modern day vaidya - Chapter 2
उस आदमी की साँसें उखड़ रही थीं।
ऋषभ ने बस एक नज़र उस तरफ देखा, और भीतर सब कुछ जैसे सिमटकर रह गया। आदमी की आँखें पलट रही थीं, और होंठ नीले पड़ने लगे थे। वहीं घुटनों पर बैठी बेटी हाथ जोड़कर रो रही थी, "कोई मदद करो... कोई डॉक्टर है यहाँ?"
इस बीच प्रतिभा देवी की उँगलियाँ ऋषभ की कलाई को ज़ोर से जकड़े हुए थीं। तभी उसके दिमाग में एक बहाना कौंधा। उसने तुरंत अपनी दोनों जेबें टटोलीं, और फिर हाथों में लटके थैलों के बीच झाँकते हुए माथे पर हाथ मारा।
"अरे... फोन नहीं मिल रहा मेरा।"
प्रतिभा देवी की पकड़ ढीली पड़ी। "क्या?"
"फोन शायद उसी दुकान पर छूट गया, जहाँ आपने कुर्ती पसंद की थी।"
प्रतिभा देवी ने शक भरी नज़रों से उसे घूरते हुए कहा, "अभी तो हाथ में लिए घूम रहे थे, अचानक कैसे गायब हो गया?"
"पता नहीं," ऋषभ ने कंधे उचकाकर बात को टालने की कोशिश की; "शायद काउंटर पर ही छूट गया। आप गाड़ी में बैठिए, मैं अभी लेकर आता हूँ।"
"गाड़ी में बैठूँ?" प्रतिभा देवी की आवाज़ तीखी हो गई। "यहाँ यह सब नाटक चल रहा है और तुम्हें अपने फोन की पड़ी है? हमेशा की यही बेवकूफी है तुम्हारी; एक चीज़ ठीक से संभाल नहीं पाते तुम!"
"माँजी," ऋषभ ने बात काटते हुए थोड़ा ज़ोर देकर कहा, "इशिता के ऑफिस की ज़रूरी फाइलें हैं उसमें। आप प्लीज़ गाड़ी में जाकर बैठिए, मैं बस पाँच मिनट में आया।"
"पाँच मिनट..."
"हाँ, सिर्फ पाँच मिनट।" इतना कहकर उसने अपना हाथ छुड़ाया और सारे थैले उनकी तरफ बढ़ा दिए, "गाड़ी में एसी चल रहा होगा, आप आराम से बैठिए।"
प्रतिभा देवी ने भारी मन से मुँह बनाकर सारे थैले थामे। उनकी उँगलियों पर प्लास्टिक की थैलियों के लाल निशान पहले से उभरे हुए थे। उन्होंने तमाशबीन भीड़ पर एक हिकारत भरी नज़र डाली, जो ज़मीन पर छटपटाते आदमी की मदद करने के बजाय सिर्फ अपने फोन ताने वीडियो बना रही थी। उनके चेहरे पर साफ़ चिढ़ और घिन्न दिखाई दे रही थी। "ये लोग भी न..." उन्होंने नाक सिकोड़ी, "सड़क चलते तमाशों में वक्त ज़ाया करना कोई इनसे सीखे। हमें क्या मतलब इन सबसे, पराए झमेलों में टांग अड़ाने वालों की अपनी ज़िंदगी कभी संवरती नहीं।" "जी बिल्कुल, आपकी बात सौ आने सही है," ऋषभ ने नज़रें झुकाकर हामी भरी, ताकि उसकी आँखों की बेचैनी बाहर न छलके। प्रतिभा देवी मुड़ीं और अपनी भारी चाल से पार्किंग की तरफ कदम बढ़ा दिए। फिर दो कदम चलकर, बिना पीछे मुड़े तीखे लहजे में बोलीं, "जल्दी आना, और अगर फोन नहीं मिला तो आने की ज़रूरत नहीं है। घर का दरवाज़ा बंद मिलेगा फिर।"
उनके भीड़ में ओझल होते ही ऋषभ ने राहत की गहरी साँस ली, पर वह सुकून महज़ एक पल का था। मुड़कर देखा तो आदमी ज़मीन पर बेसुध पड़ा था; बेटी बेबसी से उसका हाथ पकड़े बैठी थी, जैसे हाथ छूटते ही साँसें थम जाएँगी। आस-पास खड़े लोग लगातार कैमरे चमका रहे थे।
ऋषभ ने उन स्क्रीनों को देखा; असली इम्तिहान अब शुरू होना था।प्रतिभा देवी की पीठ भीड़ में ओझल होते ही ऋषभ का हाथ सीधे जेब में चला गया। उँगलियों ने रूमाल को छुआ और उसने बिना एक पल गँवाए उसे बाहर निकाल लिया। हर सेकंड कीमती था। उसने रूमाल को तेज़ी से अपने मुँह और नाक पर लपेटकर कस लिया, जिससे सिर्फ उसकी आँखें ही बाहर दिख रही थीं। हाथ थोड़े काँप रहे थे, पर उसने परवाह नहीं की। चारों तरफ कैमरे थे, बेकाबू भीड़ थी, और दर्पणा की सख्त चेतावनी भी दिमाग में उबल रही थी; लेकिन इन सबके बीच उस बेबस लड़की की चीख सबसे तेज़ थी।
"कोई है? कोई डॉक्टर है यहाँ...?"
