Kahin pyar Na Ho jaaye - Chapter 2
अब तक आप पढ़ चुके हैं कि डॉ. राजदीप खन्ना अपनी माँ और पिता के साथ लड़की देखने के लिए तैयार हो रहा था। तैयार होते हुए वह अपनी छोटी बहन के साथ झगड़ा भी करता रहा। दोनों भाई-बहनों में नोकझोंक चलती रही। उधर, पाखी गुप्ता, जिसे राज देखने जा रहा था, उसके घर में भी तैयारी चल रही थी।
बठिंडा से डॉ. रवि खन्ना का परिवार जल्दी, अर्ली मॉर्निंग ही चल पड़ा था और वे ३-५ घंटे के सफ़र के बाद लुधियाना पहुँच गए। लुधियाना पहुँचकर, राजदीप के पिता रवि जी बोले, "राज, क्या तुम्हें पता है हमें कहाँ जाना है?"
"मुझे कैसे पता होगा डैड? आप भी कमाल करते हैं डैड!" डॉक्टर राजदीप अनजान बनते हुए बोला।
"आप ही बता दीजिये हमें कहाँ जाना है। आप राज से क्यों पूछ रहे हैं? उसे कैसे पता होगा?" डॉक्टर राजदीप की माँ, रितिका जी बोलीं।
"तो फिर ठीक है। अब आप तीनों के लिए सरप्राइज़ होगा। गाड़ी मुझे चलाने दो, मैं ले जाता हूँ।"
"ऐसा क्यों कह रहे हैं डैड? गाड़ी मैं ही चलाता हूँ। आप मुझे बताते जाइये।" राजदीप बोला।
"वैसे ऐसा क्या सरप्राइज़ है हमारे लिए?" रितिका जी बोलीं।
रवि जी रास्ता बताते गए और डॉक्टर राजदीप उसी रास्ते पर गाड़ी चलाता गया। फिर वह अनजान बनते हुए अपने पिता से बोला, "डैड, ये रास्ता कुछ जाना-पहचाना सा नहीं लग रहा है। यह तो वही कॉलोनी है ना जहाँ पर हम पहले रहते थे?"
"हाँ डैड, मुझे भी लग रहा है। यहाँ हम पहले रहते थे। यह तो वही है।" राजदीप की बहन रीना बोली।
"....😊 अच्छा, तो यही सरप्राइज़ है? तो क्या हम उस परिवार को भी पहले जानते हैं?" रितिका जी ने कहा।
"पता है रितिका, तुम इतनी बिज़ी रहती हो। तुमने ना तो ठीक से बायोडाटा पढ़ा और ना ही लड़की की फ़ोटो देखी। अब हम तो आँखों के डॉक्टर हैं। इमरजेंसी के केस तो आते नहीं हमारे पास। काम करने के घंटे भी फ़िक्स हैं हमारे। हमें फ़्री टाइम मिल जाता है, तो बायोडाटा हमने अच्छे से देखा है। परिवार भी हमारे पसंद का है और लड़की भी। और आप सब को भी लड़की पसंद आएगी।"
असल में क्या है कि डॉ. रवि खन्ना आँखों के डॉक्टर हैं। रवि जी सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर के 2:00 बजे तक और शाम को 4:00 बजे से लेकर 7:00 बजे तक बैठते हैं। मौसम के हिसाब से टाइम थोड़ा ऊपर-नीचे हो जाता है। मगर रितिका जी, क्योंकि वे एक गायनोलॉजिस्ट हैं, तो उनके पास इमरजेंसी केस आते रहते हैं। उनका समय बहुत हद तक अस्पताल में ही गुज़रता है। तो रवि जी को लगता है कि वे ऐसी बहू लेकर आएँ जो उन्हें कंपनी दे सकें। अगर उनकी पत्नी की तरह डॉक्टर हुई तो उन्हें कंपनी कौन देगा? तो उन्हें अपने बेटे के लिए अलग फ़ील्ड की लड़की चाहिए। इसीलिए वे डॉक्टर लड़की नहीं देख रहे हैं।
