❤️Tere Dil Pai Haq Mera Hai❤️ Ch. 2

❤️Tere Dil Pai Haq Mera Hai❤️ - Chapter 2

Posted by song lover • Nov 03, 2026 01:04 PM

"क्या चाहती हो तुम?" विवान ने अपनी लाल, सुलगती आँखें वीणा के चेहरे पर गड़ाते हुए गुर्रा कर पूछा। उसकी आवाज़ में नफ़रत और बेरुखी की इतनी ठंडक थी कि बारिश का पानी भी उसके आगे फीका लग रहा था।

वीणा का पूरा **** कांप रहा था। उसने अपने दोनों कांपते हाथ विवान के आगे जोड़ दिए, उसकी आँखों से आंसुओं की धार बह निकली।

"विवान... वो... वो मेरा भाई..." वीणा की आवाज़ हिचकियों में टूट रही थी, "उसका बहुत बुरा एक्सीडेंट हुआ है विवान! उसकी हालत बहुत नाजुक है... डॉक्टर्स कह रहे हैं कि फौरन सर्जरी करनी होगी, वरना... वरना वो बच नहीं पाएगा। उसे अर्जेंटली 50 लाख रुपयों की ज़रूरत है... प्लीज़ विवान, मेरी मदद करो... मेरे भाई की जान बचा लो!" ओह अभी सिटी हॉस्पिटल मैं है प्लीज.....

कमरे में कुछ पलों के लिए सिर्फ बाहर गिरती मूसलाधार बारिश और वीणा की सिसकियों की आवाज़ गूँजती रही।

विवान की आँखों की पुतलियाँ सिकुड़ गईं। उसने अपने हाथ में पकड़ी शराब की बोतल को एक झटके में पास की काँच की टेबल पर पटका। काँच की तीखी आवाज़ के साथ टेबल में दरार आ गई और शराब फर्श पर फैल गई।

विवान लड़खड़ाते हुए एक कदम आगे बढ़ा और वीणा के बिल्कुल करीब आ गया। उसके चेहरे पर कोई हमदर्दी नहीं थी, सिर्फ एक खौफ़नाक, ज़हरीली मुस्कान थी।

"पचास लाख?" विवान ने धीरे से दोहराया, उसकी आवाज़ में चुभन थी, "तो आज मैडम को अपने भाई की जान बचाने के लिए इस शराबी विवान की याद आ गई?"

उसने वीणा की ठुड्डी को अपनी उंगलियों के सख्त शिकंजे में कस लिया और उसका चेहरा अपनी तरफ ऊपर खींचा। वीणा दर्द से कराह उठी, पर उसकी आँखों में सिर्फ गिड़गिड़ाहट थी।

"भूल गई वीणा?" विवान उसके चेहरे पर झुकते हुए फुसफुसाया, "जब मैंने तुम्हारे आगे घुटने टेक कर कहा था कि मुझे मत छोड़ो, मेरी ज़िंदगी बर्बाद हो जाएगी... तब तुमने मुड़कर भी नहीं देखा था। तुमने मेरी रूह तक नीलाम कर दी थी, और आज तुम मुझसे पचास लाख की भीख माँगने आई हो?"

"विवान, मुझे जो सज़ा देनी है दे दो!" वीणा रोते हुए उसके पैरों में गिर पड़ी, उसने विवान के पैर पकड़ लिए, "मेरी जान ले लो, मुझे अपनी दासी बनाकर रख लो, जो कहोगे वो करूँगी... लेकिन अभी मेरे भाई को बचा लो विवान! उसके पास सुबह तक का भी वक्त नहीं है... प्लीज़ विवान, रहम करो!"