ऋषभ सीधे आगे बढ़ा।
भीड़ में अचानक खुसर-पुसर शुरू हो गई। पसीने और परफ्यूम की मिली-जुली गंध के बीच लोगों के कदम पीछे हटे। किसी ने ताकते हुए कहा, "अरे, यह कौन है? मुँह क्यों छुपा रखा है इसने?" किसी दूसरे ने अपना फोन उस तरफ घुमा दिया। गिरे हुए आदमी पर टिके दो-तीन कैमरे फौरन ऋषभ के चेहरे पर आ जमे। एक औरत ने अपने साथ खड़े लड़के को कोहनी मारकर फुसफुसाते हुए इशारा किया, "अरे देख, कोई नौसिखिया लगता है, कहीं लेने के देने न पड़ जाएँ।" ऋषभ ने किसी की तरफ नज़र नहीं घुमाई। उसके कानों में सिर्फ उस मरते हुए इंसान की घुरघुराती साँसों की आवाज़ गूँज रही थी। वह भीड़ के घेरे को चीरता हुआ आगे बढ़ा और उस अचेत आदमी के पास घुटनों के बल बैठ गया। मॉल का संगमरमरी फर्श बर्फ की सिल्ली जैसा ठंडा था, जो सीधे उसके घुटनों में चुभ रहा था। आदमी का चेहरा पूरी तरह पीला पड़ चुका था, त्वचा पर चिपचिपा ठंडा पसीना था और होंठ स्याह नीले पड़ रहे थे। उस बेबस लड़की ने ऋषभ को देखा, तो उसकी काँपती साँसें एक पल के लिए ठहर गईं। उसकी आँखें आंसुओं से धुंधलाई हुई थीं। "क्या... आप डॉक्टर हैं? पिताजी को बचा लीजिए..." उसने दोनों हाथ जोड़कर रोते हुए पूछा। "हाथ हटाइए, इन्हें हवा आने दीजिए," ऋषभ ने बेहद सपाट, सधे हुए स्वर में कहा।
लड़की ने तुरंत आदमी की कलाई छोड़ दी। ऋषभ ने अपनी दो उँगलियाँ उसकी नस पर रखीं और आँखें बंद कर लीं।
नाड़ी।
कहाँ थी?
उसने पूरा ध्यान उसी जगह टिका दिया। आसपास लोगों का भारी शोर था, किसी बच्चे के रोने की आवाज़ थी, और पास ही किसी के फोन की घंटी भी बज रही थी, पर उसने दिमाग से वह सब हटा दिया।
तभी उँगलियों के नीचे एक बेहद धीमी, कमज़ोर हरकत महसूस हुई। वह किसी धागे जैसी नाज़ुक थी, जो बस टूटने की कगार पर था। दो धड़कनों के बीच इतना लंबा फासला था कि किसी का भी दम घुट जाए।
बहुत देर हो चुकी थी।
ऋषभ की भवें भिंच गईं और माथे की नसें तन गईं। यह जीवित इंसान की नाड़ी नहीं, बल्कि **** छोड़ती हुई रूह की आखिरी काँपती परछाईं थी। उस आदमी का बदन भीतर ही भीतर मौत से लड़ रहा था, पर हर बीतते सेकंड के साथ उसकी प्रतिरोधक शक्ति जवाब दे रही थी। नसों का खिंचाव ढीला पड़ रहा था। उसे तुरंत कुछ करना था, वरना अगले साठ सेकंड में सब खत्म हो जाता।
ऋषभ ने गहरी साँस भरी। चेहरे पर रूमाल था, सामने कैमरे थे, और उँगलियों के नीचे टूटती हुई एक ज़िंदगी थी।
अगले ही पल उसकी उँगलियाँ सटीक बिंदु पर पहुँचीं। ठीक वही जगह, जो दादाजी ने सबसे पहले सिखाई थी। भीतर दर्पणा की सख़्त चेतावनी गूँज रही थी, पर उसके हाथ नहीं रुके। उसने दबाव बनाया। बहुत हल्के से, पूरी तरह सधे हुए हाथ से दबाया, लेकिन पहले पल कुछ भी नहीं हुआ।
