धीरे-धीरे इश्क़ हो रहा है Ch. 1

पहली मुलाकात

Posted by समीक्षा • Aug 31, 2026 02:22 PM

​सुबह के ठीक सात बजे थे, जब 21 साल के कबीर ने जैसे ही अरोमा कैफे का भारी कांच का दरवाजा धक्का देकर खोला, ताजी पिसी हुई कॉफी बीन्स और पुरानी लकड़ी की जानी-पहचानी खुशबू ने उसका स्वागत किया, यही खुशबू कबीर को सुकून देती थी। कॉलेज की भागदौड़ और दुनिया के शोर-शराबे से दूर, यह कैफे उसका अपना एक छोटा सा आशियाना था, जहाँ वह पिछले छह महीनों से पार्ट-टाइम काम कर रहा था।

​बाहर हल्की धुंध थी और सड़क पर गाड़ियों की आवाजें अभी शुरू ही हुई थीं। कबीर ने अपनी कॉलेज की भारी पीठ पर टंगे बैग को काउंटर के पीछे रखा और अपनी काले रंग की एप्रन उठा ली। उसे सलीके से अपनी कमर पर बांधते हुए उसने खुद को शीशे में देखा। बिखरे हुए बाल, आँखों पर टिका चश्मा और एक ऐसा चेहरा जो हमेशा यह जताता था कि उसे अपनी दुनिया में ही रहना पसंद है। वह बहुत कम बोलता था, सिर्फ उतना ही जितना ज़रूरी हो।

​"चलो, अब काम पर लगते हैं," उसने खुद से फुसफुसाकर कहा।

​उसने सबसे पहले एस्प्रेसो मशीन को ऑन किया और मशीन के गर्म होने की हल्की गूंजती हुई आवाज कैफे के सन्नाटे को चीरने लगी। इसके बाद उसने लाउंज एरिया की लाइटें जलाईं। कैफे के कोने में रखी पीली लाइटों ने माहौल को और भी खूबसूरत बना दिया था। कबीर ने एक साफ कपड़ा लिया और खिड़की के पास वाली मेजों को पोंछने लगा। बाहर सड़क पर कुछ स्टूडेंट्स हाथ में किताबें लिए कॉलेज की तरफ बढ़ रहे थे। कबीर को भी नौ बजे अपनी क्लास के लिए निकलना था, लेकिन तब तक वह यहाँ का जिम्मा संभालता था।

​तभी काउंटर पर रखा ऑर्डर पैड और पेन उठाकर उसने आज की लिस्ट चेक की। सुबह के वक्त आमतौर पर वही गिने-चुने लोग आते थे, सामने वाले बैंक के मैनेजर जिन्हें कड़क ब्लैक कॉफी चाहिए होती थी, या फिर कुछ प्रोफेसर्स जो अखबार पढ़ते हुए अपनी चाय की चुस्कियां लेते थे। कबीर को यह रूटीन पसंद था जहाँ कोई सरप्राइज नहीं, कोई ड्रामा नहीं... सब कुछ शांत और उसकी उम्मीद के मुताबिक।

​लेकिन कबीर को कहाँ पता था कि आज का दिन उसके इस शांत रूटीन का आखिरी दिन होने वाला था।

​ठीक आठ बजे, जब कैफे में हल्की धूप कांच की खिड़कियों से छनकर अंदर आ रही थी, तब दरवाजे पर लगी पीतल की घंटी अचानक टिनटिन की आवाज के साथ बज उठी।

​कबीर ने बिना ऊपर देखे, आदत के मुताबिक कहा, "वेलकम टू अरोमा कैफे, आपका ऑर्डर क्या..."

