Chapter 2- 🧞 नीली आग का क़हर और जिन्नों का अटूट क़रार 🧞
ज़ायन ने अपना सिर झुकाकर दादा हुज़ूर का फ़रमान स्वीकार किया। "जैसा आपका हुक्म, दादा हुज़ूर।"
अगले ही पल, ज़ायन ने अपनी पलकें झपकाईं। उसने अपनी टेलीपोर्टेशन और छाया शक्ति का इस्तेमाल किया। कमरे में काली और नीली ज्वालाओं का एक छोटा सा भंवर उठा, और पलक झपकते ही ज़ारक़ान का सबसे शक्तिशाली राजकुमार ज़ोया के घर के उस बंद कमरे में प्रकट हो गया, जहाँ मौलवी इब्राहिम आंखें बंद किए बैठे थे।
अब आगे......
कमरे में नीली ज्वालाओं का वह भयानक और रहस्यमयी भंवर जैसे ही शांत हुआ, मौलवी इब्राहिम ने धीरे-धीरे अपनी बंद आँखें खोलीं। सामने का नज़ारा देखकर अनुभवी और रूहानी इल्म के जानकार मौलवी इब्राहिम भी हैरत से दंग रह गए। जिस कमरे में कुछ पल पहले तक दमघोंटू अंधेरा, जली हुई गंध और खौफनाक सन्नाटा पसरा हुआ था, वहाँ अब एक अलौकिक, बर्फीली और शाही चमक फैली हुई थी। कमरे की हवा में एक अजीब सी भारीपन और शाही रौब घुल चुका था, जिसे महसूस करते ही कोई भी समझ सकता था कि यहाँ कोई साधारण ताकत नहीं, बल्कि किसी बड़ी सल्तनत का मालिक मौजूद है।
उनके ठीक सामने एक बेहद लंबा, चौड़े कंधों वाला और अद्भुत रूप से आकर्षक युवक खड़ा था। उसके तीखे नैन-नक्श, हल्के बिखरे हुए घने काले बाल और उसकी गहरी, रहस्यमयी आँखों में दहकती नीली रोशनी किसी आम जिन्न की नहीं हो सकती थी। उस युवक के चेहरे के जलाल और पूरे कमरे में फैली उसकी प्रचंड ऊर्जा ने मौलवी इब्राहिम के दिल में एक अनजाना सा ख़ौफ़ और गहरा अदब भर दिया। वे पल भर के लिए तअज्जुब में डूब गए कि दादा हुज़ूर ज़रग़ाम शाहज़ार ने अपनी जगह खुद ज़ारक़ान सल्तनत के सबसे शक्तिशाली वलीअहद—युवराज ज़ायन शाहज़ार—को इंसानों की दुनिया में भेजा है!
मौलवी इब्राहिम ने सम्मान और कृतज्ञता के साथ अपना सिर झुकाया। ज़ायन ने एक नज़र बिस्तर पर दर्द से तड़पती और बेसुध पड़ी ज़ोया को देखा। उस मासूम इंसानी लड़की की बिगड़ती हालत, उसके चेहरे की पीली पड़ चुकी रंगत और कमरे की हवा में फैली शरार-अल-इफ्रीत की गंदी ऊर्जा को महसूस करते ही ज़ायन का पारा चढ़ गया। उसकी आँखें गुस्से से गहरी नीली हो गईं और उसने धीमी, लेकिन रोंगटे खड़े कर देने वाली खौफनाक आवाज़ में कहा—"एक इफ्रीत की इतनी जुर्रत कि वह इंसानों की दुनिया में आकर अपनी हदें पार करे... आज उसका खात्मा तय है।"
ज़ायन शाहज़ार के प्रकट होते ही कमरे का पूरा माहौल बदल चुका था। शरार-अल-इफ्रीत की काली और मायावी ऊर्जा अब ज़ायन की नीली और बर्फीली शाही शक्ति के आगे बेबस होकर सिमटने लगी थी। ज़ायन ने अपनी गहरी आँखें बंद कीं और अपनी दुर्लभ मानसिक शक्ति (Mental Power) से पूरे घर और आसपास के वातावरण के हर कोने को टटोला। उसकी चेतना हवा की तरंगों के साथ कमरे के हर हिस्से में फैल गई। अगले ही पल उसकी आँखें खुलीं, जिनमें नीली ज्वालाएं धधक रही थीं। उसने कमरे के सबसे अंधेरे कोने की तरफ देखते हुए ललकारा—
बाहर आ जाओ, शरार! एक कमजोर इंसान के पीछे छिपकर वार करना इफ्रीत कबीले की कायरता दिखाता है। अगर ज़रा सी भी हिम्मत बाकी है, तो ज़ारक़ान के युवराज के सामने आओ!"
