Destined to be mine - Chapter 2
मिष्टि बेटा, उठ जाइए। आध्या ने प्यार से उसके गाल को छूकर कहा। मिष्टि ने उसके हाथ को पकड़कर अपने सर के नीचे रख लिया। आध्या मुस्कुरा उठी। उसने मिष्टि को अपनी गोद में उठाते हुए कहा, "मम्मा को पता है कि आप उठी हुई हैं। इसलिए अब ये नाटक करना बंद कीजिए।"
मिष्टि ने उसकी गर्दन के इर्द-गिर्द अपनी छोटी-छोटी बाहें लपेट दीं और अपनी प्यारी-प्यारी आँखें खोलकर आध्या को देखते हुए अपने चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान बिखेरते हुए बोली, "गुड मॉर्निंग मम्मा।"
इतना कहकर उसने आध्या के गाल पर किस कर दिया। आध्या ने भी मुस्कुराकर उसके गाल को चूम लिया। "लव यू टू माय बच्चा। अच्छा, अब आप पहले मम्मा को ये बताइए कि आप रोज़ जाग जाती हैं, फिर भी सोने का नाटक क्यों करती हैं?"
आध्या का सवाल सुनकर मिष्टि ने अपने सर पर हाथ मारते हुए कहा, "ओफ्फो मम्मा, आपको तो कुछ भी नहीं पता। उठ तो मैं आपके जाने के बाद ही जाती हूँ, पर मुझे सबसे पहले आपका सुंदर सा चेहरा देखना होता है ना, इसलिए इंतज़ार करती हूँ कि कब आप मुझे उठाने आएंगी। ताकि मिष्टि की सुबह उसकी मम्मा का सुंदर सा चेहरा देखकर हो। सुपरमैन कहते हैं कि आपका चेहरा देखकर अगर दिन की शुरुआत हो तो दिन अच्छा गुज़रता है।"
उसकी एक्टिंग देखकर आध्या ने उसके गाल को खींचते हुए कहा, "आप और आपके सुपरमैन, पता नहीं क्या-क्या करते रहते हैं। चलिए, अब हो गई आपकी दिन की शुरुआत, तो चलकर फ़्रेश हो जाइए, वरना अंकल को लेट हो जाएगा।"
"मम्मा, पहले मिष्टि को नीचे तो उतारिए। सुपरमैन को तो अभी गुड मॉर्निंग कहा ही नहीं मिष्टि ने," मिष्टि ने मासूमियत से अपनी आँखें मटकाते हुए कहा। आध्या ने उसको नीचे उतारते हुए कहा, "जल्दी आइएगा, मम्मा आपका इंतज़ार कर रही है।"
मिष्टि ने "येस मम्मा" कहा और झट से अपने छोटे-छोटे पैरों से मटकते हुए वहाँ से भाग गई। आध्या मुस्कुराकर उसको देखती रही, फिर वॉर्डरोब की तरफ़ बढ़ गई।
मिष्टि कमरे से बाहर निकली और भागते हुए किचन में पहुँच गई। फिर उसने अपनी कमर पर हाथ रखकर समीर को देखते हुए कहा, "सुपरमैन, नीचे आइए ना। मिष्टि अभी लिटिल गर्ल है।"
उसकी बात सुनकर समीर उसकी तरफ़ मुड़ा और उसको उठाकर स्लैब पर खड़ा करते हुए मुस्कुराकर कहा, "अब तो मिष्टि बिग गर्ल हो गई। बताइए, हमारी प्रिंसेस यहाँ क्यों आई है?"
"गुड मॉर्निंग सुपरमैन।" मिष्टि ने खिलखिलाते हुए उसके गाल पर किस कर दिया।
समीर की मुस्कान और बड़ी हो गई। उसने भी उसके गाल को चूम लिया। "गुड मॉर्निंग प्रिंसेस। अच्छा, चलिए बताइए, आज आप ब्रेकफ़ास्ट में क्या खाएँगी?"
