बेवफ़ा इश्क़ - Chapter 3 Accidental husband
"अब से आप हमारी बहू नहीं, बेटी हैं। आप भी हमें आंटी नहीं, मॉम कहिएगा। हमारे तीनों बच्चे हमें मॉम ही कहते हैं। चलिए, अब आप कुछ देर आराम कर लीजिए, हम आपके डैड से कहकर आपके खाने के लिए कुछ मँगवाते हैं।"
उन्होंने प्यार से उसके गाल को सहलाया और कमरे से बाहर चली गईं। उनके जाते ही रिद्धिमा के मुस्कुराते लब सिमट गए। उनके स्पर्श में उसने वह ममता, स्नेह महसूस किया था, जो उसकी अपनी माँ के स्पर्श में महसूस होता था। अब उन्हें याद करते हुए उसकी आँखें भीग गई थीं।
कमरे में वह अकेली ही थी। अचानक वहाँ गाने के बोल गूंज उठे-
"हमें तुमसे प्यार कितना ये हम नहीं जानते,
मगर जी नहीं सकते तुम्हारे बिना।"
रिद्धिमा ने अपनी हथेली से अपने आँसू पोंछते हुए अपनी निगाहें घुमाईं। नज़र सामने टेबल पर रखे पर्स पर पड़ी। रिद्धिमा ने जाकर उसमें से अपना फ़ोन निकाला और स्क्रीन पर झलकते नाम को देखकर उसकी आँखें एक बार फिर भीग गईं। उसने अपनी भावनाओं को संयमित करते हुए कॉल रिसीव किया।
"हैलो।"
"हैलो रिद्धि, तू ठीक है ना?" दूसरे तरफ़ से किसी की बेचैनी भरी आवाज़ आई और रिद्धिमा के लबों पर हल्की मुस्कान उभर आई।
"मैं बिल्कुल ठीक हूँ, और मुझे क्या होना है? चिंता करनी है तो उस फ़ैमिली की कर, जिसमें अब मैं जाने वाली हूँ। उस लड़के की ख़ैर मना, जिसने मुझसे शादी करके, ख़ुद ही रिद्धिमा नाम की मुसीबत से रिश्ता जोड़कर, अपने ही हाथों अपनी ज़िंदगी तबाह करने का इंतज़ाम कर लिया है।"
इतने बिंदास तरीक़े से रिद्धिमा ने जवाब दिया कि फ़ोन के दूसरे तरफ़ मौजूद रितेश न चाहते हुए भी मुस्कुरा दिया।
"हाँ हाँ..... मैं जानता हूँ कि अब उस बेचारे की ज़िंदगी जहन्नुम बनने वाली है, इसलिए तो मुझे उस पर बड़ा तरस आ रहा है। भगवान् उसे तुझे झेलने की हिम्मत दे और उस परिवार पर भी अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखे, जहाँ यह चलता फिरता तूफ़ान और आफ़त की पुड़िया जाने वाली है।"
"देख, अब ज़्यादा हो रहा है तेरा।" रिद्धिमा अपनी बेइज़्ज़ती होते देखकर उस पर गुस्से से भड़की। पर अबकी बार रितेश मुस्कुरा न सका। उसकी आँखें भीग गईं।
"रिद्धि, तू चिंता मत करना, मैंने सब पता कर लिया है। दादू बता रहे थे कि बहुत अच्छे लोग हैं। लड़के के दादा-दादी उनके बचपन के दोस्त हैं। तू तो हमारे साथ रही है, इसलिए तू उन्हें नहीं जानती, पर तेरा पूरा परिवार उन्हें जानता है और वो लोग भी तुझे और इस फ़ैमिली को बहुत अच्छे से जानते हैं। मुंबई में ही रहते हैं, बहुत नाम है उनका। ओबेरॉय ख़ानदान के बारे में सुना है ना तूने? यही हैं दी ओबेरॉयज़......।"
"जिससे तेरी शादी हुई है वो उस फ़ैमिली का सबसे बड़ा बेटा है—श्रेयस ओबेरॉय। बिज़नेस में बहुत कम वक़्त में उसने बहुत नाम कमाया है और अपने फ़ैमिली बिज़नेस को नई ऊँचाइयों तक ले गया है। उसकी पर्सनल लाइफ़ के बारे में भी मैं जल्दी ही पता करवा लूँगा।"
"तू घबराना मत, अपना ख़्याल रखना। कोई भी प्रॉब्लम हो तो मुझे बताना। ये लोग वैसे तो तेरा बहुत अच्छे से ख़्याल रखेंगे। फिर भी अगर कुछ हो तो मैं हूँ तेरे साथ। तू बिल्कुल परेशान मत होना, मुंबई आते ही मैं और पापा आएंगे तुमसे मिलने।"
रितेश की बातों में रिद्धिमा के लिए उसका प्यार और परवाह झलक रही थी। जिसे महसूस करते हुए पल भर को रिद्धिमा भी भावुक हो गई, पर जल्दी ही उसने ख़ुद को संभाला और भौंह उठाते हुए शरारती अंदाज़ में बोली-
"ओहहो, आज तो तुझे बड़ी चिंता हो रही है मेरी, कहीं तेरे अंदर का बड़ा भाई तो नहीं जाग गया आज?"
