दस्स मेरिया दिलबरा वे 🍁🍁 Ch. 2

दस्स मेरिया दिलबरा वे 🍁🍁 - Chapter 2

Posted by Beautiful stories ( R Mann) • Oct 20, 2026 12:09 PM

सर्दियों की ढलती शाम का वक्त था। पोह की ठंड में जैसे ही सूरज ढला, चारों तरफ घना अंधेरा और कोहरा छाने लगा। हवेली के बड़े से लोहे के गेट के पास एक बहुत बड़ा दरवाज़ा था, जहाँ घर की गाड़ियाँ ,ट्रैक्टर और खेत में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी रखी  जाती थी। उसी दरवाज़े के एक तरफ पशुओं को बाँधने के लिए एक लंबा-चौड़ा बरामदा बना हुआ था, जहाँ घर के दूध-दही के लिए गाय-भैंसें बांधी जाती थीं।

आज ही एक गाय ने बछड़े को जन्म दिया था। जब हवेली की मुलाज़िमा कुर्मी दूध निकालने के लिए बरामदे की तरफ जाने लगी, तो इशरत भी उसके साथ हो ली। कुर्मी अंदर का काम संभालती थी, जबकि उसका पति रहीम—जो 40 साल से ऊपर की उम्र का एक शरीफ़ आदमी था—पशुओं की देख-रेख करता था।

कुर्मी के हाथ में दूध की बाल्टी थी और रहीम भी साथ ही चल रहा था। इशरत, जिसका शाल इस वक्त बेफिक्री से गले में ढीला पड़ा था और अपनी लंबी चोटी को हाथ में थामे, बड़े चाव से उस नए बछड़े की बातें करती हुई मुस्कुराकर आ रही थी। उसे इस बात का ज़रा भी ध्यान नहीं रहा कि बख्तियार की जीप कुछ देर पहले ही आकर रुकी थी।

उसी वक्त मुख्य दरवाज़े से बख्तियार निकला। उसकी नज़र सीधे सामने हंसती हुई इशरत पर पड़ी। रहीम और उसकी बीवी से इस तरह खुलकर बातें करना और रहीम की मौजूदगी में इस तरह बेफिक्र होना बख्तियार का पारा सातवें आसमान पर ले गया।

बख्तियार ने कुछ पल इंतज़ार किया कि शायद इशरत को उसकी मौजूदगी का अहसास हो, वह अपना शाल ठीक करे और उसकी तरफ देखे। मगर इशरत तो बछड़े की मासूम हरकतों की बातें करने में मग्न थी।

आखिरकार बख्तियार से रहा नहीं गया। उसने  टोका, "क्या हो रहा है यहाँ?"

उसकी आवाज़ सुनते ही इशरत जैसे सहमकर काँप उठी! उसने सामने देखा तो बख्तियार अपनी बड़ी-बड़ी आँखों से उसे ही घूर रहा था। इशरत ने बिना एक सेकंड गँवाए अपने गले में पड़ी शॉल को संभाला, झट से सिर पर ओढ़ा, अपनी चोटी को पीछे फेंका और बिना पीछे मुड़े हवेली की तरफ भाग खड़ी हुई। उसका दिल घबराहट से धड़कने लगा था।

सच तो यह था कि इशरत बख्तियार से ही नहीं, बल्कि इस हवेली के हर मर्द से डरती थी। इस घर का माहौल ही ऐसा था कि कोई कब किस बात पर बिगड़ जाए, किसी को नहीं पता था। उसका बड़ा भाई दानिश तो शहर के कॉलेज में पढ़ता था और इस घर के मर्दों से अलग था, जबकि छोटा भाई फैजान  उससे छोटा था। और उसके अपने अब्बा—आलमगीर खान—उन्होंने तो शायद आज तक कभी अपनी बेटी इशरत को प्यार से बुलाया भी नहीं था।

इशरत को इस तरह हांफते और भागते हुए अंदर आते देख रुखसार ने पूछा—जो उसके ताया जान समर खान की सबसे छोटी बेटी थी—"क्या हुआ इशरत? ऐसे क्यों भाग रही है?"

वह अभी बोल ही रही थी कि नगमा भी वहाँ आ गई। नगमा, बख्तियार के अब्बा मुजफ्फर खान की (दूसरी बीवी से) बेटी थी। उसने थोड़ा लापरवाही से मुस्कुराते हुए पूछा, "ऐसा क्या देख लिया तुमने जो इतनी घबराई हुई हो?"