"आप जो भी बनाएँगे, मिष्टि खा लेगी। उसके सुपरमैन बहुत अच्छी कूकिंग करते हैं। मिष्टि को उनकी बनाई हर डिश पसंद है।"
"अच्छा, ठीक है। चलिए, अब आप जाकर तैयार होकर आइए, तब तक आपके सुपरमैन आपके लिए स्पेशल ब्रेकफ़ास्ट बनाते हैं।"
समीर ने उसको अपनी गोद में उठाकर नीचे उतारा और मिष्टि फुदकती हुई वापिस कमरे में भाग गई। समीर भी मुस्कुराकर अपने काम में लग गया। कुछ एक घंटे बाद आध्या मिष्टि के साथ कमरे से बाहर निकली तो समीर तैयार होने चला गया। आध्या ने डाइनिंग टेबल पर ब्रेकफ़ास्ट लगाया और कुछ देर में समीर भी वहाँ आ गया।
आध्या ने उसको ब्रेकफ़ास्ट करवाया और फिर खुद करने लगी। ब्रेकफ़ास्ट के बाद समीर उसको लेकर चला गया। अब वहाँ बस आध्या रह गई थी। आध्या ने घर साफ़ किया और अब काम निपटाने के बाद वह न्यूज़पेपर में जॉब के ऐड्स देखने लगी। सुबह से दोपहर हुई तो वह जाकर मिष्टि को लेकर आ गई। उसके कपड़े बदलवाकर उसको लंच कराकर सुला दिया और खुद उसके सर पर हाथ फेरते हुए बोली,
"पता नहीं आपकी मम्मा आपको वो ज़िंदगी दे भी पाएँगी या नहीं जिस पर आपका हक़ है, पर आपकी मम्मा जो भी कर रही है, बस आपके लिए ही कर रही है। आप ही उनके लिए सब कुछ हैं, उनके जीने की वजह भी आप हैं। एक बिन माँ-बाप की बच्ची को ये सेल्फ़िश दुनिया कहीं का नहीं छोड़ती, इसलिए आपकी मम्मा हमेशा आपके साथ रहेगी। खुद को नहीं बचा पाई, पर आप पर आँच तक नहीं आने देंगी। आपको वो प्यार ज़रूर मिलेगा जिसके लिए आपकी मम्मा आज तरसती है, और मैं कोशिश करूँगी कि अपनी बेटी को दुनिया की हर खुशी दे पाऊँ।"
फिर उसने अपनी आँखें बंद करके कहा, "हे भगवान जी, आपने आज तक जो भी मेरे साथ किया, मैंने उसे बिना शिकायत किए एक्सेप्ट किया है क्योंकि मुझे आप पर विश्वास है। अगर आप कुछ कर रहे हैं तो उसके पीछे मेरा भला ही छुपा होगा। आज भी आपसे शिकायत नहीं कर रही, बस रिक्वेस्ट कर रही हूँ कि बहुत ठोकरें खा ली मैंने, अब मुझे ऐसी नौकरी दिला दीजिए जहाँ मैं इज़्ज़त से काम कर सकूँ और मिष्टि की अच्छे से परवरिश कर दूँ। इस बार किसी गलत जगह मत भेजिएगा मुझे।"
इतना सोचते हुए उसकी आँखें नम हो गईं। उसने मिष्टि के माथे को चूम लिया और लग गई एक बार फिर अपने लिए जॉब ढूँढने में। शाम हुई तो समीर भी लौट आया। उसने मिष्टि के साथ खूब मस्ती की। आध्या भी दोनों की मस्ती देखते हुए खाना बना रही थी। रात को तीनों ने साथ में डिनर किया, फिर दोनों मिलकर मिष्टि को पढ़ाने लगे। वह पढ़ते-पढ़ते ही सो गई तो समीर ने उसको अच्छे से सुलाया और गुड नाइट बोलकर वहाँ से निकल गए। अगले दिन का सोचते हुए आध्या भी सो गई।