ऋषभ की साँसें वहीं अटक गईं। उसने थोड़ा और दबाव बढ़ाते हुए उँगलियों का कोण बदला, और आँखें बंद करके अपना सारा ध्यान बस उसी एक नस पर टिका दिया। उसके लिए आसपास का सारा शोर और भीड़ एकदम गायब हो चुकी थी; सामने केवल वह बिंदु था और उसके नीचे फँसी हुई एक ज़िंदगी।
तभी उस आदमी की छाती ज़ोर से हिली और उसने एक लंबी, काँपती हुई साँस अंदर खींची। धीरे-धीरे, जैसे बंद पड़ा कोई भारी इंजन बड़ी मशक्कत के बाद स्टार्ट हो रहा हो, उसने एक और साँस ली। उसकी बंद पलकें फड़कने लगीं। यह देखते ही ऋषभ ने तुरंत अपनी उँगलियाँ पीछे खींच लीं।
लड़की की आँखें अपने पिता के चेहरे पर ही जमी थीं। उसने देखा कि होंठों का नीलापन छँट रहा था और चेहरे पर खून की लाली लौट रही थी। उसके मुँह से रोने और हँसने की मिली-जुली आवाज़ फूटी, और वह तुरंत ऋषभ के कदमों में गिर पड़ी।
"आपने... सच में बचा लिया इन्हें..." वह रुंधे गले से बोली।
ऋषभ ने पीछे हटने की कोशिश की, पर उसने उसके पैर थाम रखे थे। तभी तमाशबीनों के बीच से किसी की फुसफुसाहट उभरी, "क्या यह वही है? वही गुप्त हीलर?"
ऋषभ के कान खड़े हो गए।
"हाँ भाई, देखा तुमने? बिना छुए ही ठीक कर दिया क्या?"
"अरे फोटो लो, जल्दी करो!"
तीन से पाँच कैमरे तुरंत उसकी ओर तन गए। ऋषभ ने नज़ाकत से लड़की का हाथ अपने पैर से छुड़ाया और तेज़ी से उठ खड़ा हुआ। लोग भारी उत्सुकता में उसकी तरफ लपक रहे थे, मानो कोई अजूबा हाथ लग गया हो। एक लड़के ने तो सीधे उसके चेहरे के सामने मोबाइल अड़ा दिया।
ऋषभ बिना रुके तेज़ी से मुड़ा। उसे यहाँ एक पल भी नहीं ठहरना था। भीड़ बहुत घनी थी, मगर उसने अपने कंधों से धक्का देकर रास्ता बनाया। पीछे से लोग चिल्लाते रहे, "अरे सुनिए तो!", "भाई साहब, एक मिनट!", लेकिन उसने मुड़कर नहीं देखा। शुक्र था कि चेहरे पर बंधा रूमाल अभी भी टिका था।
मॉल का मुख्य निकास द्वार दिखते ही उसने अपनी रफ़्तार बढ़ा दी। बाहर निकलते ही कड़ी धूप और शहर का भारी शोर एक साथ उस पर झपटे। पार्किंग में गाड़ियों की लंबी कतारें लगी थीं। उसने चेहरे का रूमाल हटाया और अपनी गाड़ी की तरफ तेज़ डग भरने लगा।
अचानक उसे लगा कि कोई उसे घूर रहा है। उसने चौंककर नज़रें उठाईं।
सामने खड़ी गाड़ी की बंद खिड़की के शीशे के पीछे प्रतिभा देवी बैठी थीं, और उनकी तीखी नज़रें सीधे ऋषभ के चेहरे पर ही गड़ी हुई थीं।
प्रतिभा देवी गुस्से में बोली “तुम्हारा मोबाईल मिला या नहीं?”