विवान ने झुककर वीणा को देखा, जो फर्श पर बिखरी शराब और पानी के बीच उसके कदमों में पड़ी रो रही थी।

विवान के जबड़े भींच गए। उसने वीणा का हाथ अपने पैरों से झटक दिया, पर उसकी नज़रों में एक अजीब सा, खतरनाक ठहराव आ गया था।

"पचास लाख मिल जाएँगे वीणा," विवान की सर्द आवाज़ गूँजी, "एक-एक पाई अभी इसी वक्त हॉस्पिटल के अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगी... लेकिन उसकी एक कीमत होगी।"

वीणा ने भीगी आँखों से, सहमते हुए अपना सिर ऊपर उठाया।

विवान सीधा खड़ा हुआ और अपनी आँखों में एक गहरा, बेरहम अंधेरा लिए बोला, "तुम्हारे भाई की जान की कीमत... तुम्हारी यह ज़िंदगी है। तुम्हें मेरी रखैल बनकर रेहना होंगा और इस हवेली में मेरी कैदी बनकर लौटना होगा—हमेशा के लिए। बोलो, मंज़ूर है?"

विवान के लफ़्ज़ वीणा के कानों में पिघले हुए सीसे की तरह उतरे। फर्श पर घुटनों के बल बैठी वीणा का पूरा वजूद कांप उठा। उसने अपनी भीगी, लाल आँखों से विवान को देखा—उस चेहरे पर कोई रहम नहीं था, सिर्फ बदले की ठंडी आग और बरसों की नफ़रत जल रही थी।

"रखैल...?" वीणा के कांपते होंठों से यह शब्द एक बेबस फुसफुसाहट बनकर निकला। उसका आत्मसम्मान, उसकी आत्मा, सब कुछ एक पल में तार-तार हो गया था।

बाहर आसमान में बिजली जोर से कड़की, जिसकी सफेद रोशनी खिड़की से छनकर विवान के तने हुए, बेरहम चेहरे पर पड़ी। उसने जेब से अपना फोन निकाला और स्क्रीन पर अपनी उंगली घुमाते हुए बहुत ठंडे स्वर में कहा:

"घड़ी की सुइयां टिक-टिक कर आगे बढ़ रही हैं, वीणा। तुम्हारे भाई की सांसों की डोर बहुत कमजोर है। एक क्लिक... और हॉस्पिटल के अकाउंट में पचास लाख पहुँच जाएंगे। पर अगर तुम्हारी जुबान से 'ना' निकला, तो मैं यहीं खड़े होकर तमाशा देखूंगा कि कैसे तुम्हारी झूठी इज्जत तुम्हारे भाई की जान ले लेती है।"

वीणा की आँखों के सामने अस्पताल के बिस्तर पर खून से लथपथ उसका भाई आ गया, जो हर सांस के लिए जूझ रहा था। उसके पास खोने के लिए अब कुछ नहीं बचा था—ना आत्मसम्मान, ना खुशियां।

उसने अपनी दोनों मुट्ठियों को फर्श पर इतनी जोर से भींच लिया कि उसकी हथेलियों में नाखून चुभ गए। उसकी आँखों से आंसुओं की दो मोटी बूंदें टपक कर संगमरमर पर गिर पड़ीं।

उसने अपना सिर झुका लिया, उसकी आवाज़ इतनी धीमी थी कि बारिश के शोर में बमुश्किल सुनाई दी, लेकिन उसमें एक मां और बहन की आख़िरी हद की बेबसी थी।

"मंज़ूर है..."

वीणा ने अपना सिर फर्श पर टिका दिया, उसकी सिसकी हलक में घुट गई, "मुझे मंज़ूर है विवान... मेरे भाई को बचा लो, प्लीज।"

विवान के चेहरे पर एक पल के लिए जीत की सर्द लकीर उभरी, लेकिन उसकी आँखों की गहराइयों में एक अजीब सी खामोशी भी छा गई। उसने बिना कोई दूसरा शब्द कहे फोन पर ट्रांसफर का बटन दबाया और फिर फोन जेब में रख लिया।

