श्रापित हार part 2 -chapter 2
"आईपीएस ऑफिसर सुरभि अग्निहोत्री!" एक आदमी ने राहत भरी आवाज़ में कहा। "अच्छा हुआ, आप आ गईं।"
सुरभि ने ठंडे स्वर में पूछा, "क्या हुआ मिस्टर रायचंद? मुझे पूरी बात बताइए, ताकि मैं हार को ढूँढने में मदद कर सकूँ।"
रमेश रायचंद के छोटे भाई, विनोद रायचंद, आगे आए और बोले, "हार अपने लॉकर में बंद था। कोई भी कमरे में नहीं गया। लेकिन जब हमने लॉकर खोला, तो हार गायब था! वहाँ कोई ताला तोड़ने का निशान भी नहीं है।"
सुरभि ने सिर हिलाया और फिर सवाल किया, "क्या कोई और लॉकर की चाबी रखता था?"
"सिर्फ़ मैं और माँ," रमेश रायचंद ने कहा।
तभी घर की सबसे बुजुर्ग महिला, सावित्री देवी, जो सबकी दादी थीं, भारी आवाज़ में बोलीं, "ये हार श्रापित है, बेटी! मैंने पहले ही कहा था कि इसे मत रखना। इस पर आत्माओं का श्राप है! लेकिन मुझे बुढ़िया बोलकर मेरी बात सुनता ही कौन है? लो, अब हो गई ना चोरी? लेकिन वो श्रापित हार ऐसे ही नहीं मानेगा। जिसके पास भी जाएगा, उसका विनाश होगा!"
हॉल में सन्नाटा छा गया। घर के कई लोग सहमकर एक-दूसरे की ओर देखने लगे।
सुरभि ने दादी की आँखों में झाँका और एक पल के लिए सोचा, *क्या बकवास है ये श्रापित हार! लोग बिना बात की मनगढ़ंत कहानियाँ बना लेते हैं!*
लेकिन उसने कुछ नहीं कहा। वह जानती थी कि सीधे आरोप लगाने से कोई फायदा नहीं होगा। वैसे भी, इंसान इन बातों पर पहले भरोसा करता है, लेकिन सुरभि को कभी भी ऐसी अदृश्य शक्तियों पर विश्वास नहीं था। उसके लिए ये सब चीज़ें एक्ज़िस्ट ही नहीं करती थीं। वह केवल विज्ञान और जो सामने हो रहा है, बस उसी पर यकीन रखती थी।
पूरे दिन की जाँच-पड़ताल के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो सुरभि ने फैसला किया कि वह खुद इस मामले पर नज़र रखेगी।
रात के करीब दो बजे का वक्त था। घर के सभी लोग सो चुके थे, लेकिन हवेली के पिछले रास्ते से किसी की धीमी-धीमी आवाज़ आ रही थी। कोई छुपकर किसी से बात कर रहा था, इस बात से अनजान कि हवेली के पिछले हिस्से में सुरभि भी छुपकर नज़र रखे हुए थी। जैसे ही उसने यह आवाज़ सुनी, वह चौकन्नी हो गई। और जो उसने देखा, उसे देखकर वह हैरान रह गई।
सुरभि ने धीरे से पर्दे के पीछे से देखा। घर की बेटी, रिया, किसी को फोन पर कह रही थी, "हाँ, मैं हार ले आई हूँ… बस मिलते ही तुम्हें दे दूँगी।"
रिया लॉकर से हार चुराकर अपने बॉयफ्रेंड को देने जा रही थी!
सुरभि ने तुरंत एक्शन लिया।
"रिया!" उसने सख्त आवाज़ में कहा।
रिया एकदम डरकर पलटी।
"स-सुरभि जी!"