वहीं शहर के सबसे आलीशान बंगले में, एक लड़का था— नज़रें उसकी तरफ जाती थीं... और फिर वहीं ठहर जाती थीं।
सुबह की हल्की धूप उस महल जैसे घर की खिड़कियों से छनकर, सीधे उस पर पड़ रही थी। वह अपने पर्सनल जिम में था। हाथों में डम्बल्स, आँखों में जुनून, और बदन से टपकता पसीना… ऊपरी बदन से कपड़े नदारद, और सामने शीशे में झलकती उसकी सिक्स पैक एब्स वाली परफेक्ट बॉडी।
पसीने की बूंदें उसके चेहरे से लुढ़कती हुई गर्दन और मस्कुलर चेस्ट पर गिर रही थीं… वह सिर्फ फिट नहीं था… वह खतरनाक हद तक परफेक्ट था। एक ऐसा लड़का, जो किसी के भी दिल की धड़कनों को मिनटों में तेज़ कर सकता था।
उसने अपने हैंडसम से चेहरे को तौलिए से पोंछते हुए दूसरी तरफ़ निगाह उठाई। वहाँ खड़े लड़के ने झट से कहा, "सॉरी सर, वो आज आप ऑफ़िस नहीं आने वाले थे, फिर सीधे दो दिन बाद ही आपसे बात हो पाती और मेरा अभी आपसे बात करना बहुत ज़रूरी था। मुझे अर्जेंटली दिल्ली जाना होगा, पापा की तबियत खराब हो गई है। उन्हें कल रात को अटैक आया था, माँ बहुत डरी हुई है इसलिए मुझे वहाँ जाना होगा और शायद एक-दो महीने मैं आ भी न सकूँ। फैमिली का प्रेशर है कि शादी करनी है, तो अब जब सब ठीक होगा, तभी लौट पाऊँगा।"
उसने तोते की तरह सब एक साँस में कह दिया, फिर डरी हुई नज़रों से लड़के को देखा। लड़के ने बड़े आराम से उसकी बात सुनी। उसके चुप होने के कुछ देर बाद, बिना किसी भाव से उसने बोला, "तो तुम शादी करने के लिए जा रहे हो और उसके लिए अपनी जॉब छोड़ना चाहते हो?"
उसके सवाल को सुनकर वह लड़का हड़बड़ा गया।
"नहीं सर, मैं जॉब छोड़ना नहीं चाहता। इतने अच्छे बॉस के लिए काम करने का मौका भला कौन छोड़ना चाहेगा? बात बस इतनी है कि मम्मी-पापा प्रेशर डाल रहे हैं, तो मुझे जाना ही होगा, पर मैं जॉब नहीं छोड़ना चाहता। अगर आप मुझे एक महीने की छुट्टी दे देते तो अच्छा होता।"
उसका जवाब सुनकर लड़का कुछ देर सोचता रहा। फिर उसने उसकी तरफ़ निगाह उठाते हुए कहा, "तुम पिछले पाँच सालों से मेरे साथ काम कर रहे हो, तुम्हारे काम से मुझे कभी कोई कंप्लेंट नहीं रही। ये कहना गलत नहीं होगा कि तुमने हर मोड़ पर अपनी काबिलियत को साबित किया है, इसलिए मैं तुम्हें हटाना नहीं चाहता। पर अगर एक महीने तक तुम काम पर नहीं आओगे तो काम में प्रॉब्लम्स आएगी, ये लाज़मी है। ऐसे में तुम्हारी जगह किसी को तो अपॉइंट करना ही होगा।"
