अजनबी साया - Chapter 3
केस सॉल्व हो गया था। सुरभि अपने घर जा रही थी। रास्ते में रेड लाइट पर उसकी गाड़ी रुकी। वह रेड लाइट खुलने का इंतज़ार कर रही थी, जब उसकी नज़र कॉर्नर पर एक खंभे पर गई। उस पर एक छोटा सा बोर्ड लगा हुआ था। उस पर लिखा था— "काला जादू, भूत-प्रेत से छुटकारा"।
ये पढ़कर सुरभि को हंसी आ गई। लोग आज भी इन सब पर यकीन रखते हैं, इतना कि विज्ञापन के ज़रिए इसे दूसरों तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं! कौन होगा जो इन सब चीज़ों को सच मानता होगा? भूत, प्रेत, चुड़ैल, आत्मा—ये सब कुछ नहीं होता। सुरभि इन बातों पर यकीन नहीं रखती थी। उसका मानना था कि जो चीज़ सामने है, वही सच्चाई है।
रेड लाइट खुली, और सुरभि अपने घर की तरफ बढ़ गई। हमेशा की तरह घर पहुँचकर सुरभि अपने कमरे में गई। कपड़े बदलकर उसने नाइटसूट पहना और अपने केस की फाइल देखने लगी। क्योंकि यह एक प्राइवेट क्वार्टर था, इसलिए उसने यहाँ सिर्फ़ ज़रूरत का सामान ही रखा हुआ था। उसकी फैमिली दूसरे शहर में रहती थी, और उसकी पोस्टिंग मुंबई में हुई थी।
खिड़की के पास रखी कुर्सी पर बैठकर वह फाइल देख रही थी, जब अचानक उसकी नज़र चांद पर चली गई। वह हैरान रह गई—आज का चांद कुछ अजीब था। गुलाबी रंग का...! सुरभि की आँखें हल्की सी सिकुड़ गईं। यह तो उसने पहली बार देखा था! गुलाबी चांद... ऐसा कैसे हो सकता है? और चांद का आकार भी आज कुछ बड़ा लग रहा था। वह थोड़ी हैरान हुई, लेकिन फिर इस बात को नज़रअंदाज़ कर दिया और अपने काम में लग गई।
थोड़ी देर बाद उसने फाइल बंद की और ड्रेसिंग टेबल की तरफ बढ़ी, जहाँ उसकी नाइट क्रीम रखी थी। उसने लोशन निकाला और हाथों पर लगाने लगी, तभी उसे ऐसा लगा जैसे खिड़की के पास कोई खड़ा हो...
हालांकि यह पुलिस सर्विस क्वार्टर था, जहाँ किसी बाहरी व्यक्ति या चोर का आना नामुमकिन था। लेकिन फिर भी, एक पुलिस ऑफिसर होने के नाते, वह किसी की मौजूदगी को आसानी से भांप सकती थी।
सुरभि चौंक कर खिड़की की तरफ देखी, लेकिन वहाँ कोई नहीं था। हल्की हवा चल रही थी, जिससे पर्दा उड़ रहा था। शायद इसी वजह से उसे ऐसा लगा होगा। हाथों पर लोशन लगाते हुए वह खिड़की के पास गई और आसपास नज़र दौड़ाई, पर उसे कोई नहीं दिखा।
"शायद मुझे भ्रम हुआ होगा..." उसने खुद से कहा और वापस पलटी।
तभी अचानक लाइट चली गई, और हर जगह अंधेरा छा गया। सुरभि को कुछ भी नज़र नहीं आ रहा था। उसने आगे बढ़कर अपना फ़ोन ढूँढने की कोशिश की, ताकि टॉर्च जलाकर रोशनी कर सके। लेकिन जैसे ही उसने एक कदम आगे बढ़ाया, उसे महसूस हुआ कि यह सिर्फ़ उसका भ्रम नहीं था।
बहुत करीब... शायद उसके कानों के पास... साँसों की आहट थी!
यह उसका भ्रम नहीं था। वह किसी भी चीज़ में धोखा खा सकती थी, लेकिन अपने आसपास किसी की मौजूदगी का एहसास कोई धोखा नहीं था!
सुरभि चौंक कर पीछे पलटी—और तभी...रोशनी हो गई। लाइट वापस आ गई थी।
उसने चारों तरफ़ नज़र दौड़ाई—लेकिन वहाँ कोई नहीं था! उसने अच्छी तरह देखा, पर कुछ भी नहीं मिला। बस, खिड़की खुली हुई थी...
अपने इतने नज़दीक उसने साँसों की आवाज़ सुनी थी। सुरभि का दिल तेज़ी से धड़क रहा था। यह उसके साथ पहली बार हो रहा था। इस तरह की अजीब चीज़ उसने पहले कभी अनुभव नहीं की थी। पर यह अचानक उसके साथ क्या हो रहा था?
सुरभि जल्दी से खिड़की के पास गई। उसने खिड़की के पर्दे लगाए और अगले ही पल खिड़की का दरवाज़ा बंद कर दिया। उसने लॉक को अच्छी तरह से लगा दिया।
बेड पर जाने से पहले सुरभि ने एक पल के लिए उस जगह को फिर से देखा, जहाँ उसे वह साँसों की महक महसूस हुई थी। यह उसका कोई भ्रम नहीं था। उसने इस चीज़ को बहुत अच्छे से महसूस किया था। वह एक पुलिस ऑफिसर थी और बड़े-बड़े क्राइम केस उसने इसी आधार पर सॉल्व किए थे कि उसका सिक्स्थ सेंस बहुत तेज़ था। वह किसी भी क्रिमिनल की मौजूदगी को आसानी से भांप लेती थी। लेकिन इस वक़्त उसने कुछ अजीब महसूस किया था। उसे ऐसा लग रहा था जैसे कोई क़रीब तो है, लेकिन इस साँसों की महक में किसी इंसान के होने का एहसास नहीं हो रहा था...
बहुत देर तक उसने उस जगह को देखा, लेकिन जब अपने दिल और दिमाग को यह तसल्ली दे दी कि शायद आज श्रापित हार के केस के बाद उसने इस चीज़ को बहुत ज़्यादा अपने दिमाग पर हावी कर लिया होगा, इसलिए उसे ऐसा अजीब लग रहा है... उसने इस बात को इग्नोर किया और चुपचाप बेड की तरफ़ बढ़ गई।
एक नॉवेल उठाकर उसने पढ़ने का सोचा, ताकि जब तक उसे नींद न आए, वह उसमें व्यस्त रह सके। लेकिन जैसे ही उसने पढ़ना शुरू किया, उसकी नज़र बार-बार खिड़की की तरफ़ जा रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे खिड़की के दूसरी तरफ़ से कोई उसे देख रहा हो। लेकिन वहाँ सिर्फ़ सफ़ेद पर्दे के अलावा उसे कुछ नज़र नहीं आ रहा था।