"तो ये है तुम्हारी श्रापित आत्मा?" सुरभि ने कड़वी मुस्कान के साथ कहा। रिया के चेहरे का रंग उड़ चुका था।
"दादी की बनाई हुई कहानियाँ सुनकर ही तुमने ये प्लान बनाया, है ना?" सुरभि ने ठोस स्वर में कहा।
रिया चुप हो गई। उसके पास अब कोई जवाब नहीं था। सच का पर्दाफाश हो चुका था। सुरभि ने अपना हाथ आगे बढ़ाया और रिया को तीखी निगाहों से देखा। रिया ने चुपचाप दुपट्टे के अंदर से हार निकालकर सुरभि के हाथ में रख दिया।
अगले दिन, जब पूरे घर के सामने सच्चाई आई, तो दादी का चेहरा शर्म से झुक गया।
"मैंने तो बस पुराने समय की कहानियाँ सुनाई थीं… मुझे क्या पता था कि रिया इसे सच मानकर इतना बड़ा कदम उठा लेगी," उन्होंने कहा।
सुरभि ने एक गहरी साँस ली और बोली, "भूत-प्रेत जैसी कोई चीज़ नहीं होती। अपराध हमेशा किसी इंसान का ही किया हुआ होता है।"
"इस हार की चोरी में किसी आत्मा का हाथ नहीं है, ये बात मुझे शुरुआत में ही समझ आ गई थी। क्योंकि अगर कोई आत्मा होती, तो वो इस हार का क्या करती? ऐसा तो है नहीं कि वो इसे अपने गले में डालकर फैशन शो में जाएगी। और जब मैं सबसे पूछताछ कर रही थी, तो सिर्फ़ रिया ही थी जो मेरे सवालों का थोड़ा घुमा-फिराकर जवाब दे रही थी। तभी मुझे शक हुआ कि इस चोरी में किसी आत्मा का नहीं, बल्कि किसी इंसान का हाथ जरूर है।
दादी जी, पुराने ज़माने में लोग इस तरह की कहानियाँ इसीलिए गढ़ते थे ताकि घर में कोई लालची इंसान हो, तो उसकी नज़र गहनों और जेवरात पर न पड़े। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि आज के ज़माने में भी इन अफवाहों को हवा दी जाए। ये सब मनगढ़ंत बातें हैं। न कोई आत्मा होती है, न कोई प्रेत-पिशाच।
साइंस इतनी तरक्की कर चुका है। लोग चाँद तक पहुँच गए हैं, मंगल पर पानी खोजा जा रहा है और हम आज भी भूत-प्रेत पर यकीन कर रहे हैं? ये सब दिखावटी बातें हैं। आपको इन सब पर यकीन नहीं करना चाहिए।
रिया को पहले से ही पता था कि ये भूत-प्रेत कुछ नहीं होता। उसे मालूम था कि इस हार के श्रापित होने की कहानी पूरी तरह नकली है। इसीलिए उसने इसे चुराया और अपने बॉयफ्रेंड को देने की सोच रही थी।"
सुरभि ने रमेश जी की तरफ देखा और कहा, "देखिए, ये रिया और आपका पारिवारिक मामला है। लेकिन अगर आप मेरी नज़र से देखेंगे, तो जब तक कोई बड़ी बात न हो, तब तक कोई भी लड़की इतना बड़ा कदम नहीं उठाती। मुझे लगता है, आपको एक बार रिया से खुलकर बात करनी चाहिए।"
रमेश जी ने गुस्से में रिया की तरफ देखा। रिया डरते हुए रमेश जी को देखने लगी और फिर तुरंत नज़रें झुका लीं।
वह धीमी आवाज़ में बोली, "पापा, मैं एक लड़के से प्यार करती हूँ। लेकिन मुझे पता है कि आप लोग मेरी उससे तब तक शादी नहीं करवाएँगे जब तक उसके पास कोई काम नहीं होगा। इसीलिए मैं उसे ये हार देने जा रही थी, ताकि वो कोई छोटा-मोटा बिज़नेस शुरू कर सके और फिर आप मेरी उससे शादी करवा दें। लेकिन मुझे नहीं पता था कि बात इतनी बढ़ जाएगी।"
रिया की बात सुनकर सुरभि ने कहा, "देखिए रमेश जी, ये आपका पारिवारिक मामला है, और मैं इसमें ज़्यादा नहीं बोलना चाहूँगी। लेकिन मैं चाहूँगी कि आप रिया की बात को समझने की कोशिश करें। वह सिर्फ़ अपने प्रेमी के साथ घर बसाना चाहती है। वरना आजकल तो लोग भागने पर यकीन रखते हैं, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इसलिए इस मुद्दे को अगर आप लोग अपने तरीके से हैंडल करें, तो ज्यादा बेहतर रहेगा।"
रमेश जी ने गहरी साँस ली और बोले, "ठीक है, बुलाओ उस लड़के को। हम उसकी काबिलियत के हिसाब से उसे अपनी कंपनी में एक जॉब देंगे। जब वह अपनी काबिलियत साबित कर देगा, तब तुम्हारी शादी उससे करवाएँगे।"
रिया के चेहरे पर मुस्कान आ गई। वह बहुत खुश हो गई। उसने धीरे से सुरभि की तरफ देखा और इशारों में थैंक्यू कहा। सुरभि ने हल्का सा मुस्कुराकर अपनी पलकें झपकाईं और सिर हल्का-सा हिलाया।