उसके इतना कहते ही लड़के ने झट से कहा, "सर, मैं आपके लिए नई असिस्टेंट ढूँढ दूँगा। आज तो आपको वाशिंगटन जाना है Mr. विलियम के साथ। आपकी कल एक मीटिंग है। आप दो-तीन दिन बाद ही लौटेंगे, तब तक मैं आपके असिस्टेंट को सब सिखा दूँगा। आपको कोई प्रॉब्लम नहीं होगी। ये मेरी ज़िम्मेदारी है। आप जब वापिस आएँगे, तब आप उस असिस्टेंट के काम को चेक कर सकते हैं। अगर आपको उसका काम पसंद आया, तभी मैं जाऊँगा, वरना कुछ और सोच लूँगा।"
उसकी बात सुनकर लड़के ने वहाँ से जाते हुए कहा, "माँ-बाप को वेट कराना सही नहीं। चले जाओ तुम, मैं मैनेज कर लूँगा। हाँ, अपनी जगह असिस्टेंट ढूँढ जाना और ट्रेंड भी कर देना। चिंता करने की ज़रूरत नहीं। जब तुम लौटोगे, तो तुम्हें तुम्हारी पोस्ट वापिस मिल जाएगी। बाकी जो करना है, वो मैं देख लूँगा।" इतना कहकर वह वहाँ से निकल गया। वह दूसरा लड़का भी जल्दी से वहाँ से निकल गया। लिविंग रूम में उसे एक बूढ़ी औरत बैठी मिली। उन्हें देखकर उसने आदर से सर झुका लिया। "गुड मॉर्निंग दादी।"
आवाज़ सुनकर उस महिला ने अखबार हटाकर उसे देखा और मुस्कुराकर बोली, "गुड मॉर्निंग बेटा। आज सुबह-सुबह यहाँ, कुछ ज़रूरी काम था क्या?"
"जी, वो घर जाना था। पापा की तबियत ठीक नहीं, माँ अकेली है तो मेरा जाना ज़रूरी है। बस इसलिए सर से परमिशन लेने आया था।" उसके जवाब पर लड़के ने भी मुस्कुराकर जवाब दिया। दादी ने आगे कहा, "सही सोचा है आपने, आपको उनके पास जाना ही चाहिए। माँ-बाप के प्रति अपने फ़र्ज़ को भूलना ठीक नहीं। क्या कहा अद्वय ने? छुट्टी के लिए मना तो नहीं किया ना?"
"नहीं दादी, सर ने हाँ कह दिया है। बस जाने से पहले कुछ काम निपटाने हैं, वही करने जा रहा था।" उसने एक बार फिर मुस्कुराकर कहा। दादी ने उठते हुए कहा, "अब आप आ ही गए हैं तो चलकर हमारे साथ ब्रेकफ़ास्ट कीजिए, उसके बाद चले जाइएगा काम पर।"
"नहीं दादी, काम बहुत ज़रूरी है, अभी ही जाना होगा। अगर नहीं गया तो सर छुट्टी ही नहीं देंगे।"
उसका चेहरा घबराया हुआ लग रहा था। जिसे देखकर दादी ने मुस्कुराकर कहा, "इतना क्यों डरते हैं आप उनसे? वो भी आपके तरह आम इंसान ही हैं।"
"आपने उन्हें जाना नहीं है। वो आपके सामने जितने सीधे बनते हैं, उतने ही ज़्यादा खड़ूस हैं वो काम के मामले में। एक बार किसी को घूरकर जो देख लें तो इंसान की साँसें अटक जाएँ।"
पीयूष ने अब मुँह बना लिया। जैसे ही वह चुप हुआ, एक कड़क आवाज़ उसके कानों में पड़ी, "तो तुम यहाँ खड़े मेरी बुराई कर रहे हो? लगता है अपनी ज़िंदगी से मोह खत्म हो गया है तुम्हारा?"