तीनों एक-दूसरे की पक्की सहेलियाँ थीं। हवेली की बंदिशों के बीच वे अपना हर सुख-दुख और राज़ एक-दूसरे से बाँटती थीं।

इशरत ने अपनी थमी हुई सांसों को बहाल करते हुए कहा, "होना क्या है... मैं तो कुर्मी के साथ पशुओं के बाड़े में गई थी नए बछड़े को देखने। मगर वहाँ तुम्हारे वो 'जल्लाद भाई जान' आ गए! मुझे तो लगा था आज वो मुझे कच्चा ही चबा जाएँगे... बड़ी मुश्किल से जान बचाकर भागी हूँ!"

फिर थोड़ा चिढ़कर बुदबुदाई, "पता नहीं सारे नमूने हमारे ही घर में क्यों भरे पड़े हैं!"

तभी इशरत की अम्मी—सायरा बेगम—वहाँ आईं और बोलीं, "क्या हुआ इशरत? किस बात पर फुसफुसा रही हो?"

"कुछ नहीं अम्मी, कोई बात नहीं..." इशरत ने झट से बात संभाली।

सायरा बेगम ने तीनों लड़कियों की तरफ देखा और प्यार से कहा, "चलो, चौके में आकर खाना खा लो। बाहर मौसम बहुत ख़राब हो रहा है और  चौके में आग जल रही है, आराम मिलेगा।"

चूँकि घर के मर्द अभी खाने के लिए अंदर नहीं आए थे, इसलिए सायरा बेगम ने लड़कियों को पहले ही खिलाना सही समझा।

इशरत ने मुँह बनाते हुए कहा, "मेरी तो सारी भूख मर गई अम्मी... मुझे नहीं खाना। तुम दोनों जाओ।"

"अब बच्चों जैसी ज़िद मत कर, आ जा न!" नगमा उसका हाथ खींचते हुए बोली, "अब बड़े भाईजान की तो आदत ही ऐसी है, वो किससे सीधे मुँह बात करते हैं?"

रुखसार ने एक ठंडी आह भरते हुए कहा, "वैसे इस घर में तो सब अपनी ही मर्जी चलाते हैं..."

नगमा ने रुखसार को छेड़ते हुए धीमे से कहा, "वैसे... जो तुझे पसंद है, वो तो अपनी मर्जी नहीं चलाता ना?"

दोनों जानती थीं कि रुखसार छुप-छुपकर इशरत के बड़े भाई दानिश को पसंद करती है। दानिश इस बात से बिल्कुल अनजान था, लेकिन नगमा और इशरत ने रुखसार को कई बार उसे चोरी-छिपे देखते पकड़ा था।

रुखसार शर्म से लाल हो गई और हल्की सी मुस्कान के साथ बोली, "हंस लो जितना हंसना है... होना तो वही है जो बड़े तय करेंगे। हमसे कौन सा पूछने आ रहा है कि हमारी किस्मत का फैसला क्या होना चाहिए? और वैसे भी, मेरी पसंद से क्या होता है? सामने वाले को तो खबर तक नहीं है!"

बख्तियार का डर भूलकर इशरत अचानक रुखसार के कान में फुसफुसाई, "अच्छा? अगर तू कहे तो मैं दानिश भाई से बात करूँ? उन्हें पता तो चले कि कोई उन पर मरता है!"

रुखसार ने तुरंत इशरत की पसलियों में कोहनी मारी, "मरवाएगी क्या! तीनों को डांट पड़ेगी!"

तीनों लड़कियाँ खिलखिलाती हुई चौके  की तरफ़ बढ़ने लगीं।

तभी सामने से बख्तियार आ रहा था। लड़कियों को आते देख वह वहीं रुक गया, अंदर दाख़िल नहीं हुआ। उसकी गहरी, सख्त नज़रें तीनों पर पड़ीं—और खासतौर पर बीच में चलती हुई इशरत पर।

अभी कुछ ही मिनट पहले जो लड़की उससे डरकर, घबराकर भाग खड़ी हुई थी, वही लड़की अब इतनी चौड़ी और बेफिक्र मुस्कान के साथ खिलखिला रही थी!

बख्तियार ने गहरी सांस ली और धीरे से अपना सिर हिलाया... मानो अपने दिल में सोच रहा हो—'इन लड़कियों का कुछ नहीं हो सकता!'

100%