ऋषभ ने खुद को सामान्य करते हुए कहा -"मिल गया मां जी, अब चलिए घर चलते हैं।" इसके बाद वो दोनों वहां से घर की ओर निकल पड़े।
शाम ढलने लगी थी और सरकारी अस्पताल के आउटपेशेंट विभाग के गलियारे में ट्यूबलाइट की पीली रोशनी गंदी दीवारों पर फैल रही थी; बाहर से आती भीड़ का शोर अंदर की दबी-दबी कराहों में घुलकर अजीब बेचैनी पैदा कर रहा था।
तभी गलियारे के मोड़ से एक गंजा आदमी भीतर दाखिल हुआ। उसके जूतों की भारी आवाज़ सन्नाटे को चीरती हुई साफ़ सुनाई दे रही थी। सफेद कमीज़ पर बंद गले का गहरा कोट पहने वह धीमे मगर नपे-तुले, सधे कदमों से आगे बढ़ रहा था। उसके दोनों हाथ हमेशा की तरह पीठ के पीछे बंधे थे, जिससे उसका सीना तना हुआ दिख रहा था। सिर की चिकनी त्वचा पर ट्यूबलाइट की रोशनी चमक रही थी। उसकी तीखी, भावहीन आँखें कोने-कोने को इस तरह तौल रही थीं जैसे दीवारों की सीलन से लेकर फर्श की धूल तक का हिसाब मांग रही हों। उसे देखते ही काउंटर पर मौजूद स्टाफ का आलस हवा हो गया और वे एकदम सतर्क होकर रीढ़ सीधी करके खड़े हो गए। नर्स ने हड़बड़ाहट में अधखुली फ़ाइल मेज़ पर पटकी, वहीं बरामदे में पान की पीक थूककर बेकार टहल रहा वार्ड बॉय अचानक स्ट्रेचर को पोंछने का नाटक करने लगा। वह गंजा अधिकारी किसी से एक लफ़्ज़ नहीं बोला, बस सबकी घबराई हरकतों को गहरी, ठंडी खामोशी से देखता रहा।
आउटपेशेंट कक्ष के पास पहुँचते ही उसके कदम ठिठक गए।
काउंटर के ठीक सामने फटे जूते और मैले कपड़े पहने एक दुबला-पतला आदमी हाथ जोड़े खड़ा था, जो लगभग गिड़गिड़ाने के अंदाज़ में झुक रहा था।
"साहब, क्या आप बस एक बार डॉक्टर साहब को नहीं दिखा सकते? अंदर मेरी माँ पड़ी है और उसे तीन दिन से बहुत तेज़ बुखार है! क्या थोड़ा तरस नहीं खाएंगे? पैसे अभी जेब में नहीं हैं, पर मैं पाई-पाई चुका दूँगा, भगवान की कसम खाता हूँ साहब!"
काउंटर पर बैठे क्लर्क ने चिढ़कर मुँह बिचकाया। "पैसे नहीं हैं तो फिर यहाँ खड़े क्या कर रहे हो? क्या यह तुम्हें कोई मुफ़्त की धर्मशाला दिखती है?"
"साहब, बस एक - "
"हटो यहाँ से!" स्टाफ ने बिना सुने हाथ मारकर उसे पीछे धकेल दिया।
उस झटके से वह आदमी लड़खड़ाया, लेकिन दीवार का सहारा लेकर वह तुरंत फिर आगे बढ़ा। "मेरी बात तो सुनिए साहब, क्या एक बार भी - "
"बोला ना, रास्ता छोड़ो! क्या समझ नहीं आता? पैसे नहीं हैं तो सीधे बाहर निकलो; दूसरों का वक्त क्यों बर्बाद कर रहे हो?"
गंजा अधिकारी वहीं खड़ा यह तमाशा देखता रहा; उसके चेहरे पर हमदर्दी का कोई भाव नहीं उभरा, बस एक ठंडी और बेपरवाह नज़र उस गरीब पर टिकी रही।
आँखों में आँसू भरकर उस लाचार आदमी ने दोबारा हाथ फैलाए, "घर में मेरा एक छोटा बेटा भी है साहब, क्या वह अपनी दादी के बिना जी पाएगा? क्या आप लोग - "
"दफ़ा हो जाओ!" क्लर्क ने इस बार और ज़ोर से धक्का दे दिया।
वह ज़मीन पर गिरते-गिरते बचा, पर गंजे अधिकारी ने पीठ पर बंधे हाथ खोले बिना केवल एक गहरी साँस ली और मुँह बंद रखा। पूरे गलियारे में भारी सन्नाटा पसर गया।
तभी उस गंजे आदमी ने सपाट लहजे में कहा "ये सब यहां क्या लगा रखा है?"
आखिर यह कौन था?