उसकी बात सुनकर पीयूष ने घबराकर आवाज़ की दिशा में देखा। सीढ़ियों के पास ही अद्वय खड़ा था और उसी को घूर रहा था। उसके एक्सप्रेशन देखकर पीयूष ने खुद से कहा, "आज तो तू गया काम से!" फिर उसने कुछ संभलकर कहा, "सॉरी सर, मैं जा ही रहा था।"
इतना कहकर वह छुट्टे साँड की तरह सर पर पैर रखकर भाग गया। उसकी हालत देखकर दादी ने अद्वय को देखकर हल्की नाराज़गी से कहा,
"अद्वय, ये क्या तरीका था? क्यों आप उन्हें डराते रहते हैं? वो जा ही रहे थे, हमने ही उन्हें रोका था। क्या अब हम किसी से बात भी नहीं कर सकते?"
अद्वय ने नाराज़गी से उन्हें देखते हुए कहा, "वो मेरा एम्प्लॉयी है। आप उससे ऐसे मेरे बारे में बात कैसे कर सकती हैं? वो ढंग से काम करे, इसके लिए उसके साथ सख्ती दिखाना ज़रूरी है। अब हर किसी के साथ मैं आपके साथ जैसे रहता हूँ, वैसे तो नहीं रह सकता। अगर ऐसा हुआ तो ऑफ़िस में कोई न तो मुझे सीरियस लेगा और न ही काम को ढंग से करेगा। कभी-कभी सख्ती दिखाना भी ठीक होता है। आप उससे जो मर्ज़ी बात करती हैं, मैंने आज तक कभी आपको रोका है? जो आज रोकता हूँ, पर मेरे बारे में कुछ मत कहा कीजिए।"
"कभी-कभी तो हमें लगता है कि हमने आपकी परवरिश करने में कमी छोड़ दी है। आपके अंदर किसी चीज़ के लिए इमोशंस ही नहीं हैं। काम में खुद को इतना मशगूल कर लिया है कि ज़िंदगी के रंगों को कभी खुद पर चढ़ने ही नहीं देते। बेटा, ज़िंदगी जीने के लिए काम करना पड़ता है, पर आपने काम को ही अपनी ज़िंदगी बना लिया है। सबके साथ सख्ती दिखाते-दिखाते आपका दिल ही सख्त हो गया है, उसमें अब भावनाएँ रही ही नहीं या आप उन्हें आने नहीं देते। खुद को ऐसे काम में डुबोना भी ठीक नहीं बेटा, कभी-कभी हँसी-मज़ाक भी कर लेना चाहिए। ज़िंदगी को काटने की जगह उसे जीने की कोशिश कीजिए। ऐसे पत्थर दिल बने रहेंगे तो कभी खुश नहीं रह पाएँगे।"
उनकी बात सुनकर अद्वय ने वहाँ से जाते हुए कहा, "नॉट अगेन दादी, आप जानती हैं आपकी ये बातें मेरा इरादा नहीं बदल सकतीं।" इतना कहकर उसने नौकर को कुछ इशारा किया और वहाँ से चला गया। दादी उदास नज़रों से उसको जाते हुए देखते हुए बोली,
"जाने कब आप हमारी बातों को समझेंगे? आधी ज़िंदगी तो अकेले ही गुज़ार दी है। कहीं आपकी ज़िद आपको सारी ज़िंदगी अकेला रहने पर मजबूर न कर दे। सबके साथ सख्ती दिखाते-दिखाते आपने अपने दिल को पत्थर का बना लिया है। हमारी भगवान से बस एक ही प्रार्थना है, वो जल्दी से आपकी ज़िंदगी में ऐसी लड़की को भेज दे जो इस पत्थर को मोम बनने पर मजबूर कर दे। और कुछ नहीं तो आपके एम्प्लॉयीज़ को आपके रोज़-रोज़ के गुस्से से छुटकारा मिल जाएगा और हमें भी एक साथी मिल जाएगा।"
वह यही सोचते हुए मंदिर के लिए निकल गई।