ज़ायन की आवाज़ इतनी भारी, रौबदार और गूंजदार थी कि बंद कमरे की खिड़कियों के शीशे तक थर्रा उठे और दीवारों पर टंगी तस्वीरें हिलने लगीं।
ज़ायन की यह ललकार सुनते ही कमरे के उस अंधेरे कोने से लाल और काले धुएं का एक भयानक बवंडर उठा। हवा में जलती हुई गंध अचानक तेज़ हो गई और उस धुएं के बीच से शरार-अल-इफ्रीत अपने असली, खौफनाक रूप में प्रकट हुआ। उसकी लाल आँखों में गुस्सा और अपमान साफ झलक रहा था, लेकिन जैसे ही उसकी नज़रें सामने खड़े ज़ायन पर पड़ीं, उसके चेहरे का रंग पल भर में उड़ गया। उसके चेहरे की शातिर मुस्कान गायब हो गई और उसकी जगह गहरी घबराहट ने ले ली।
शरार को उम्मीद थी कि मौलवी की पुकार पर कोई बुजुर्ग या साधारण दर्जे का जिन्न आएगा, जिसे वह अपनी चालाकी और काले जादू से आसानी से हरा देगा। लेकिन यहाँ तो खुद शाही मारिद वंश का युवराज ज़ायन शाहज़ार खड़ा था—वह अजेय और 2,500 साल पुराना जिन्न, जिसके नाम भर से पूरी ज़ारक़ान सल्तनत ओर जिन जात कांपती है।
"ज़ायन शाहज़ार..." शरार के मुंह से धीमी, घबराई हुई आवाज़ निकली। उसकी आवाज़ का खौफ साफ सुना जा सकता था। "तुम... तुम इस मामूली इंसान के लिए यहाँ इंसानों की दुनिया में आए हो?"
"यह इंसान शाहज़ार वंश की पनाह में है," ज़ायन ने शांत लेकिन बेहद खतरनाक लहजे में जवाब दिया। उसने अपने दोनों हाथ हवा में फैलाए, और देखते ही देखते उसकी हथेलियों पर नीली और काली आग की लपटें नाचने लगीं, जिनसे निकलने वाली रोशनी ने पूरे कमरे को रोशन कर दिया। "और तुमने हमारी दुनिया के सबसे पवित्र नियम तोड़े हैं, शरार! एक बेगुनाह इंसान को अपनी **** और काले जादू का शिकार बनाकर तुमने ज़ारक़ान के कानून को चुनौती दी है। आज तुम्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।"
शरार भली-भांति जानता था कि वह ताकत में ज़ायन का मुकाबला कभी नहीं कर सकता। ज़ायन के पास वह दुर्लभ और विनाशकारी शक्ति 'आज़ार-ए-क़हर' थी, जो पाँच हज़ार वर्षों बाद किसी जिन्न में प्रकट हुई थी। लेकिन बिना लड़े हार मान लेना इफ्रीत कबीले के खून में नहीं था। शरार ने अपनी चालाकी आज़माने की सोची। उसने पलक झपकते ही अपने दोनों हाथों से लाल आग के तेज़ खंजर बनाए और बिजली की रफ़्तार से ज़ायन पर हमला कर दिया, ताकि वह ज़ायन का ध्यान भटका कर वहाँ से भाग सके।