"पैसे पहुँच गए हैं," विवान मुड़ा और सीढ़ियों की तरफ कदम बढ़ा दिए, बिना पीछे देखे उसने कहा, "जाओ, अपने भाई की सर्जरी करवाओ। पर याद रखना... जैसे ही सुबह का सूरज निकलेगा, इस हवेली के दरवाजे तुम्हारे लिए हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे—अंदर से।"

फर्श पर बिखरी शराब और पानी के बीच से वीणा किसी बेजान साये की तरह उठ खड़ी हुई। उसके घुटनों में इतनी भी ताकत नहीं बची थी कि वह सीधी खड़ी रह सके, लेकिन भाई की घटती सांसों की दहशत ने उसके **** में एक बेचैन फुर्ती भर दी थी।

उसने अपने भीगे हुए आंचल को कसकर समेटा और बिना एक पल गँवाए, बिना विवान की आँखों में देखे, उल्टे कदमों से दरवाजे की तरफ मुड़ गई।

"याद रखना वीणा..."

पीछे से विवान की भारी और सर्द आवाज़ उसके कानों में हथौड़े की तरह पड़ी। उस आवाज़ में शराब का नशा नहीं, बल्कि एक बेरहम हुक्म का ज़हर घुला हुआ था।

"...अगर तुम नहीं आईं, तो इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा!"

वीणा के कदम एक पल के लिए भी नहीं ठिठके। न उसने पलटकर देखा, न उसके होंठों से कोई आह निकली। अपमान की जो आग उसके सीने में जल रही थी, उसने विवान की इस आखिरी धमकी को भी राख कर दिया था। उसके लिए अब सिर्फ एक ही चीज़ मायने रखती थी—अस्पताल का आईसीयू, जहाँ उसका भाई जिंदगी की आखिरी जंग लड़ रहा था।

वह हवेली के भारी संगमरमर के गलियारे को पार करते हुए बाहर पोर्च में आ गई। मूसलाधार बारिश अब भी उसी बेरहमी से बरस रही थी, हवा के थपेड़े पेड़ों को झकझोर रहे थे। भीगते हुए, तेज और कांपते कदमों से जैसे ही वह भारी लोहे के मुख्य गेट के पास पहुँची, गार्ड अपने छोटे से केबिन से छाता ताने तेजी से बाहर निकला और उसका रास्ता रोकते हुए बोला:

"रुकिए मैडम!"

वीणा की आँखें खौफ़ और हड़बड़ाहट से फैल गईं। उसे लगा शायद विवान ने अपना फैसला बदल लिया, या फिर कोई नई रुकावट सामने आ गई है। उसका दिल हलक में आ गया।

"मैडम, सर का सख्त हुक्म है... आप पैदल या किसी ऑटो में नहीं जाएंगी। सर ने आपको अपनी कार से जाने को कहा है।"

गार्ड ने एक काली लग्ज़री सेडान की तरफ इशारा किया, जिसका इंजन पहले से चालू था और हेडलाइट्स की तेज़ रोशनी बारिश की धार को चीरती हुई सड़क पर बिखर रही थी। ड्राइवर ने तुरंत उतरकर वीणा के लिए पीछे का दरवाज़ा खोल दिया।

वीणा ने एक सेकंड के लिए उस अंधेरी, विशाल हवेली की ऊपरी मंज़िल की खिड़की की ओर देखा। शीशे के उस पार, मद्धम रोशनी में एक लंबी परछाईं हाथ में ग्लास थामे चुपचाप नीचे की ओर ही देख रही थी। वह विवान था—जो मदद के नाम पर भी सिर्फ अपनी मिल्कियत, अपनी बंदिशें और अपना पहरा उस पर थोप रहा था।

वीणा ने नफ़रत और लाचारी के मिले-जुले अहसास के साथ अपनी आँखें फेर लीं और चुपचाप गाड़ी की पिछली सीट पर बैठ गई। गाड़ी का दरवाज़ा एक भारी आवाज़ के साथ बंद हुआ और सेडान तूफानी रात को चीरती हुई अस्पताल की ओर दौड़ पड़ी।

