बेवफ़ा इश्क़ - The Unwanted Marriage Ch. 1

बेवफ़ा इश्क़ - Chapter 1 Unwanted marriage

Posted by Aarya Rai • Feb 28, 2025 01:43 PM

पालमपुर, हिमाचल प्रदेश के काँगड़ा ज़िले में स्थित एक नगर है।

इस नगर में बनी सबसे बड़ी और पुरानी हवेली, जिसके आगे पूरा गाँव इज़्ज़त से सर झुकाता था, आज दुल्हन जैसी सजी हुई थी।

रात के पहर में वह हवेली सुनहरी रोशनी से जगमगा रही थी।

अंदर आँगन में मंडप लगा था, जहाँ उस वक़्त एक लड़की दुल्हन के लिबास में चेहरे को घूँघट से ढँककर एकदम ख़ामोश बैठी हुई थी।

उसके बगल में सफ़ेद शर्ट और गहरे नीले रंग की पैंट पहने एक लड़का बैठा हुआ था।

जिसका दूध सा गोरा चेहरा गुस्से से काला पड़ गया था, ख़ूनी रंग में रंगी आँखें लगातार उस अग्नि कुंड को घूर रही थीं।

जिसमें क्रोध, विवशता, बेबसी, लाचारी, नाराज़गी, चिढ़ जैसे कई मिले-जुले भाव झलक रहे थे।

उसे देखकर साफ़ ज़ाहिर था कि वह इस शादी के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं था, फिर भी जाने किस मजबूरी के तहत वह वहाँ बैठा हुआ था। और उस दुल्हन बनी बैठी लड़की को देखकर तो लग रहा था जैसे उसका बस शरीर ही यहाँ मौजूद था, वह ऐसे सुन्न बैठी हुई थी जैसे निष्प्राण देह, किसी यंत्र-चालित गुड़िया जैसे। वह सब रस्मों को ख़ामोशी से पूरी करती जा रही थी और वेदी के पास बैठे पंडित जी भी जल्दी-जल्दी मंत्र पढ़ रहे थे; शायद उन्हें भी यहाँ से जाने की जल्दी थी।

चारों तरफ़ तनाव का माहौल था।

वहाँ मौजूद हर शख़्स के चेहरे पर अजीब से भाव मौजूद थे।

कहीं डर, कहीं दुख, कहीं बेबसी, कहीं लाचारी, कहीं गुस्सा, कहीं इत्मीनान, कहीं सुकून, कहीं मुस्कान।

"कन्या की मांग में सिंदूर भरें।"

पंडित की सहमी हुई सी आवाज़ उस लड़के के कानों से टकराई। तो उसकी क्रोध से धधकती आँखें उनकी ओर घूम गईं। जिसे देखकर बेचारे पंडित जी घबरा गए और भय से ज़रा पीछे हट गए।

उस लड़के ने अब उनके हाथ में मौजूद थाली को देखा और सिंदूर को अपनी मुट्ठी में भर लिया।

यह देखकर सबकी आँखें फैल गईं।

इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उस लड़के ने अपने बगल में बैठी लड़की का घूँघट एक झटके में उसके सर से हटा दिया और मुट्ठी भर सिंदूर उसके सर पर फेंक दिया।

उसने उसका माँगटीका तक हटाने की ज़हमत ना उठाई और सिंदूर उस लड़की के बाल, माथे और चेहरे पर बिखर गया; बिल्कुल वैसे जैसे लम्हें भर में उसकी ज़िंदगी और सपने बिखर गए थे।

वह अब भी एकदम ख़ामोश बैठी हुई थी, न चेहरे पर कोई भाव और न ही शरीर में कोई हलचल।

उसका पूरा चेहरा सिंदूरी रंग में रंग गया और पलकें झुक गईं।

अगले ही पल उस लड़के ने थाली में मौजूद मंगलसूत्र उठाया और उस लड़की के गले में पहनाते हुए वेदी से उठ खड़ा हुआ।

जाने कितनी जल्दी थी उसे कि उसने ठीक से उसे मंगलसूत्र तक नहीं पहनाया।

यहाँ लड़के ने मंडप से बाहर क़दम रखा और उस लड़की के गले में मौजूद मंगलसूत्र उसके गोद में गिर गया।

इसके साथ ही उन झुकी पलकों के नीचे से आँसुओं की कुछ बूँदें निकलीं और उसके गाल पर से फिसलते हुए उस मंगलसूत्र को भीगो गईं।

पर वह लड़का नहीं रुका।

गुस्से में फ़र्श को अपने पैरों तले रौंदते हुए वह आगे बढ़ता चला गया।

अचानक ही कुछ लोग उसके सामने आ गए।

पर उनकी परवाह न करते हुए उसने उन्हें धधकती आँखों से घूरा और वहाँ से तेज़ी से निकल गया।

पीछे मौजूद लोग परेशान से बस उसे देखते ही रह गए।

सबका ध्यान दूल्हे पर था, किसी ने भी यह नहीं देखा कि जो लड़की अब तक मंडप में बैठी हुई थी, अब वह भी वहाँ नहीं थी।

"रिद्धिम......आँ....."

एक औरत के चीखने की आवाज़ उस सन्नाटे में गूँजी, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। तब तक वह औरत आँगन के साइड में बनी सीढ़ियों की ओर दौड़ गई।

जहाँ उसका दुपट्टा पड़ा था जो कुछ देर पहले तक उस दुल्हन के सर पर सजा हुआ था।

बाकी सब भी बदहवास से उस ओर दौड़ गए।

To be continued…

100%