बेवफ़ा इश्क़ - Chapter 2 अनोखी विदाई
रिद्धिम ने कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद कर रखा था। "रिद्धिम… दरवाज़ा खोल, बेटा।" कालिंदी जी, रिद्धिमा की माँ और उस हवेली की बड़ी बहू, रोते हुए दरवाज़ा पीट रही थीं। "रिद्धि बेटा, अंदर बंद होकर क्या कर रही है तू? गुड़िया, अपनी माँ की बात सुन, दरवाज़ा खोल… देख मेरा मन बहुत घबरा रहा है, बेटा दरवाज़ा खोल दे… लाडो, कोई गलत कदम न उठाना। अगर तुझे कुछ हो गया तो तेरी माँ जीते जी मर जाएगी।"
उनकी बिगड़ती हालत देखकर एक लड़के ने उन्हें पीछे किया और खुद दरवाज़ा खटखटाने लगा। "रिद्धि, दरवाज़ा खोल, देख सब कितने परेशान हो गए हैं। तेरा जो भी गुस्सा, नाराज़गी है… मुझ पर निकाल ले, बस दरवाज़ा खोल दे।"
"रितेश, तू जा यहाँ से और बाकी सबको भी कह दे कि जाकर आराम करें। मेरी चिंता करने की कोई ज़रूरत नहीं है उन्हें, नहीं मरूँगी मैं इतनी जल्दी। बस अभी मैं कुछ देर अकेले रहना चाहती हूँ… उम्मीद करती हूँ कि इस घर में मेरा, मुझ पर इतना हक़ तो होगा कि कुछ देर अकेले अपने साथ रह सकूँ। फिर तो चली ही जाऊँगी मैं यहाँ से।"
इस आवाज़ में अजीब सा गुस्सा, दर्द, नाराज़गी झलक रही थी। जिसने कईयों की आँखों को नम कर दिया था। कालिंदी जी अपने आँचल में अपना मुँह छुपाए सिसक-सिसक कर रो पड़ीं।
उन लोगों की भीड़ में सबसे पीछे खड़े जितेंद्र जी, जो अब तक चेहरे पर कठोर भाव लिए, खामोशी से सब देख रहे थे, उनकी आँखें क्रोध से भर गईं। सबको हटाते हुए वे सबसे आगे चले आए।
"ये सब आपके लाड़-प्यार का नतीजा है। आपने तो कभी इनके मामले में हमारी कोई बात सुनी नहीं। आपके कारण आज ये इतनी बदतमीज़ और ज़िद्दी हो गई है कि इनें न अपने माता-पिता की इज़्ज़त का ख्याल है, न खानदान के मान-सम्मान की परवाह है। घर मेहमानों से भरा है और ऐसी हरकतें कर रही है आपकी बेटी… कि कल को हम शर्मिंदगी से किसी के आगे सर नहीं उठा सकेंगे। कितनी इज़्ज़त करते हैं ये गाँव वाले हमारे, कल को अगर ये बातें हवेली से बाहर चली गईं तो क्या कहेंगे वो… कि मुखिया जी सारे गाँव को संभालने का दावा करते हैं पर उनसे उनकी अपनी बेटी और परिवार नहीं संभाला गया। हमारी सालों की बनाई इज़्ज़त, ये लड़की अपनी ज़िद से मिट्टी में मिलाने पर तुली है।"
कालिंदी जी सजल नेत्रों से बस उन्हें देखती ही रह गईं। उन आँखों में ढेरों शिकायतें झलक रही थीं। पर लब मौन थे। हर बात का दोषी उन्हें ठहराने के बाद, उन्होंने गुस्से में उस कमरे के दरवाज़े पर हाथ मारा और उनकी गुस्से से भरी बुलंद आवाज़ वहाँ गूंज उठी।