"बकवास मत कर रिद्धु, मैं बहुत सीरियस हूँ।"
"ना हो ना, कहीं ICU में एडमिट हो गया तो मैं देखने भी नहीं आ सकूँगी तुझे।"
रिद्धिमा ने मज़ाकिया अंदाज़ में उसे छेड़ा, जिससे रितेश खीझ उठा।
"रिद्धिमा....."
रितेश ने गुस्से से उसे पुकारा और रिद्धिमा तुरंत ही शरारत छोड़कर लाइन पर आ गई।
"अच्छा... अच्छा... नहीं करती और मज़ाक... पर तू चिंता मत कर। मैं बिल्कुल ठीक हूँ, अपना ख़्याल रखूँगी मैं। तू बस माँ का ध्यान रखना, कहीं मेरे जाने की ख़ुशी में रो रोकर अपनी तबियत ना बिगाड़ ले वो, और मामू का भी ध्यान रखना। मैं आते हुए उनसे मिली भी नहीं, नाराज़ होंगे वो मुझसे।"
"नाराज़ तो इसके लिए मैं भी बहुत हूँ तुझसे। बाकी सब से नाराज़ थी, पर कम से कम मुझसे, पापा और बुआ से तो मिलकर जाती।"
"सॉरी ना, तब मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा था, तू जानता है गुस्से में मैं ऐसी ही उल्टी-सीधी हरकत करती हूँ और तब मैं कमज़ोर नहीं पड़ना चाहती थी, इसलिए किसी से भी नहीं मिली।"
"हाँ, पता है मुझे, तू बिल्कुल पागल है।... चल अब बुआ और पापा से भी बात कर ले, दोनों बहुत परेशान हैं तेरे लिए।"
रिद्धिमा कुछ कहती, उससे पहले ही रितेश ने फ़ोन कालिंदी जी को पकड़ा दिया।
"रिद्धु बेटा, आप ठीक हैं?"
अपनी माँ की भारी और गमगीन आवाज़ सुनकर रिद्धिमा भी भावुक हो गई। जानती थी, उनसे बिना मिले चली आई थी तो बहुत दुख हुआ होगा उन्हें।
"सॉरी माँ, मैं आपसे बिना मिले ही वहाँ से चली गई, पर मैं आपकी फ़ीलिंग्स को हर्ट नहीं करना चाहती थी। बस तब मैं किसी से भी नहीं मिलना चाहती थी, रोना नहीं चाहती थी मैं, और अगर आपके पास जाती तो कमज़ोर पड़ जाती, इसलिए मैं आपसे बिना मिले ही चली आई, पर आप दुखी मत होना। मैं ठीक हूँ, खुश हूँ और मैं अपना ख़्याल रखूँगी।"
"आप मेरी चिंता में परेशान मत होना। मैंने सिर्फ़ आपके लिए यह शादी की है, तो अपना ख़्याल रखना। मैं फ़ोन पर बात करती रहूँगी आपसे।"
"बेटा, हम अपना ख़्याल रखेंगे, आप भी अपना ध्यान रखना। आपकी ख़ुशी में ही हमारी ख़ुशी है। अगर बच्चा दुखी होता है तो उसका दुख उसकी माँ भी महसूस करती है। हम बस इतना कहना चाहते थे कि भले ही शादी ख़राब हालातों में हुई है, पर वह परिवार बहुत अच्छा है, आप उन्हें और इस रिश्ते को दिल से अपनाकर इसे निभाने की कोशिश कीजिएगा। आप वहाँ खुश रहेंगी तो यहाँ आपकी माँ भी सुकून से रहेगी।"
कालिंदी जी की यह बात सुनकर, रिद्धिमा के चेहरे पर कुछ अजीब से भाव उभरे, जिसे छुपाते हुए वह फीका सा मुस्कुरा दी।
"हम्म...... मैं कोशिश करूँगी कि किसी को शिकायत का मौक़ा न दूँ और कोई मेरी माँ और मामू के दिए संस्कारों पर सवाल ना उठा सके।......"
