2025 10:13 AM

अगले दिन,

दोपहर का समय

तेजस्विनी अपने कॉलेज की कैंटीन में बैठी हुई थी। आज उसकी कोई दोस्त नहीं आई थी, इसलिए वो अपने मोबाइल में बिजी थी। वो यूट्यूब पर कोई लेक्चर देख रही थी कि इतने में समृद्ध के रिप्लाई का नोटिफिकेशन आया।

तेजस्विनी ने चेक किया तो समृद्ध ने लिखा था, "ये क्या हरकत है!"

तेजस्विनी ने अंजान बनते हुए कहा, "एक्सक्यूज मी!"

समृद्ध ने साफ-साफ कहा, "देखिए, मिस तेजस्विनी! हम जानते हैं कि ये आप ही हैं।"

तेजस्विनी ने हैरानी के साथ कहा, "रियली! लेकिन पहचाना कैसे हमें?"

समृद्ध ने फिर से चिढ़ कर कहा, "मिस, हम मजाक के मूड में नहीं हैं।"

तेजस्विनी ने तुरंत कहा, "हम भी मजाक नहीं कर रहे हैं। हम जेनुइनली आपसे दोस्ती करना चाहते हैं।"

समृद्ध ने कहा, "देखिए, मिस! ये सब सही नहीं है। हमने आपकी एक आईडी ब्लॉक की तो आपको समझ नहीं आया जो आप दूसरी आईडी से हमें परेशान कर रही हैं!"

तेजस्विनी ने भी चिढ़ कर कहा, "भई, दोस्ती करने में क्या जा रहा है आपका!"

समृद्ध ने कहा, "अरे, नहीं करनी न यार!"

तेजस्विनी ने कहा, "देखिए, अब आपने हमें 'यार' भी बोल दिया।"

ये देख कर समृद्ध ने अपने हाथ की मुट्ठी बना कर टेबल पर दे मारी और मैसेज में कहा, "सत्यानाश!"

और साथ में सिर पीटने वाला इमोजी लगा दिया।

तेजस्विनी ने भी कहा, "हाँ, वो तो कर ही रहे हैं आप।"

समृद्ध ने फिर से उसे समझाते हुए कहा, "देखिए, आप सीधे तरीके से बात मान जाइए। हमें किसी से भी दोस्ती करने में कोई इंटरेस्ट नहीं है।"

तेजस्विनी ने कहा, "पर क्यों? आखिर दोस्ती करने में प्रॉब्लम ही क्या है!"

समृद्ध ने इन सभी बातों को नजरंदाज करके कहा, "देखिए, हम यहाँ भी ब्लॉक कर देंगे आपको!"

तेजस्विनी ने भी अड़ते हुए कहा, "हम फिर से दूसरी आईडी बना लेंगे।"

समृद्ध ने कहा, "हम वहाँ भी आपको ब्लॉक कर देंगे।"

तेजस्विनी ने कहा, "हम एक और नई आईडी बना लेंगे।"

समृद्ध ने परेशान होकर कहा, "क्या करें हम आपका!"

तेजस्विनी ने बड़ी-सी मुस्कान के साथ कहा, "हमसे दोस्ती।" और साथ में एक हँसने वाला इमोजी भेज दिया।

समृद्ध ने कहा, "आप समझ क्यों नहीं रही हैं!"

तेजस्विनी ने कहा, "इसमें समझना क्या है! आप तो ऐसे बिहेव कर रहे हैं जैसे कि हमने आपको प्रपोज कर दिया हो।"

ये पढ़ कर समृद्ध की हल्के नीले रंग की आँखें बड़ी हो गईं। इससे पहले कि वो कुछ कहता, तेजस्विनी का एक और मैसेज आया, "और कौन-सा लड़का किसी लड़की से दोस्ती करने में इतना हिचकता है!"

अब समृद्ध के पास तेजस्विनी की बात का कोई जवाब नहीं था।

उसने एक गहरी साँस लेकर कहा, "फाइन! हम आपसे दोस्ती करने को तैयार हैं।"

तेजस्विनी ने उत्साहित होकर कहा, "सच्ची!"

समृद्ध ने कहा, "हम्म्म।"

तेजस्विनी ने कन्फर्म करने के लिए कहा, "पक्का न!"

समृद्ध ने कहा, "अब क्या नोटिस इश्यू करा कर भेजें!"

तेजस्विनी ने कहा, "नहीं-नहीं! हम समझ गए।"

समृद्ध ने कहा, "गुड।"

और अगले ही पल उसने कहा, "अच्छा, अभी के लिए बाय।"

तेजस्विनी ने हैरानी के साथ कहा, "हाँ!"

तो समृद्ध ने कहा, "क्या?"