गाड़ी के रुकते ही वीणा ने दरवाज़ा धक्का देकर खोला और सीधे अस्पताल के अंदर दौड़ लगा दी। उसके भीगे कपड़े शरीर से चिपके हुए थे और बालों से पानी की बूंदें टपक रही थीं, लेकिन उसे अपनी कोई सुध नहीं थी। इमरजेंसी वार्ड की तेज़, सफ़ेद रोशनी में उसकी आँखें सिर्फ अपनी माँ को तलाश रही थीं।

आईसीयू के बाहर, ठंडी स्टील की बेंच पर उसकी माँ किसी बेजान मूरत की तरह सुन्न बैठी थीं। उनकी आँखें पथरा चुकी थीं, जैसे रोते-रोते उनके सारे आँसू सूख गए हों।

"माँ!" वीणा की कांपती आवाज़ सुनते ही उन्होंने चौंककर सिर उठाया।

सामने भीगी, बिखरी हुई वीणा को देखते ही जैसे उनका सब्र का बांध टूट गया। वह लड़खड़ाते हुए उठीं और वीणा को अपने सीने से भींचकर दहाड़ मारकर रो पड़ीं।

"वीणा... वीणा मेरा बच्चा!" माँ की हिचकियाँ अस्पताल के उस सन्नाटे को चीर रही थीं, "ईशान... अंदर मेरा ईशान जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। डॉक्टर्स कह रहे हैं कि अगर फ़ौरन सर्जरी नहीं हुई तो वो... वो उसे नहीं बचा पाएंगे। कैसे बचाऊँ मैं अपने बच्चे को? भगवान हमारे साथ ही ऐसा क्यों कर रहा है?"

वीणा ने अपनी माँ के कांपते कंधों को थामा। उसके अपने सीने में खंजर सा उतर रहा था, लेकिन उसने अपने आंसुओं को ज़बरदस्ती पी लिया। उसने अपनी माँ के चेहरे को दोनों हाथों में भरकर बड़े हौसले से कहा, "माँ, आप शांत हो जाओ। प्लीज़ रोना बंद करो। आप कोई टेंशन मत लो... ईशान को कुछ नहीं होगा, हमारा ईशान बिल्कुल ठीक हो जाएगा।"

माँ ने अविश्वास और लाचारी से वीणा के चेहरे की तरफ देखा। उनकी आँखों में वही एक खौफ़नाक सवाल तैर रहा था जिसने उनकी जान हलक में अटका रखी थी।

"कैसे ठीक होगा वीणा? कैसे?" माँ ने रोते हुए अपना सिर पकड़ लिया, "कहाँ से लाएंगे हम पचास लाख रुपये? इस आधी रात को कौन देगा हमें इतनी बड़ी रकम? हमारा तो इस शहर में कोई ऐसा अपना भी नहीं जिससे हाथ फैला सकें... सब खत्म हो गया वीणा, मेरा बेटा मुझसे छिन जाएगा!"

माँ की बेबसी देखकर वीणा का गला रुंध गया। वह कैसे बताती कि उन पचास लाख रुपयों की क्या कीमत चुकाई गई है? वह कैसे कहती कि अपने भाई की सांसें खरीदने के लिए उसने अपनी ही रूह और अपनी पूरी जिंदगी का सौदा कर दिया है?