इसके बाद पल भर ठहरते हुए उसने आगे कहा, "माँ, मामू से बात करवा दो।"
उसके कहने की देर थी कि कालिंदी जी ने उसे ढेरों आशीर्वाद देते हुए फ़ोन उसके मामू किशोर जी को दे दिया।
"कैसा है मेरा बेटा, अपने मामू से नाराज़ तो नहीं?" मामू जी की करुणा भरी प्यारी सी आवाज़ आई, जिसे सुनकर रिद्धिमा मुस्कुरा उठी।
"नहीं मामू, मैं जानती हूँ कि यह सब आपके कंट्रोल में नहीं था। भले ही मेरी ज़िंदगी में पिता का हर फ़र्ज़ आपने निभाया हो, पर मेरी ज़िंदगी की डोर तो मेरे पापा के ही हाथ में थी और मेरी शादी कहाँ, कब और किससे करवानी है, यह फ़ैसला भी वही ले सकते थे।"
"उन्होंने करवा दी मेरी शादी और मैं आ गई वहाँ से। शिकायत तो मैंने कभी उनसे भी नहीं की, फिर आपसे कैसे नाराज़ हो जाऊँगी? पर आप मुझसे ज़रूर नाराज़ होंगे, मैं आने से पहले आपसे मिली भी नहीं।"
रिद्धिमा के मुस्कुराते लब सिमट गए। आँखों में अजीब सी उदासी और सुनापन झलकने लगा। चेहरे पर मायूसी और दुख के भाव उभर आए। उसकी बातें सुनकर किशोर जी भी कुछ भावुक हो गए।
"नहीं बेटे, हम आपसे नाराज़ नहीं। हमें तो आपकी चिंता है, बस आप अपना ख़्याल रखिए, खुश रहिए। यही चाहते हैं हम और आप ख़ुद को अकेला मत समझिएगा, मुंबई आएंगे तो हम आपसे मिलने भी आएंगे। ठीक बेटा....."
"जी मामू, मैं इंतज़ार करूँगी आपका। आप भी अपना ख़्याल रखिएगा। मैं बाद में बात करूँगी आपसे।"
ढेरों समझाइशों और आशीर्वाद के बाद उन्होंने फ़ोन रख दिया। रिद्धिमा की आँखें एक बार फिर से नम हो गईं। एक तो अपने परिवार और घर से दूर जाने का दुख, सब कुछ छूटने की तकलीफ़, उस पर अपनों का दिल दुखाने वाला व्यवहार, एक अनचाहे शादी...वो भी ऐसे। दुख था कि कम होने में ही नहीं आ रहा था।
रिद्धिमा सर झुकाए आँसू बहा रही थी, जब एक ममता भरा हाथ उसके सर पर ठहरा। रिद्धिमा ने तुरंत ही अपने आँसुओं को पोंछ लिया।
"रो लीजिए बेटा। अपना घर परिवार छूटने का दुख समझते हैं हम। रोकर अपना मन हल्का कर लीजिए, पर यह सोचकर घबराएँ मत कि आप एक अनजान जगह अनजान लोगों के बीच जा रही हैं। जैसे वह आपका घर था, वहाँ रहने वाले लोग आपका परिवार थे..... वैसे ही जहाँ आपको हम लेकर जाने वाले हैं, वह भी आपका अपना घर होगा। दिल से अगर अपनाएँगी तो वह परिवार भी आपको अपना लगने लगेगा।"
"हाँ, अभी श्रेयस की ओर से शायद आपको वह प्यार, लगाव और अपनेपन का एहसास न मिले, जो एक पत्नी अपने पति से चाहती है। पर अगर आप अपनी ओर से कोशिश करेंगी, उन्हें थोड़ा वक़्त देंगी तो हमें पूरा विश्वास है कि वह भी आपको निराश नहीं करेंगे। आपको इतना प्यार देंगे कि इस शादी को लेकर आपको जितनी नाराज़गी और शिकायत है, सब मिट जाएगा और उस दिन आपको एहसास होगा कि आपके अपनों ने आपके लिए गलत फ़ैसला नहीं लिया था। वह दुश्मन नहीं हैं आपके, बुरा नहीं चाहते वो। अभी आप ये बातें नहीं समझ पाएँगी, पर भविष्य में आपको एहसास होगा कि आपके बड़ों ने जो किया, आपकी भलाई के लिए ही किया था।"
रिद्धिमा पलटकर कुछ कह न सकी। शायद उसका दिमाग इस वक़्त कुछ भी सोचने-समझने की स्थिति में नहीं था। ज़हन थक गया था और नाराज़गी इस क़दर उसके दिलों-दिमाग़ पर हावी थी कि वह और कुछ समझना ही नहीं चाह रही थी। शायद वक़्त की ज़रूरत थी उसे। इसलिए निलिमा जी ने भी आगे कुछ नहीं कहा। प्यार से उसे कुछ बातें समझाईं, सर पर स्नेह भरा हाथ फेरा और उसके माथे को चूम लिया।
कुछ देर में खाना आ गया और उसके साथ ही वह दोनों आदमी भी वहाँ आ गए जिन्हें रिद्धिमा नहीं जानती थी, पर कुछ-कुछ अंदाज़ा था उसे कि वह दोनों कौन हैं और उसका उनसे क्या रिश्ता है?