दूसरी तरफ़, राजदीप का भी शादी में कोई इंटरेस्ट नहीं था। उसने तो सोचा भी नहीं था कि लड़की डॉक्टर चाहिए या किसी फ़ील्ड की। मगर एक चेहरा था जो हमेशा उसके सपनों में आता था। चाहे वह सपनों में आकर उसके साथ लड़ाई ही करता था। मगर उसके मन की इच्छा थी उस चेहरे को अपनी ज़िन्दगी में लाने की। जब रवि जी ने यह ख़्वाहिश ज़ाहिर की कि वे राजदीप के लिए डॉक्टर लड़की नहीं, बल्कि किसी और फ़ील्ड की लड़की चाहते हैं, तो राज की आँखों के सामने वह चेहरा अपने आप घूम गया।
मगर उस चेहरे को देखे हुए बहुत साल हो गए थे। वह सोच रहा था कि शायद उसकी ज़िन्दगी में भी अब तो कोई आ चुका होगा। इसलिए उसे अभी शादी करने में कोई इंटरेस्ट नहीं था। मगर उसकी नानी माँ ने उसे लड़की की फ़ोटो भेज दी तो फ़ोटो देखकर वह हैरान हो गया। वह इतनी खूबसूरत हो चुकी होगी, यह तो उसने सोचा भी नहीं था। मगर साथ ही राजदीप सोच रहा था कि अब उसका दिमाग ठीक हो चुका हो तो अच्छी बात है। अगर पहले जैसा हुआ तो वह उसे काट खाएगी। डॉक्टर राजदीप खन्ना ने पाखी की फ़ोटो देखते ही उसे पहचान लिया था। मगर बहुत जानबूझकर अनजान बन रहा था।
इसलिए वह अपने पिता के सामने अनजान बनता हुआ उनके बताए रास्ते पर चलता रहा। वह यह भी जानता था कि अगर सारी बात उसकी छोटी बहन रीना को पता चल गई तो वह पहले ही सारा हल्ला मचा देगी। रवि जी उन सबको पीयूष गुप्ता की कोठी के सामने ले गए। उनकी कोठी को देखते ही रितिका जी बोलीं, "...अरे, यह तो स्नेहा का घर है! तो क्या हम पाखी के लिए यहाँ पर आये हैं?"
"....कौन? पाखी? मॉम...." डॉक्टर राजदीप अनजान बनते हुए बोला 😁😁।
"....माँ, मुझे भी अब याद आ रहा है। वही पाखी जो भैया के साथ बहुत झगड़ती थी।" रीना बोली।
"....रीना, तुम किसके साथ झगड़े की बात कर रही हो? मुझे तो कुछ भी याद नहीं।" रीना की तरफ़ आँखें दिखाते हुए राजवीर बोला। उसे लगा रीना वहाँ जाकर भी सबके सामने यही बोलेगी और उसकी शादी की बात शुरू होने से पहले ही ख़त्म करवा देगी। अगर पाखी उसके साथ झगड़ा ना भी करना चाहे तो भी यह रीना आग लगा ही देगी। 😡😡😡
डॉक्टर राजदीप ने अपनी गाड़ी पार्क की और वे सभी अंदर चले गए। सामने से पीयूष गुप्ता और स्नेहा जी ने उनका स्वागत किया और उनके साथ उनका बेटा साहिल भी था। रवि खन्ना और उनके परिवार को देखकर पीयूष जी और स्नेहा जी बहुत हैरान हुए। उनको बिल्कुल भी आईडिया नहीं था कि रवि जी और रितिका जी वही होंगे जिनको वे जानते हैं। दोनों परिवार इतने सालों के बाद एक-दूसरे से मिलकर बहुत खुश हुए।
"....अरे, पाखी बिटिया को तो बुलाओ..." रवि जी बोले।
"....वैसे अगर बच्चे एक-दूसरे को पसंद कर लें तो सबसे ज़्यादा खुशी मुझे होगी। पाखी बिटिया की और मेरी तो पहले से ही बहुत बनती है।"
तभी पाखी अपनी दादी माँ के साथ चाय की ट्रे लिए ड्राइंग रूम में आ जाती है। पाखी अंदर आती है और नज़र उठाकर ऊपर देखती है। पाखी रवि और रितिका जी को देखकर खुश हो जाती है। फिर उसकी नज़र डॉक्टर राजदीप पर जाती है। उसकी आँखें फैलकर बड़ी हो जाती हैं और वह अपने मन में सोचती है, "लौ हो गया सियापा 😱😱"। उसने तो अपनी दादी माँ को पहले ही शादी के लिए हाँ बोल दी थी।