उसने एक गहरी, भारी सांस ली और अपनी माँ के कांपते हाथों को कसकर पकड़ते हुए आहिस्ता से कहा:

"पैसों का इंतज़ाम हो गया है, माँ। पूरे पचास लाख हॉस्पिटल के अकाउंट में जमा हो चुके हैं।"

माँ के रोने की आवाज़ एक पल के लिए थम गई। उन्होंने फटी आँखों से अपनी बेटी को देखा, जैसे उन्हें अपने कानों पर यकीन न हो रहा हो।

"क्या कहा तूने? पैसे मिल गए?" माँ ने अविश्वास और हैरानी से वीणा का हाथ कसकर पकड़ लिया। उनकी सूजी हुई, लाल आँखों में एक अजीब सा डर तैरने लगा, "किसने दिए इतने पैसे वीणा? इस आधी रात को कौन पचास लाख रुपये दे गया? सच-सच बता, तूने कोई ऐसा-वैसा कदम तो नहीं उठाया?"

वीणा की आँखें एक पल के लिए झुक गईं। उसके ज़हन में विवान का वह खौफ़नाक चेहरा, उसकी ज़हरीली शर्तें और वह लफ़्ज़—'रखैल'—गूँज उठा। उसका गला घुटने लगा, लेकिन उसने अपने चेहरे पर ज़रा भी शिकन नहीं आने दी। उसने अपने चेहरे पर एक झूठी, हौसला देती मुस्कान लाते हुए अपनी माँ के कांपते हाथों को सहलाया।

"माँ, आप गलत मत सोचिए," वीणा ने बहुत संभलकर, स्थिर आवाज़ में कहा, "मुझे एक बहुत बड़ी कंपनी में पर्सनल असिस्टेंट की नौकरी मिल गई है। एक बहुत बड़े बिज़नेसमैन हैं, उन्हें तुरंत एक भरोसेमंद इंसान की ज़रूरत थी। जब उन्हें ईशान के एक्सीडेंट के बारे में पता चला, तो उन्होंने मेरे अगले कुछ सालों के कॉन्ट्रैक्ट और सैलरी के बदले यह अमाउंट एडवांस में मंज़ूर कर दिया है।"

माँ ने अचरज से वीणा को देखा, उनके चेहरे पर अब भी कई सवाल थे, "नौकरी? इतनी बड़ी रकम एडवांस में? लेकिन वीणा..."

"माँ, मैं वो सब आपको बाद में इत्मीनान से बताऊँगी," वीणा ने बात को वहीं काटते हुए माँ का ध्यान भटकाया, "अभी वो सब बात करने का वक्त नहीं है। पहले मुझे डॉक्टर से बात करनी होगी, फॉर्मेलिटीज़ पूरी करनी हैं और ईशान की सर्जरी शुरू करवानी है। आप यहीं बैठिए और भगवान से प्रार्थना कीजिए।"

इतना कहकर वीणा बिना माँ के अगले सवाल का इंतज़ार किए तेजी से डॉक्टर के केबिन की तरफ मुड़ गई।

जैसे ही वह माँ की नज़रों से ओझल हुई, अस्पताल के गलियारे की दीवार का सहारा लेकर वह एक पल के लिए रुक गई। उसकी आँखें छलक आईं। उसने अपने सीने पर हाथ रखा, जहाँ दिल बेतहाशा धड़क रहा था। वह जानती थी कि यह झूठ सिर्फ कुछ घंटों का है; जैसे ही सुबह होगी, उसे इस अस्पताल से सीधे उस हवेली के पिंजरे में लौटना होगा, जहाँ उसका इंतज़ार एक ऐसा मालिक कर रहा था जो उसकी एक-एक सांस का हिसाब लेने वाला था।

उसने तेजी से अपने आँसू पोंछे, गहरी सांस ली और सीधे सर्जन के केबिन का दरवाज़ा खटखटा दिया।

"प्लीज कम इन, वीणा मैम! बैठिए, प्लीज बैठिए।"

डॉक्टर ने अपनी कुर्सी से लगभग खड़े होते हुए बेहद अदब और नरमी से कहा। उनके चेहरे पर वही तनाव था, लेकिन वीणा के लिए उनके बर्ताव में ज़मीन-आसमान का फर्क आ चुका था।

