दस्स मेरिया दिलबरा वे 🍁🍁 - Chapter 3
पटियाला के पास बसा मरदखेड़ा गाँव... गाँव की सीमा में दाख़िल होते ही जो सबसे पहली और विशाल इमारत नज़र आती, वह थी खान परिवार की हवेली। समय-समय पर इस हवेली की मरम्मत और देखभाल होती रही थी, जिसके कारण आज भी इसकी शान-ओ-शौकत देखने लायक थी।
लोहे के विशाल दरवाज़े से हवेली में दाख़िल होते ही गाड़ियों और जीपों के खड़े होने का बड़ा सा अहाता था। एक तरफ़ दूध-दही के लिए पालतू मवेशियों (पशुओं) का लंबा बरामदा बना था, तो वहीं हवेली के पिछले हिस्से में एक बड़ा असतवल था, जहाँ उत्तम नस्ल के घोड़े रखे जाते थे। खान परिवार दूर-दूर तक घोड़ों की ब्रीडिंग के लिए मशहूर था। सरदार जहांगीर खान के बाद अगर इस काम में किसी की सबसे ज़्यादा दिलचस्पी थी, तो वह था उनका बड़ा पोता—बख्तियार खान।
खान परिवार अपने इलाके का सबसे प्रभावशाली और रसूखदार घराना माना जाता था। केवल मरदखेड़ा ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गाँवों में उनकी हज़ारों एकड़ ज़मीन फैली हुई थी। कई पिंड (गाँव) तो पूरी तरह उन्हीं की ज़मींदारी के तहत आते थे।
इस परिवार के मुखिया और जागीर के सरदार थे—सरदार जहांगीर खान।
उनके सिर पर बंधी पगड़ी का मान पूरा इलाका रखता था। उनके द्वारा किया गया फ़ैसला पत्थर की लकीर माना जाता था; क्या गाँव वाले और क्या सरकारी प्रशासन, किसी की हिम्मत नहीं थी कि जहांगीर खान के हुक्म को टाल सके।
सरदार जहांगीर खान की बीवी थीं—बेगम शमशाद जान (शाह बेगम)। हवेली के अंदरूनी मामलों में शाह बेगम का ही सिक्का चलता था। पूरा परिवार उनके रोब और सख्त मिज़ाज से काँपता था।
सरदार जहांगीर खान के तीन बेटे थे:
* बड़ा बेटा - मुज़फ़्फ़र खान:
* पहली बीवी (दिवंगत): रेशमा बेगम। रेशमा का इंतकाल बख्तियार के बचपन में ही हो गया था।
* दूसरी बीवी: परवीन बेगम (जो रेशमा की रिश्तेदारी से ही थीं)।
* बच्चे: पहली बीवी से बड़ा बेटा बख्तियार खान। दूसरी बीवी परवीन से एक बेटा तैमूर खान और बेटी नगमा।
* दूसरा बेटा - समर खान:
* बीवी: ज़ीनत बेगम।
* बच्चे: बेटा शाहनवाज़ खान और बेटी रुखसार।
* तीसरा बेटा - आलमगीर खान:
* बीवी: सायरा बेगम।
* बच्चे: बड़ा बेटा दानिश खान, बेटी इशरत खान और छोटा बेटा फ़ैज़ान खान।
(इन तीनों बेटों के अलावा जहांगीर खान की एक बेटी ज़ोहरा बेगम भी थीं, जिनकी शादी शहर के एक प्रतिष्ठित घराने में हुई थी।)
जब मुज़फ़्फ़र खान की पहली बीवी रेशमा का इंतकाल हुआ, तो बख्तियार बहुत छोटा था। हालाँकि मुज़फ़्फ़र की दूसरी शादी करा दी गई, लेकिन छोटे बख्तियार को दादा जहांगीर खान और दादी शाह बेगम ने ही अपने पास रखकर पाला-पोसा।
शाह बेगम, जिनसे पूरा घर डरता था, अगर किसी पर अपनी जान छिड़कती थीं, तो वह उनका बड़ा पोता बख्तियार ही था। दादा जहांगीर खान अपने मन में यह फ़ैसला कर चुके थे कि उनके बाद जागीर की सरदारी और हवेली की पगड़ी बड़े पोते बख्तियार को ही सौंपी जाएगी। हालाँकि यह बात अभी सार्वजनिक नहीं हुई थी।
वहीं, मुज़फ़्फ़र खान की दूसरी बीवी परवीन बेगम के दिल में अलग ही खिचड़ी पक रही थी। वह चाहती थी कि जहांगीर खान के बाद सरदारी उसके पति मुज़फ़्फ़र को मिले, और मुज़फ़्फ़र के बाद बख्तियार का हक मारकर यह सरदारी उसके अपने बेटे तैमूर खान को दी जाए।