लेकिन दो दुनियाओं के बादशाह के सामने यह हमला किसी बच्चे के खेल जैसा था। ज़ायन अपनी जगह से एक इंच भी नहीं हिला। उसने बस अपनी दो उंगलियां हवा में घुमाईं। पलक झपकते ही उसके सामने नीली आग की एक अभेद्य और चमकदार दीवार खड़ी हो गई, जिसने शरार के लाल खंजरों को छूते ही राख में बदल दिया। इससे पहले कि शरार संभल पाता या भागने की कोई दूसरी चाल चल पाता, ज़ायन ने अपनी छाया शक्ति (Shadow Power) का इस्तेमाल किया। कमरे की सारी परछाइयां अचानक ज़िंदा हो गईं और काले सांपों की तरह ज़मीन पर रेंगती हुई शरार की तरफ बढ़ीं। देखते ही देखते उन परछाइयों ने लोहे की मज़बूत जंजीरों की तरह शरार के पूरे शरीर को जकड़ लिया। शरार ने अपनी पूरी ताकत लगाकर उन जंजीरों को तोड़ना चाहा, वह गुस्से से गुर्राया, लेकिन वह अपनी जगह से हिल तक न सका।
ज़ायन ने अपनी उंगली से एक हल्का सा झटका दिया और शरार हवा में किसी सूखे पत्ते की तरह उड़ता हुआ सामने की दीवार से जा टकराया। ज़ायन की नीली ज्वाला की एक ही लहर ने शरार के शरीर को बुरी तरह झुलसा दिया। असहनीय दर्द से कराहता हुआ शरार ज़मीन पर घुटनों के बल गिर पड़ा। उसके शरीर से काला धुआं निकलने लगा था और उसकी शक्तियां तेज़ी से कमज़ोर पड़ रही थीं। उसे यकीन हो गया कि अगर यह लड़ाई एक पल भी और चली, तो ज़ायन की नीली आग उसका वजूद हमेशा के लिए मिटा देगी।
अपनी जान बचाने के लिए चालाक शरार ने तुरंत घुटने टेक दिए और हार मान ली। "रुक जाओ, युवराज ज़ायन! मैं अपनी हार स्वीकार करता हूँ! मुझे बख्श दो!"
ज़ायन रुका, लेकिन उसकी आँखों में जलता नीला गुस्सा अभी भी कम नहीं हुआ था। वह अपनी शाही चाल से धीरे-धीरे कदम बढ़ाता हुआ ज़मीन पर पड़े शरार के करीब आया। "तुम्हें क्या लगता है, शरार? मैं तुम्हें यूँ ही जाने दूंगा, ताकि तुम कल फिर वापस आकर इस मासूम लड़की को नुकसान पहुंचा सको?"
जिन्नों की दुनिया का एक सबसे बड़ा, प्राचीन और अटूट नियम था—जिन्न चाहे कितना भी बुरा, क्रूर या शैतान क्यों न हो, लेकिन जब वह एक बार कोई क़सम, वादा या क़रार (Pact) कर लेता है, तो वह उसे सदियों तक निभाता है। जिन्नों के खून में वादाख़िलाफ़ी की कोई जगह नहीं होती, क्योंकि क़सम तोड़ने वाले जिन्न की शक्तियां खुद-ब-खुद भस्म हो जाती हैं और वह एक दर्दनाक मौत मरता है।
शरार ने ज़मीन पर झुककर अपने सीने पर हाथ रखा और जिन्नों की सबसे पवित्र और प्राचीन भाषा में क़रार किया—
"मैं, शरार-अल-इफ्रीत, अपनी आग, अपनी शक्तियों और अपने पूरे कबीले की क़सम खाकर तुमसे और इस नेक मौलवी से यह अटूट क़रार करता हूँ कि आज के बाद मैं न कभी इस लड़की (ज़ोया) के करीब आऊंगा, न इस परिवार को कोई नुकसान पहुंचाऊंगा, और न ही कभी इस शहर की सीमा में कदम रखूंगा। यह मेरा अंतिम वचन है, युवराज!"