वीणा के कदम केबिन की चौखट पर ही ठिठक गए।

यह वही डॉक्टर थे जो आधे घंटे पहले वीणा की तरफ सीधे मुँह देख भी नहीं रहे थे। जब वीणा उनके आगे हाथ जोड़कर गिड़गिड़ा रही थी कि सर्जरी शुरू कर दीजिए, वह पैसों का इंतज़ाम कर लेगी, तब इसी डॉक्टर ने बिना उसकी तरफ देखे, फाइलों में सर गड़ाए बड़ी बेरुखी से कहा था—'अस्पताल जज़्बातों से नहीं, पैसों और नियमों से चलता है। जब तक पचास लाख का डीडी या ट्रांजेक्शन नहीं दिखेगा, ओटी का दरवाज़ा नहीं खुलेगा। यहाँ तमाशा मत कीजिए।'

और अब? वही डॉक्टर अपनी कुर्सी छोड़ कर उसे 'मैम' कहकर मुखातिब कर रहे थे।

पैसों की खनक और विवान सिंघानिया के रुतबे ने कुछ ही मिनटों में एक लाचार, भीगी हुई लड़की को 'मैम' बना दिया था।

"ईशान... मेरा भाई कैसा है डॉक्टर?" वीणा ने डॉक्टर की उस बनावटी इज़्ज़त को अनदेखा करते हुए सीधे मुद्दे पर बात की।

उसकी आवाज़ में एक बहन की तड़प अब भी वैसी ही थी।

"डोंट वरी मैम, रिलैक्स," डॉक्टर ने पानी का ग्लास वीणा की तरफ बढ़ाते हुए कहा, "मिस्टर विवान का खुद कॉल आ गया था। अमाउंट हमारे सिस्टम में क्रेडिट हो चुका है। शहर के टॉप न्यूरोसर्जन और कार्डियक स्पेशलिस्ट की टीम ओटी में पहुँच चुकी है। सर्जरी की तैयारियाँ पूरी हैं और बस कुछ ही मिनटों में ऑपरेशन शुरू हो रहा है। हमने ईशान को ब्लड भी अरेंज कर दिया है।"

'मिस्टर विवान का खुद कॉल आ गया था...'

यह सुनते ही वीणा के सीने में एक सिहरन दौड़ गई। विवान ने सिर्फ पैसे नहीं भेजे थे, बल्कि अपनी काली छाया से अस्पताल के पूरे सिस्टम को हिलाकर रख दिया था। वह दूर बैठकर भी इस बात की निगरानी कर रहा था कि उसका 'सौदा' पूरी तरह सुरक्षित रहे।

"थैंक यू डॉक्टर... बस मेरे भाई को बचा लीजिए," वीणा ने कांपते हाथों से कंसेंट फॉर्म पर दस्तखत किए।

"आप बिल्कुल बेफिक्र रहिए मैम, जब विवान सर खुद इन्वॉल्व हैं, तो बेस्ट से बेस्ट केयर ही मिलेगी," डॉक्टर ने मुस्कुराते हुए फॉर्म अपने हाथ में लिया और फौरन ओटी की तरफ बढ़ गए।

वीणा केबिन में अकेली रह गई। उसने अपनी बंद मुट्ठी को देखा। दुनिया के लिए वह उस रसूखदार विवान की खास 'मैम' बन चुकी थी, पर हकीकत में वह जानती थी कि वह सिर्फ पचास लाख में खरीदी गई एक बंधक थी।

पूरी रात अस्पताल के उस ठंडे गलियारे में एक-एक पल सदियों की तरह बीता था। वीणा अपनी माँ का हाथ थामे बिना पलक झपकाए ऑपरेशन थिएटर के बाहर जलती लाल बत्ती को ही देखती रही थी।

सुबह के लगभग सात बज चुके थे। खिड़कियों से सुबह की धुंधली सी रोशनी अंदर झांकने लगी थी, तभी अचानक ओटी का भारी दरवाज़ा खुला और लाल बत्ती बुझ गई।