तेजस्विनी ने चिढ़ कर कहा, "अभी-अभी तो दोस्ती की है, और तुरंत बाय!"

समृद्ध ने कहा, "अरे, हमें पढ़ाने जाना है।"

तेजस्विनी ने कहा, "ओह, तो आप टीचर हो!"

समृद्ध ने कहा, "नहीं, लेकिन लोकल में कुछ लड़कियों को पढ़ाते हैं, जिनके पैरेंट्स ने उनकी पढ़ाई छुड़वा दी है।"

तेजस्विनी ने इंप्रेस होते हुए कहा, "ओह, तो जनाब समाज-सेवी हैं।"

समृद्ध ने कहा, "जी, हम कुछ NGOs से जुड़े हुए हैं।"

तेजस्विनी ने कहा, "ठीक है। आप पढ़ा लो, हम बाद में बात करते हैं।"

समृद्ध ने कहा, "ओके, बाय।"

तेजस्विनी ने भी कहा, "बाय।"

और फोन रख दिया। फिलहाल वो बहुत खुश थी क्योंकि समृद्ध ने उससे दोस्ती जो कर ली थी।

वहीं दूसरी तरफ,

समृद्ध अपनी कुर्सी से उठ खड़ा हुआ।

उसने खुद से ही कहा, "सैम बेटा! इस बार खुद को हर्ट मत करना।"

फिर उसने एक अंगड़ाई ली और बाहर चला गया।

शाम का समय,

तेजस्विनी का घर

तेजस्विनी अपने सारे काम खत्म करके पढ़ने बैठी थी। कुछ देर पढ़ने के बाद उसने समय देखा तो रात के 10 बज गए थे। उसने अपना फोन उठाया और समृद्ध को मैसेज कर दिया, "क्या हो रहा है, मिस्टर समाज-सेवी!"

कुछ देर बाद,

समृद्ध का जवाब आया, "आपने हमारा एक स्पेशल नाम भी रख दिया!"

तेजस्विनी ने हँस कर कहा, "अरे, अभी आपने हमारा टैलेंट देखा ही कहाँ है! नाम रखने में तो हम माहिर हैं।"

ये पढ़ कर समृद्ध के पतले गुलाबी होठों पर मुस्कान आ गई।

उसने उसी मुस्कान के साथ कहा, "अच्छा, और किस-किस के नाम रखे हैं आपने!"

तेजस्विनी ने कहा, "हमने बहुत लोगों के! अपने भाइयों के! अपने दोस्तों के!"

वो अलग-अलग मैसेजेस में ये सारी बातें बोलती जा रही थी और समृद्ध उसके मैसेजेस पढ़-पढ़ कर हल्का-हल्का मुस्करा रहा था।

वहीं मैसेज करते हुए अचानक से तेजस्विनी को समझ आया कि वो क्या कर रही है, तो उसने चिढ़ कर समृद्ध से कहा, "ये आपने जान-बूझ कर कहा न!"

उसका आखिरी मैसेज पढ़ कर समृद्ध अपनी कुर्सी पर बैठा हुआ खुल कर हँस पड़ा।

उसने हँसते हुए ही मैसेज किया, "अब आप हैं ही इतनी भोली, तो इसमें हमारी क्या गलती!"

तेजस्विनी ने चिढ़ कर कहा, "हंह, आए बड़े!"

समृद्ध ने सोचने वाली इमोजी लगा कर कहा, "बड़े!"

फिर उसने दूसरे मैसेज में कहा, "अरे, नहीं। हम इतने भी बड़े नहीं हैं।"

तेजस्विनी ने अपनी भौंहें उठा कर कहा, "अच्छा!"

समृद्ध ने कहा, "हाँ! बहुत कम एज है हमारी।"

तेजस्विनी ने जिज्ञासा के साथ कहा, "अच्छा, कितनी है?"

समृद्ध ने तुरंत कहा, "आप क्यों पूछ रही हैं?"

तेजस्विनी ने अपने कंधे उठा कर कहा, "ऐसे ही, कैजुअली।"

समृद्ध ने सामान्य रूप से कहा, "20 साल।"

तेजस्विनी ने हैरानी के साथ कहा, "हैं!"

समृद्ध ने सामान्य रूप से कहा, "हम्म्म!"

तेजस्विनी ने हैरानी के साथ कहा, "हम तो अभी सिर्फ 18 साल के हैं।"

समृद्ध ने कहा, "तो अच्छा है न! लाइफ एंजॉय कीजिए अपनी।"

तेजस्विनी ने हँस कर कहा, "वही तो कर रहे हैं।"

समृद्ध ने थम्स अप करके कहा, "गुड!"

तेजस्विनी ने हिचकते हुए ही कहा, "वैसे आप कुछ काम भी करते हैं क्या?"

जारी है...

100%