​उसने जैसे ही अपनी नजरें उठाईं, उसके शब्द उसके गले में ही अटक गए, दरवाजे पर एक लड़का खड़ा था। उसने कॉलेज की ओवरसाइज़्ड डेनिम जैकेट पहनी हुई थी, बाल थोड़े बिखरे हुए थे जैसे वह अभी-अभी सोकर उठा हो, और उसके चेहरे पर एक ऐसी बेफिक्र, चमकदार मुस्कान थी जो सुबह की धूप को भी फीका कर दे और इस वक़्त उसके हाथ में एक स्केटबोर्ड था और उसकी उम्र 22 के आसपास थी।

​वह लड़का सीधे काउंटर की तरफ बढ़ गया जिसके साथ उसकी लंबी और तेज़ कदमों की आहट कबीर के दिल की धड़कन को बिना किसी वजह के थोड़ा तेज़ कर गई।

​"हाय!" उस लड़के ने काउंटर पर अपनी दोनों हथेलियाँ टिकाते हुए कहा। उसकी आवाज़ में एक अजीब सी एनर्जी थी, जो कबीर की शांत दुनिया के लिए बिल्कुल नई थी।

"यार, बाहर बहुत ठंड है! मुझे कुछ ऐसा दो जो मुझे तुरंत जगा दे। वैसे, मेरा नाम अयान है, तुम यहाँ नए हो क्या? मैंने तुम्हें पहले नहीं देखा।" अयान ने होठों पर प्यारी सी मुस्कान सजाये हुए कहा

​कबीर ने अयान की तरफ देखा, फिर उसकी फैली हुई हथेलियों को देखा। वो कुछ सेकेंड्स के लिए चुप रहा, जैसे यह समझने की कोशिश कर रहा हो कि इस लड़के में इतनी सुबह इतनी ऊर्जा कहाँ से आ रही है।

​"मैं पिछले छह महीने से यहीं हूँ," कबीर ने अपनी आवाज को जितना हो सके न्यूट्रल रखते हुए कहा और अपना आई-कॉन्टैक्ट तोड़कर एस्प्रेसो मशीन की तरफ मुड़ गया।

"और आपके लिए कैफे लाते सही रहेगा।" कबीर ने मुड़ते हुए कहा।

​अयान की एक हल्की सी हंसी बिखर गई , जो कबीर के कानों में किसी धुन की तरह गूंज गई। "ओह, तो तुम कम बोलने वाले टाइप  के इंसान हो? कोई बात नहीं। एक लाते ही बना दो, मिस्टर..." अयान ने कबीर के एप्रन पर लगे नेम-टैग को पढ़ने के लिए थोड़ा आगे झुकते हुए कहा, "...कबीर! देखते हैं तुम्हारी कॉफी में कितना दम है।"

​कबीर ने बिना कोई जवाब दिए कॉफी कप उठाया, लेकिन उसे महसूस हो रहा था कि अयान की नजरें लगातार उसकी पीठ पर टिकी हुई थीं। कबीर के हाथ कॉफी मशीन हैंडल को सेट करते समय थोड़े से कांप गए, एक ऐसा अहसास हो रहा था जो उसे बिल्कुल पसंद नहीं आया।

​

​

​कबीर ने एस्प्रेसो मशीन के स्टीमर नॉब को घुमाया, और दूध के गर्म होने की तेज़ सरसराहट के बीच उसने राहत की सांस ली, क्योंकि इस आवाज़ ने काउंटर पर फैली उस अजीब सी खामोशी को ढक दिया था। वह पूरी कोशिश कर रहा था कि उसका ध्यान न भटके, लेकिन उसे अपने पीछे अयान की गहरी नजरें महसूस हो रही थीं। अयान काउंटर के पास लगे ऊंचे स्टूल पर बैठ चुका था और अपने लंबे पैरों को झुलाते हुए कैफे के इंटीरियर को देख रहा था, और फिर घूम-फिरकर उसकी नजर कबीर पर ही टिक जाती थी।

​कबीर ने बड़े सलीके से मग में एस्प्रेसो शॉट डाला और फिर ऊपर से झागदार गर्म दूध को मिलाया। उसकी उंगलियों की महारत ऐसी थी कि कॉफी के ऊपरी हिस्से पर सफेद झाग से एक खूबसूरत दिल का आकार बन गया। कबीर ने जैसे ही यह देखा, वह अंदर ही अंदर थोड़ा झेंप गया। उसने जानबूझकर ऐसा नहीं किया था, यह तो बस उसकी रोज़ की आदत थी।

​उसने मग को अयान के सामने काउंटर पर रखा और ठंडे लहजे में कहा, "आपकी लाते, और इसके अट्ठासी रुपये हुए है!"