"बेटा, हम अखिलेश ओबेरॉय हैं, आपके दादू के बचपन के दोस्त।"
"और हम हैं इनके बेटे और आपके ससुर, संकल्प ओबेरॉय।"
दोनों ने अपना संक्षिप्त परिचय दिया तो रिद्धिमा ने आदर सहित झुककर दोनों के पैर छू लिए। उन्होंने भी खुले मन से उसके सर पर हाथ रखकर उसे ढेरों आशीर्वाद दे डाले। स्थिति थोड़ी अजीब थी, लोग अनजान थे, पर अब जो था उसे अपनाकर आगे बढ़ने के अलावा, उसके पास और कोई रास्ता नहीं था।
"बेटा, हम जानते हैं आपके लिए सब कुछ बहुत अचानक हुआ, आपको सब समझने में और अपनाने में वक़्त लगेगा। हम सब आपके साथ हैं, हमें अब अपना ही परिवार समझिए। किसी बात की ज़्यादा चिंता-फ़िक्र मत कीजिए, ख़ुद पर किसी बात का दबाव भी मत डालिए। आपको अपनी बेटी बनाकर ले जा रहे हैं तो बेटी के हक़ से हमारे साथ रहिए और बस कोशिश कीजिए इन नए रिश्तों और इस नए परिवार को अपनाने की।"
"आपके ससुर बिल्कुल ठीक कह रहे हैं। हमारी तो दिली इच्छा थी कि हमारे श्रेय की शादी आपसे हो, हालाँकि शादी उस तरह से नहीं हुई जैसा ख़्वाहिश हमें थी, फिर भी हम तो अपने यार की पोती को अपने घर की बहू बनाकर बहुत प्रसन्न हैं। इस परिवार में खुले दिल से आपका स्वागत किया जाएगा, हम सब आपके अपने हैं और श्रेय अभी नाराज़ है, कुछ वक़्त में उसका गुस्सा भी उतर जाएगा। तब तक डटकर उसका सामना कीजिएगा आप। आपके इन दादू का पूरा सपोर्ट मिलेगा आपको।"
"वो क्या है ना, हमारा पोता गलती से थोड़ा हम पर ही चला गया है तो गुस्से में ज़रा तेज़ है, भाई-बहनों में सबसे बड़ा है तो थोड़ा ज़िद्दी भी है, पर हमें पूरा भरोसा है कि आप उसे संभाल भी लेंगी और सुधार भी देंगी। आपके बारे में जितना सुना है, उससे हमें तो पूरा विश्वास हो गया है कि श्रेय के लिए आपसे बेहतर जीवनसाथी और कोई हो ही नहीं सकता था। बस अब आप हमें निराश मत कीजिएगा।"
रिद्धिमा चाहकर भी यहाँ कुछ न कह सकी, बस आँखों की पुतलियाँ फैलाए हैरान-परेशान सी उन्हें देखते हुए मन ही मन सोचने लगी-
"बड़े अजीब दादा हैं ये। ख़ुद अपने पोते की बुराई कर रहे हैं, मुझे उसे सुधारने कह रहे हैं, जबकि मुझे जानते तक नहीं हैं और मैं ख़ुद उसे कहाँ जानती हूँ? देखा तक तो नहीं था मैंने उसे और नाम तक नहीं जानती थी।"
रिद्धिमा अलग ही उलझन में उलझी थी। यूँ ही कुछ बातों के बीच सबने नाश्ता किया। उसने रात भर के जागने के बाद सब आराम करने लगे। निलिमा जी और रिद्धिमा दोनों की ही नींद नहीं आ रही थी। रिद्धिमा उनकी गोद में सर रखकर लेटी हुई थी और वह उसे अपनी फ़ैमिली और श्रेयस के बारे में कुछ-कुछ बातें बता रही थीं।
(श्रेणी जारी रहेगी...)
कहानी के तीन पार्ट आ गए हैं। इसके आधार पर बताइए कि रिद्धिमा का किरदार आपको कैसा लग रहा है? किस तरह की लड़की है वह?