"रिद्धिमा, ये तमाशा बंद करो। अभी और इसी वक़्त दरवाज़ा खोलो। हमारे घर के मान-सम्मान और इज़्ज़त की तो आपको कभी परवाह रही ही नहीं, कम से कम उस खानदान के आगे हमें शर्मिंदा मत करो… जिनसे अभी-अभी तुम्हारा रिश्ता जुड़ा है।"
वे अभी गुस्से में शायद और भी बोलने वाले थे, पर उससे पहले ही उस भीड़ से एक औरत ने सामने आते हुए उन्हें रोक दिया।
"रहने दीजिये भाई साहब। गुस्से से बात नहीं बनेगी। उन्हें कुछ देर अकेले रहने दीजिये। बच्ची है… इतना सब अचानक हुआ है, सोचने-समझने और अपनाने के लिए उन्हें वक़्त की ज़रूरत होगी।"
"हाँ, जीतू, रहने दे। बच्ची है, गलती उसकी भी नहीं है। इस वक़्त हमें गुस्से से नहीं, शांति और धैर्य से काम लेना चाहिए। किसी भी लड़की के साथ अगर ऐसा होता तो वो ऐसा ही व्यवहार करती। हमें उन्हें कुछ देर अकेला छोड़ देना चाहिए। संभल जाएंगी तो खुद बाहर आ जाएंगी।"
उस औरत के साथ खड़े आदमी ने जितेंद्र जी के कंधे पर हाथ रखते हुए उन्हें शांत स्वर में समझाया। उनका चेहरा अब भी गुस्से से भरा था, पर अब उन्होंने आगे कुछ नहीं कहा। इतने में अचानक ही रूम का दरवाज़ा खुल गया और सबका ध्यान उस ओर चला गया।
सामने रिद्धिमा खड़ी थी। शादी का लाल जोड़ा पहने, सोने के गहनों से लदी। सिंदूर अब भी उसके पूरे चेहरे पर बिखरा हुआ था, मंगलसूत्र को उसने अपनी मुट्ठी में बंधा हुआ था और सुरख रंग में रंगी आँखों से वो जितेंद्र जी को घूर रही थी। उसने आगे बढ़कर अपनी माँ को उठाया और जितेंद्र जी के ठीक सामने खड़ी हो गई।
"आज कह दिया, दोबारा कभी मेरी माँ को मेरे वजह से कुछ भी कहने की ज़रूरत नहीं है आपको। शिकायत आपको मुझसे है, परेशानी मुझसे है तो सामने से मुझसे बात कीजिये, क्योंकि अब मैं कोई छोटी बच्ची नहीं रह गई हूँ, जो किसी और के कहने पर चलूँगी। बड़ी हो गई मैं, इनकी भी नहीं सुनती, अपने मन की करती हूँ इसलिए जितना सुनाना है मुझे सुनाइये, मुझे दोष दीजिये।"
जिस तरह उसने उनकी निगाहों से निगाहें मिलाते हुए ये बातें कही थीं, उनके अहंकार पर गहरी चोट लगी थी और क्रोध से उनका चेहरा सख्त हो गया था।
रिद्धिमा ने अब अपनी माँ को देखा जो रो रही थी।
"आप क्यों रो रही है? आप जो चाहती थी वो तो कर दिया मैंने। कर ली मैंने शादी, फिर अब ये आँसू क्यों? जाइये, जाकर मेरी विदाई की तैयारी कीजिये।"
इसके बाद एक बार फिर उसने जितेंद्र जी की ओर अपनी निगाहें घुमाईं।