मौलवी इब्राहिम ने यह सुनकर राहत की एक गहरी सांस ली। वे जिन्नों के इस अटूट उसूल से अच्छी तरह वाकिफ थे कि अब शरार सदियों तक इस घर की तरफ आंख उठाकर भी नहीं देखेगा।
ज़ायन ने गंभीर और तीखी निगाहों से शरार को देखा और चेतावनी दी—"याद रखना शरार, अगर तुमने इस क़रार के आसपास भी भटकने की कोशिश की, तो किसी भी जिन्न जात की दुनिया में तुम्हें बचाने वाला कोई नहीं होगा। अब दफ़ा हो जाओ मेरी नज़रों के सामने से!"
क़रार पूरा होते ही शरार काले धुएं के गुबार में बदला और पलक झपकते ही खिड़की के रास्ते वहाँ से गायब हो गया।
कमरे में अब पूरी तरह शांति थी। ज़ायन ने बिस्तर की तरफ रुख किया और अपनी उंगलियों से एक हल्की सी चुटकी बजाई। नीली रोशनी की एक बेहद नरम और शीतल लहर बिस्तर पर सोई ज़ोया के ऊपर से गुज़री, जिससे उसके शरीर का सारा दर्द और शरार के काले जादू का हर निशान तुरंत खत्म हो गया। ज़ोया के चेहरे पर सुकून लौट आया और वह अब एक गहरी, शांत नींद सो रही थी।
मौलवी इब्राहिम ने ज़ायन के सामने अदब से सिर झुकाकर शुक्रिया अदा किया—"आपका बहुत-बहुत शुक्रिया, युवराज। शाहज़ार वंश ने आज फिर अपना सदियों पुराना वचन निभाया।"
ज़ायन ने हल्का सा सिर झुकाया। मौलवी इब्राहिम ज़ोया के माता-पिता को तसल्ली देने के लिए कमरे से बाहर निकल गए। ओर ज़ायन थोड़ी दे रुककर हिफाज़त का गेरा बना कर वह भी अपनी दुनिया ज़ारक़ान वापस चला जाता कि अचानक... उसकी तेज़ मानसिक शक्ति ने इस घर की हवा में एक बेहद अनोखी, पवित्र और जादुई खुशबू महसूस की—एक ऐसी मासूम खुशबू जो न किसी आम इंसान की थी, और न ही किसी जिन्न की।
ज़ायन के कदम वहीं ठिठक गए... मानो किसी अनजानी डोर ने दो दुनियाओं के बादशाह को इस घर में रोक लिया हो।
इधर मौलवी इब्राहिम ने ज़ोया के माता-पिता को पूरा यकीन दिला दिया था कि अब खतरे के काले बादल छंट चुके हैं, और वे दुआएं पढ़ते हुए वहाँ से रुखसत हो गए थे। लेकिन जाने से पहले उन्होंने हिदायत दी थी कि अगले आधे घंटे तक कोई भी ज़ोया के कमरे में न जाए, क्योंकि अंदर ज़ोया पर रूहानी असर का आखिरी काम चल रहा है। ज़ोया के माता-पिता को नहीं पता था कि उस बंद कमरे के अंदर कोई इंसान नहीं, बल्कि जिन्नों की सल्तनत का सबसे शक्तिशाली शहज़ादा—ज़ायन शाहज़ार—मौजूद है।