बख्तियार खान:
बख्तियार सिर्फ़ दसवीं कक्षा तक पढ़ा था। साँवला रंग, बड़ी-बड़ी तीखी आँखें, साफ़-सुथरी क्लीन-शेव दाढ़ी और लंबा-चौड़ा कद... उस पर पठानी सूट उसके रोब को और बढ़ा देता था। बख्तियार का गुस्सा हमेशा उसकी नाक पर रहता था, बिल्कुल अपने दादा जहांगीर खान की तरह। हवेली के मुलाज़िमों से लेकर परिवार के लोग तक उसके तेज़ मिज़ाज से ख़ौफ़ खाते थे। खानदान की रवायत के मुताबिक वह अपनी हवेली की औरतों के पर्दे और इज़्ज़त को लेकर बेहद सख्त था।
वही दूसरी तरफ़ आलमगीर की बेटी इशरत खान थी। बेहद गोरा-चिट्टा रंग, हल्की हरी आँखें, गुलाबी होंठ और लंबी घनी चोटी... इशरत सादगी और मासूमियत की मूरत थी। गाँव में लड़कियों का नया स्कूल खुलने के कारण वह भी दसवीं तक पढ़ पाई थी। तीनों पोतियों (इशरत, नगमा और रुखसार) में इशरत उम्र में सबसे बड़ी थी (चाहे कुछ ही महीनों का फ़र्क़ था)। रुखसार थोड़ी चुलबुली और ज़बान की तेज़ थी, जबकि इशरत बेहद नर्म दिल थी और कभी किसी को आगे से पलटकर जवाब नहीं देती थी।
खानदान के बाकी लड़कों को शहर जाकर कॉलेज पढ़ने की पूरी छूट थी। आलमगीर का बड़ा बेटा दानिश पढ़ाई में सबसे तेज़ था और कॉलेज जा रहा था।
जहांगीर खान और शाह बेगम को जहाँ बख्तियार सबसे प्यारा था, वहीं पोतियों में शाह बेगम का झुकाव इशरत की तरफ़ ज़्यादा था। इशरत की इसी नज़ाकत और ख़ामोशी को देखकर शाह बेगम के दिमाग़ में बहुत पहले से एक ख़याल घर कर चुका था।
वे जानती थीं कि बख्तियार गुस्से का बेहद तेज़ और अड़ियल है। ऐसे में उसकी ढाल और जीवनसंगिनी के रूप में इशरत से बेहतर कोई नहीं हो सकती, जो अपने शांत स्वभाव से बख्तियार के गुस्से को संभाल सके।
अभी तक इस निकाह का ख़याल सिर्फ़ शाह बेगम के दिल में था, परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं थी। लेकिन हवेली की रवायतों और बंदिशों के बीच, बख्तियार और इशरत की तक़दीर का यह धागा शाह बेगम के हाथों से बाँधा जाने वाला था...
तीनों लड़कियाँ (इशरत, नगमा और रुखसार) अपनी-अपनी पीढ़ियाँ उठाकर बाहर चौके (रसोई) में जलती आग के पास जा बैठीं। कड़ाके की ठंड में चूल्हे की जलती लकड़ियों से उठती लपटें और धुएं की गर्माहट बेहद राहत दे रही थी।
वैसे तो हवेली के अंदरूनी बड़े हॉल से सटकर एक बहुत बड़ी और नए ज़माने की मॉडर्न रसोई बना दी गई थी, जहाँ एलपीजी (LPG) गैस का चूल्हा रखा था। लेकिन मुख्य पकाई और बड़ा खाना हमेशा इसी बाहरी चौके में बनता था। इस चौके की बनावट भी ख़ास थी—आधा हिस्सा खुले आँगन में था, जबकि आधे हिस्से पर पक्की छत डली हुई थी जिसकी कोई दीवारें नहीं थीं, ताकि बारिश या तेज़ तूफ़ान के समय भी नीचे चूल्हा आराम से जल सके और काम न रुके।
चौके में मिट्टी के तीन चूल्हे सुलग रहे थे। एक चूल्हे पर सब्ज़ी और सालन की बड़ी पतीली गर्म हो रही थी, दूसरे चूल्हे पर मुलाज़िमा गरमा-गरम रोटियां सेक रही थी, और तीसरे चूल्हे पर पानी गर्म होने के लिए रखा हुआ था।
तीनों लड़कियाँ चूल्हे के सामने पीढ़ियों पर बैठ चुकी थीं और अपनी थाली आगे करने ही वाली थीं कि तभी चौके के मुहाने पर शाह बेगम आकर खड़ी हो गईं।