"पापा, आप इतने गुस्से में क्यों लग रहे हैं? अब तो मैंने आपकी बात मान ली… देखिये… न चाहते हुए भी दुल्हन बनकर आपके सामने खड़ी हूँ… खुश हो जाइये आप, शादी हो गई मेरी… मुबारक हो आपके सर का ये बोझ, आज आपके सर से उतर गया। अब आपको अपनी इस बदतमीज़, मुँहफ़ट और ज़िद्दी बेटी को और नहीं झेलना पड़ेगा। खैर, जिससे आप चाहते थे उससे नहीं हुई शादी, इसका दुःख तो होगा आपको… पर चिंता मत कीजिये, जिससे हुई है वो भी आपकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा। देखा न आपने कैसे मंडप में ही छोड़कर भाग गया मुझे… मेरी आगे की ज़िंदगी आपके आशीर्वाद से बहुत अच्छे से बीतेगी, जिसके लिए मैं हमेशा आपकी शुक्रगुज़ार रहूँगी। पिता होने का फ़र्ज़ बहुत अच्छे से निभाया है आपने। अपनी बेटी की शादी कर दी, उसके कन्यादान का पुण्य मिल गया आपको। अब मुझे इज़्ज़त से इस घर से विदा कर दीजिये और बचा लीजिये अपने घर-परिवार की इज़्ज़त, मान-सम्मान, झूठी प्रतिष्ठा… जो आपके लिए आपकी जीती-जागती बेटी से ज़्यादा ज़रूरी है। कर लीजिये अपने अहम को संतुष्ट।… मनाइये जश्न… अब रिद्धिमा नाम की मुसीबत आपकी ज़िंदगी और आपके घर से चली जाएगी… हमेशा-हमेशा के लिए।"
उसका कहा एक-एक शब्द जैसे जितेंद्र जी के मुँह पर करारा तमाचा सा पड़ा था। अपने मन का सारा गुस्सा, फ़्रस्ट्रेशन और भड़ास वो उन पर निकाल चुकी थी… या शायद और भी बहुत कुछ था, पर उसने अब खामोशी अख़्तियार कर ली। जितेंद्र जी गुस्से से तिलमिला उठे, पर इतने लोगों के बीच कुछ कह और कर न सके।
रिद्धिमा ने कालिंदी जी को रितेश के हवाले कर दिया। अब तक जिस चेहरे पर कठोर भाव मौजूद थे, अब कोमल भाव उभर आए थे।
"जाते-जाते एक चीज़ मांग रही हूँ तुमसे, विदाई के समय से पहले कोई मुझे डिस्टर्ब न करे… इतना तो कर सकते हो न मेरे लिए?"
रिद्धिमा ने जैसे विनती की थी जिसे रितेश ने सर झुकाकर स्वीकार किया था। दरवाज़ा वापिस बंद हो चुका था और बाकी सब मौन दर्शक बने बस देखते ही रह गए थे।
रिद्धिमा की विदाई हो चुकी थी। पर जैसे उसकी शादी निराली थी, वैसे ही विदाई भी अनोखी थी। उस घर से निकलते हुए उसने पलटकर दोबारा नहीं देखा था। किसी से नहीं मिली थी, आँखों से एक आँसू तक नहीं निकलने दिया था उसने, चेहरा भावहीन था। दिल में बेइंतेहा दर्द, नाराज़गी और गुस्से छुपाए वो चुपचाप उस घर से निकल गई थी… जहाँ उसका जन्म हुआ था, जहाँ उसका पूरा परिवार था।
रिश्तेदार तरह-तरह की बातें बनाते रहे, रिद्धिमा को ही भला-बुरा सुनाते रहे… पर उसने न तो किसी की बात पर ध्यान दिया और न ही पलटकर जवाब दिया। हाँ, उस हवेली की दहलीज़ पार करते हुए, उसने अपनी माँ के सूने आँचल को खील-बताशे से ज़रूर भर दिया था और अब एकदम गुमसुम उदास सी कार की पिछली सीट पर बैठी हुई थी। उसके बगल में वो औरत बैठी थी, जिन्होंने वहाँ भी उसका साथ दिया था।