डॉक्टर्स और नर्सों की बाकी टीम थके हुए चेहरों के साथ एक-एक करके बाहर निकलने लगी।

वीणा बेंच से झटके से उठी और लगभग दौड़ते हुए मुख्य सर्जन के सामने जाकर खड़ी हो गई। उसकी साँसें अटकी हुई थीं, होंठ सूखे थे और आँखों में उम्मीद और दहशत का तूफान था।

"डॉक्टर... डॉक्टर, मेरा भाई अब कैसा है? ऑपरेशन सक्सेस हुआ?" वीणा की कांपती आवाज़ में पूरी रात का जमा हुआ दर्द छलक पड़ा। पीछे से उसकी माँ भी हाथ जोड़े, डबडबाई आँखों से डॉक्टर के चेहरे को तकने लगीं।

डॉक्टर ने अपने चेहरे से सर्जिकल मास्क हटाया। रात भर की लंबी और पेचीदा सर्जरी के बाद उनके चेहरे पर थकान ज़रूर थी, लेकिन साथ ही एक राहत भरी मुस्कान भी थी।

"रिलैक्स, वीणा मैम," डॉक्टर ने बेहद सुकून देने वाले लहजे में कहा, "ऑपरेशन पूरी तरह सक्सेसफुल रहा है। अंदरूनी ब्लीडिंग को हमने रोक दिया है और सिर की चोट पर भी सही वक्त पर टांके लग गए। अगर सर्जरी में आधा घंटा भी देर हो जाती, तो कुछ भी हो सकता था... लेकिन अब आपका भाई आउट ऑफ डेंजर है।"

'आउट ऑफ डेंजर...'

ये लफ़्ज़ सुनते ही माँ वहीं घुटनों के बल फर्श पर बैठ गईं और दोनों हाथ ऊपर उठाकर भगवान का शुक्रिया अदा करने लगीं। उनके आंसुओं में अब खौफ़ नहीं, बेइंतहा राहत थी।

वीणा की आँखों से भी आंसुओं की दो मोटी बूंदें गालों पर ढुलक गईं। उसने अपनी आँखें बंद कर लीं और एक गहरी साँस ली। उसका भाई बच गया था। उसका ईशान अब ज़िंदा था।

"हम उसे अगले दो घंटों में स्पेशल आईसीयू में शिफ्ट कर रहे हैं," डॉक्टर ने आगे जोड़ते हुए कहा, "दोपहर तक उसे होश आ जाएगा, तब आप उससे मिल सकती हैं।"

"थैंक यू सो मच डॉक्टर... थैंक यू," वीणा ने हाथ जोड़कर कहा।

डॉक्टर मुस्कुराए और आगे बढ़ गए। माँ उठकर वीणा को गले लगाकर रोने लगीं, "वीणा... मेरा ईशान बच गया! तूने मेरे बच्चे को बचा लिया!"

वीणा ने माँ को सीने से लगा लिया, पर उसका ध्यान अचानक गलियारे की खिड़की की तरफ चला गया। बाहर सूरज की पहली किरणें बादलों को चीरती हुई ज़मीन पर उतर रही थीं।

सुबह के सात बज चुके थे।

सूरज की वही धूप, जिसकी शर्त विवान ने रखी थी—'कल सुबह की धूप निकलने से पहले, इस हवेली में मेरी कैदी बनकर लौटना होगा... याद रखना वीणा, अगर तुम नहीं आईं तो इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा।'

वीणा के हाथ माँ की पीठ पर ही जम गए। अस्पताल के रिसेप्शन के बाहर, पार्किंग में वही विवान की काली कार अब भी खड़ी थी और उसका ड्राइवर वीणा के बाहर आने का इंतज़ार कर रहा था।

भाई की ज़िंदगी की जंग तो खत्म हो गई थी, लेकिन वीणा की अपनी बर्बादी का वक्त अब शुरू हो चुका था।

100%