​अयान ने मग को देखा और फिर उसकी आँखें चमक उठीं। उसने कबीर की तरफ देखकर एक शरारती मुस्कान दी। "वाह! पहली ही मुलाकात में दिल? मिस्टर कबीर, मुझे नहीं पता था कि आप इतने रोमांटिक हैं।"

​अयान की बात सुन कबीर का चेहरा हल्का सा लाल हो गया, लेकिन उसने तुरंत अपने चश्मे को नाक पर ऊपर खिसकाते हुए अपनी भावनाओं को छुपा लिया और बहुत ही कम शब्दों में कहा, "ये सिर्फ लाते आर्ट है। हर कस्टमर के लिए ऐसे ही बनती है। कैश या यूपीआई?"

​"यूपीआई," अयान ने हंसते हुए अपना फोन निकाला और क्यूआर कोड स्कैन किया, "वैसे, तुम्हारी तारीफ करनी पड़ेगी। शक्ल से तो तुम ऐसे लगते हो जैसे अभी किसी को काट खाओगे, लेकिन कॉफी सचमुच कमाल की बनाते हो। इसकी खुशबू ही मूड फ्रेश करने के लिए काफी है।"

​अयान ने एक घूंट लिया और अपनी आँखें बंद कर लीं, जैसे वह उस स्वाद का मज़ा ले रहा हो। बदले में कबीर ने कुछ नहीं कहा, उसने बस बिल की रसीद अयान के सामने रख दी और काउंटर साफ करने लगा। वह चाहता था कि यह लड़का जल्दी से अपनी कॉफी खत्म करे और यहाँ से जाए, क्योंकि उसकी मौजूदगी कबीर के शांत दिमाग में एक अजीब सी हलचल पैदा कर रही थी।

​"तुम कॉलेज में पढ़ते हो?" अयान ने अचानक पूछा, वह शांत बैठने वालों में से नहीं था।

​"हाँ," कबीर ने बिना सिर उठाए छोटा सा जवाब दिया।

​"कौन सा कॉलेज? और कौन सा ईयर?" अयान ने फिर सवाल दागा।

​"सेंट जेवियर्स कॉलेज, सेकंड ईयर, बी.एससी. कंप्यूटर साइंस," कबीर ने सोचा कि अगर वह सीधा जवाब दे देगा, तो शायद अयान उसे परेशान करना बंद कर देगा।

​"अरे! सच में?" अयान लगभग स्टूल से कूद पड़ा, "यार, यह तो बहुत बढ़िया है! मैं भी सेंट जेवियर्स में ही हूँ। थर्ड ईयर, बैचलर ऑफ विजुअल आर्ट्स, इसका मतलब मैं तुम्हारा सीनियर हुआ। पर मैंने तुम्हें कॉलेज में कभी देखा क्यों नहीं?" अयान ने अपनी आंखे बड़ी बड़ी करके दो तीन बार फड़फड़ी, ये करते हुए वो बहुत प्यारा लग रहा था।

​कबीर ने मन ही मन सोचा, "क्योंकि मैं तुम्हारे जैसे लोगों से दूर रहता हूँ।" लेकिन ज़ुबान से उसने सिर्फ इतना कहा, "कॉलेज बहुत बड़ा है।"

​"बात तो सही है," अयान ने अपनी कॉफी का आखिरी घूंट खत्म करते हुए कहा, फिर उसने अपनी जैकेट की चेन बंद की और अपना स्केटबोर्ड हाथ में ले लिया। "चलो कबीर, कॉफी के लिए थैंक्स! और हाँ, अब से मैं रोज़ यहीं आऊँगा! अपनी हार्ट वाली कॉफी तैयार रखना!"

​अयान ने आँख मारी और मुड़कर कैफे के दरवाजे की तरफ बढ़ गया। दरवाजे पर लगी घंटी एक बार फिर बजी, और वह सुबह की ठंडी हवा के साथ बाहर चला गया। कबीर ने एक लंबी और गहरी सांस छोड़ी। कैफे में एक बार फिर वही पुरानी खामोशी लौट आई थी, लेकिन अब कबीर का मन पूरी तरह शांत नहीं था। उसके दिमाग में बार-बार अयान का वह हंसमुख चेहरा और उसकी बेबाक बातें घूम रही थीं।

---

आपको ये शुरुआत कैसी लगी जरूर बताइयेगा?

​

100%