वेशभूषा से संपन्न परिवार से लग रही थी। चेहरे पर सौम्यता और व्यवहार में ममता झलक रही थी। ये हैं नीलिमा ओबरॉय… जो अब रिश्ते में रिद्धिमा की सास थीं, पर वो उन्हें जानती तक नहीं थीं। आज पहली बार वो उनसे मिली थी और अपना सब कुछ पीछे छोड़कर उनके साथ जा रही थी।
नीलिमा जी ने अपना ममता भरा हाथ उसके सर पर फेरा तो रिद्धिमा की पलकें झपकीं और सुनी निगाहें उनकी ओर उठ गईं।
"बाहर आ जाओ बेटा, होटल आ गया है। यहाँ कुछ देर आप आराम करेंगी, फिर हम आपको आपके घर लेकर चलेंगे।"
उनकी बात सुनकर रिद्धिमा के लबों पर व्यंग्य भरी मुस्कान उभरी, जिसमें घुला था उसका दर्द। उसने सर हिलाया और उनके साथ कार से बाहर निकल गई। प्राइवेट लिफ्ट से वो लोग ऊपर आए। एक कमरे में नीलिमा जी रिद्धिमा को लेकर आईं तो बाकी दोनों आदमी दूसरे कमरे में चले गए।
"कैसी फूल सी बच्ची है, चाँद सा मुखड़ा है। कैसा निर्दयी था जो इस हीरे को ठुकराकर चला गया।"
नीलिमा जी ने प्यार से उसके गाल को छुआ। उसके चेहरे और बालों पर बिखरे सिंदूर को उन्होंने ठीक से साफ कर दिया था और उस दूध से सफ़ेद चेहरे पर बिखरी सुरखी उसकी खूबसूरती को निखार रही थी। इतना प्यारा और दिलकश चेहरा था उसका कि एक बार देखने पर किसी का भी दिल उस पर आ जाए।
रिद्धिमा ने उनकी बात सुनकर निगाहें उनकी ओर उठाईं और मुँह बनाते हुए बोली, "आपका ही बेटा था।"
"जानते हैं… पर अभी उन्हें एहसास नहीं कि किसे ठुकराया है उन्होंने? आपको देखा तक तो नहीं है उन्होंने। जब आपसे मिलेंगे, आपको देखेंगे, आपको जानेंगे, तब उन्हें एहसास होगा कि उन्होंने अपनी बेवकूफी, गुस्से और गुरुर में अपनी किस्मत को ठुकराया है और हम तब उनके कान पकड़वाकर आपसे माफ़ी मँगवाएँगे। हिम्मत कैसे हुई उनकी हमारी इतनी प्यारी बहू का दिल दुखाने की।"
उन्होंने जिस तरह से अपने बेटे के खिलाफ़ जाकर उसका साथ दिया, रिद्धिमा के लबों पर हल्की मुस्कान उभर आई।
"आंटी, आपने अपने बेटे की शादी मुझसे क्यों करवा दी, मैं तो उन्हें या आप सबको जानती तक नहीं।"
रिद्धिमा आँखें बड़ी-बड़ी करके उन्हें देखने लगी। उसका सवाल सुनकर नीलिमा जी सौम्यता से मुस्कुरा दीं।
"आप हमें नहीं जानती, पर हम आपको बहुत अच्छे से जानते हैं। डैडी से आपके बारे में बहुत सुना है। उनकी इच्छा थी श्रेयस की शादी आपसे हो, पर आपका रिश्ता कहीं और हो गया था, पर देखिये किस्मत ने कैसा खेल रचा? आप बहू बनकर हमारे घर आ गईं, डैडी की इच्छा पूरी हो गई। अब से आप हमारी बहू नहीं, बेटी हैं, आप भी हमें आंटी नहीं, मॉम कहियेगा। हमारे तीनों बच्चे हमें मॉम ही कहते हैं… चलिए अब आप कुछ देर आराम कर लीजिये, हम आपके डैड से कहकर आपके खाने के लिए कुछ मँगवाते हैं।"
उन्होंने प्यार से उसके गाल को सहलाया और कमरे से बाहर चली गईं।