कमरे के अंदर ज़ायन ने ज़ोया के चारों ओर नीली ऊर्जा का एक सुरक्षा कवच बना दिया था। अब उसका काम पूरा हो चुका था। ज़ायन वापस अपनी दुनिया, ज़ारक़ान लौटने के लिए मुड़ा ही था कि अचानक उसके कदम ज़मीन पर ही जम गए।
पिछले 2,500 वर्षों में पहली बार, ज़ायन के दिल में एक अजीब सा सुकून और एक मीठी सी सरगोशी (फुसफुसाहट) गूंजी। हवा में घुली एक बेहद मासूम, पवित्र और अनजानी सी खुशबू ने मानो उस मगरूर राजकुमार के पैरों में बेड़ियां डाल दी थीं। ज़ायन समझ नहीं पा रहा था कि यह कैसा एहसास है, जिसने उसकी शाही रूह को इस साधारण से कमरे में रोक लिया है।
हमारी प्यारी डरपोक महिरा बजाज की एंट्री 🫶
उसी वक्त, नीचे हॉल का मुख्य दरवाज़ा खुला और चार लड़कियां—मुस्कान, निशा, नेहा और हमारी प्यारी सी हीरोइन 💃महिरा बजाज💃 माहिरा बजाज—बेहद डरी, सहमी और परेशान सी हालत में अंदर दाखिल हुईं।
माहिरा बजाज, जो महज़ 22 साल की एक बेहद प्यारी, मासूम और कोमल दिल की लड़की थी। लेकिन उसकी सबसे बड़ी कमज़ोरी यह थी कि वह बहुत ही डरपोक थी। वह एक बेहद खुशहाल और प्यार भरे परिवार से आती थी। उसके पिता रुपेश बजाज एक साधारण बैंक कर्मचारी थे, और उसकी माँ सोफिया बजाज से उनकी लव मैरिज हुई थी—जिसकी वजह से उनके घर में हमेशा प्यार और अपनापन बना रहता था। माहिरा का सबसे बड़ा भाई रायन बजाज एक ट्रैवल एजेंसी चलाता था, जहाँ वह टिकट और यात्रा की बुकिंग का काम संभालता था।
माहिरा को अंधेरे और भूत-प्रेत की बातों से इतना डर लगता था कि घर में भी वह अपनी एक बड़ी बहन नाइरा बजाज और एक छोटी बहन मानवी बजाज—दोनों के बिल्कुल बीच में चिपककर सोती थी। और तो और, उसके डर की वजह से रात भर उसके कमरे की लाइट हमेशा जली रहती थी। आज ज़ोया के साथ हुई इस खौफनाक घटना ने तो मानो माहिरा की जान ही सुखा दी थी, फिर भी अपनी सहेली के प्यार में वह डरते-डरते यहाँ चली आई थी।
हॉल के सोफे पर ज़ोया के माता-पिता (तबस्सुम और उनके पति) चिंता में डूबे बैठे थे। चारों सहेलियां तेज़ी से उनके पास पहुंचीं। उनमें से एक ने शिकायत भरे और रुआंसे स्वर में कहा—"आंटी, ज़ोया कैसी है? हमें तो आपने इतना बेगाना बना दिया कि कुछ भी नहीं बताया!"
तभी माहिरा बजाज आगे बढ़ी। उसकी बड़ी-बड़ी झील सी गहरी आँखों में आँसू तैर रहे थे। वह रोते हुए बोली—"सॉरी आंटी... यह सब मेरी वजह से हुआ है। अगर उस दिन मैं ज़ोया को उस वीरान खंडहर में जाने से रोक लेती, तो आज यह सब न होता!"
ज़ोया की माँ तबस्सुम ने प्यार से माहिरा के सिर पर हाथ फेरा और उसे तसल्ली देते हुए बोलीं—"ऐसा नहीं है बेटा। मुझे उस दिन की सारी बातें पता हैं। तुमने तो उसे बहुत रोका था, लेकिन ज़ोया इतनी ज़िद्दी है कि किसी के रोकने से नहीं रुकी और तुम सबसे छुपकर वहाँ चली गई।"
तबस्सुम आंटी ने चारों सहेलियों को संभाला। माहिरा ने अपने आँसू पोंछते हुए विनती की—"आंटी, मैं बस एक बार ज़ोया से मिलना चाहती हूँ।"
ज़ोया के पिता ने समझाते हुए कहा—"बेटा, वह अभी सो रही है और मौलवी साहब ने आधे घंटे तक उस कमरे में जाने से सख्त मना किया है।"
"आंटी-अंकल, हम वादा करते हैं कि हम अंदर नहीं जाएंगे, बस बाहर दरवाज़े से एक झलक देख लेंगे," माहिरा ने मासूमियत से ज़िद की। माहिरा के इतने प्यार और अपनापन से बोलने पर दोनों मान गए।
"ठीक है बेटा, बस बाहर से ही देख लेना," उन्होंने इजाज़त दे दी।
चारों सहेलियां धीरे-धीरे सीढ़ियां चढ़कर ऊपर ज़ोया के कमरे की तरफ बढ़ने लगीं। उनके दिल तेज़ी से धड़क रहे थे, क्योंकि चारों को यह बात पता चल चुकी थी कि ज़ोया पर किसी खौफनाक जिन्न का साया है।
कमरे के दरवाज़े के पास पहुंचते ही डर के मारे नेहा के पैर कांपने लगे। वह धीमी आवाज़ में फुसफुसाई—"सुनो बहनों, मेरे पास एक बहुत बढ़िया आइडिया है... हमें चुपचाप उल्टे पांव यहाँ से निकल जाना चाहिए!"
माहिरा ने तुरंत नेहा के मुंह पर हाथ रखकर उसे चुप कराया और आँखों ही आँखों में शांत रहने का इशारा किया। फिर, कांपते हाथों से माहिरा ने ज़ोया के कमरे का दरवाज़ा हल्का सा खोला और अंदर झांका।
बिस्तर पर ज़ोया को बेसुध और कमज़ोर हालत में लेटा देख माहिरा का दिल भर आया। उसकी पलकों पर रुके आँसू गालों पर लुढ़क आए।
ठीक उसी पल, कमरे के अंधेरे कोने में खड़े मारिद जिन्नों के शहज़ादे ज़ायन शाहज़ार—जिसे पहले ही उस खास सरगोशी का एहसास हो चुका था—ने दरवाज़े की तरफ देखा।
ज़ायन की गहरी, रहस्यमयी निगाहें सीधे दरवाज़े की झिरी से झांकती माहिरा की आँखों से जा टकराईं। वक़्त जैसे वहीं ठहर गया। 2,500 साल पुराने उस सख्त दिल राजकुमार ने पहली बार किसी इंसान की आँखों में इतनी गहराई और मासूमियत देखी थी। लेकिन माहिरा की आँखों से बहते वे आँसू ज़ायन को बिल्कुल पसंद नहीं आए—मानो उन आँसुओं की तपिश सीधे उसके सीने में उतर रही हो।
इससे पहले कि ज़ायन एक कदम भी आगे बढ़ाता, पीछे खड़ी नेहा ने घबराकर माहिरा का हाथ पकड़ा और उसे खींचते हुए वहाँ से ले जाने लगी।
नेहा ने डर और मज़ाक के मिले-जुले अंदाज़ में धीरे से कहा—"पागल लड़की! तुझे इस तरह अभी उस कमरे के पास नहीं जाना चाहिए... कहीं ऐसा न हो कि वह जिन्न ज़ोया को छोड़कर तेरे पीछे पड़ जाए!"
नेहा तो यह बात मज़ाक में कहकर माहिरा को नीचे ले गई, लेकिन वह इस बात से बिल्कुल अनजान थी कि कमरे के अंदर खड़ा दो दुनियाओं का बादशाह माहिरा की उन आँसुओं भरी आँखो ने बैचेन कर चुका था।
अचानक हुए इस एहसास ने ज़ायन को कशमकश में डाल दिया था।🧞