कलावती एक चुड़ैल Ch. 1

कलावती एक चुड़ैल - Chapter 1

Posted by Manu Mk • Nov 02, 2026 11:23 PM

# एक रहस्यमयी चुड़ैल : कलावती

**नमस्कार दोस्तों!**

कभी-कभी हमारे जीवन में कुछ ऐसी घटनाएँ घट जाती हैं, जिनकी हमने कभी कल्पना भी नहीं की होती। कभी-कभी ऐसा भी होता है कि हम बिल्कुल अकेले होते हैं, फिर भी हमें ऐसा महसूस होता है जैसे हमारे आसपास कोई और भी मौजूद है।

एक अनजाना-सा डर हमारे मन में इस कदर घर कर जाता है कि हम भूत, चुड़ैल, प्रेत-पिशाच, डायन और न जाने कितनी रहस्यमयी शक्तियों पर विश्वास करने लगते हैं।

आज हम आपको एक ऐसी ही रहस्यमयी कहानी सुनाने जा रहे हैं, जिसमें एक बेहद खूबसूरत स्त्री आखिर क्यों और कैसे एक चुड़ैल के नाम से मशहूर हो गई? क्या वाकई वह एक चुड़ैल थी या फिर उसकी जिंदगी के पीछे कोई ऐसा राज छिपा था, जिससे पूरा गांव अनजान था?

आखिर क्या वजह थी कि उसके नाम से आज भी लोग कांप उठते थे?

तो चलिए, जानते हैं इस रहस्यमयी कहानी के पीछे छिपे उस अनकहे सच को।

यह कहानी है उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गांव की।

---

शाम का वक्त था। घड़ी में लगभग सात बज रहे थे। खेतों से काम खत्म करके दो दोस्त, छगनलाल और रामखिलावन, अपने-अपने घरों की तरफ लौट रहे थे।

तभी छगनलाल ने रामखिलावन से कहा।

**छगनलाल:** भैया रामखिलावन! हमने सुना है कि मिथुनवा की मेहरारू उसको छोड़कर भाग गई है।

**रामखिलावन:** (हंसते हुए) अरे भैया, ई तो होना ही था। मिथुनवा का चक्कर अपनी साली के साथ जो चल रहा था।

**छगनलाल:** भैया, तुम ही तो हमारे गांव की आन-बान और शान हो। तुम्हारे जितना पढ़ा-लिखा इस गांव में कोई है ही नहीं।

**रामखिलावन:** अरे भैया, हमसे ज्यादा तो ठाकुर साहेब का लड़का पढ़ा-लिखा है।

**छगनलाल:** अरे छोड़ो भैया! सब बेकार है। पूरा गांव जानता है कि उसका चक्कर उस नाचने वाली कलावती के साथ था। उसी के चक्कर में उसके बाप ने उसे पढ़ाई के बहाने एक साल के लिए विदेश भेज दिया था।

**रामखिलावन:** अच्छा! हमने तो सुना है कि कलावती बहुत खूबसूरत थी।

**छगनलाल:** (अचानक गंभीर होते हुए) भैया, शाम के वक्त उसका नाम मत लिया करो।

**रामखिलावन:** अरे, क्यों भैया जी?

**छगनलाल:** कहते हैं कि ऊ मर चुकी है, लेकिन उसकी लाश आज तक किसी को नहीं मिली। इसलिए कोई नहीं जानता कि ऊ जिंदा है या मर चुकी है। यही वजह है कि हम शाम के वक्त उस कोठे के पास वाले रास्ते से कभी नहीं गुजरते।

**रामखिलावन:** लेकिन भैया, ऐसा क्यों?

**छगनलाल:** कहते हैं कि कलावती की चीखें आज भी उस रास्ते से गुजरने वालों को पुकारती हैं। अगर कोई उसकी आवाज सुनकर गलती से उस कोठे के अंदर चला गया, तो समझो उसका राम ही मालिक है!

गांव के दो लोग तो ऐसे गायब हुए थे कि अगले दिन उनकी लाशें उसी कोठे के बाहर मिली थीं। हम खुद पूरे गांव वालों के साथ दिन में वहां गए थे। उनके घरवालों ने बताया था कि दोनों पिछली शाम से ही गायब थे।

**रामखिलावन:** लेकिन भैया, आपको कैसे पता चला कि कलावती लोगों को पुकारती है?

**छगनलाल:** अरे, अपना बबलू है ना! वही तो बता रहा था हमें।

**रामखिलावन:** अच्छा! तो वो कैसे बचकर आया?

**छगनलाल:** अपना बबलू भी फंस गया था उसके चंगुल में। लेकिन पता नहीं कैसे, जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर वहां से भाग आया। अब ये बात तो वही जाने कि उसके साथ वहां क्या हुआ था।

**रामखिलावन:** भैया, ये भी तो हो सकता है कि बबलू झूठ बोल रहा हो। और जिन लोगों की लाशें मिली थीं, उन्हें किसी ने आपसी दुश्मनी के चलते मार दिया हो।

**छगनलाल:** (नाराज होते हुए) तुम पढ़े-लिखे लोगों को तो यही लगता है कि गांव वाले सब बेवकूफ हैं! एक बात अच्छी तरह याद रखना भैया, जब से ऊ नाचने वाली वहां से गायब हुई है, तब से उसका कोठा बंद पड़ा है। वहां काम करने वाले लोग भी धीरे-धीरे गायब होते चले गए और कुछ तो कोठा छोड़कर शहर ही भाग गए।

अब तुम्हें हमारी बात पर विश्वास करना है तो करो, नहीं तो मत करो। हम तो चले। हमारी पत्नी रूपमती घर पर हमारा इंतजार कर रही होगी।

**रामखिलावन:** (हंसते हुए) अरे भैया, आप तो नाराज ही हो गए!

**छगनलाल:** हम नाराज नहीं हैं भैया। हम तो बस तुम्हें समझा रहे हैं, क्योंकि तुम ठहरे शहर के पढ़े-लिखे बाबू साहेब!

**रामखिलावन:** (मुस्कुराते हुए) अरे भैया, हम भी इसी मिट्टी के हैं।

इतना कहकर दोनों दोस्त अपने-अपने रास्ते चले गए।

---

घर पहुंचने के बाद भी रामखिलावन के मन में कलावती को लेकर कई सवाल उठ रहे थे।

अक्सर ऐसा ही होता है। जिस चीज के बारे में हमें जानने से मना किया जाता है, उसे जानने की उत्सुकता हमारे मन में और भी ज्यादा बढ़ जाती है।

रामखिलावन भी अब कलावती के बारे में जानने के लिए बेचैन हो उठा था।

उसे यूं खोया हुआ देखकर उसकी मां ने पूछा।

**मां:** का हुआ बेटा? कहां खोया हुआ है? जब से घर आया है, चुपचाप बैठा है।

**रामखिलावन:** मां, ये कलावती कहां चली गई थी? तुम्हें उसके बारे में कुछ पता है?

मैंने तो बस इतना सुना है कि कुछ ही सालों में वह इतनी मशहूर हो गई थी कि पूरे गांव के लोग उसका नाच देखने के दीवाने हो गए थे। आखिर ऐसा क्या हुआ था कि अचानक एक दिन वह इस गांव से गायब हो गई?

रामखिलावन की बात सुनते ही उसकी मां के चेहरे का रंग बदल गया।

**मां:** (गुस्से और डर के मिले-जुले भाव से) खबरदार! जो उस कलावती का नाम इस घर में दोबारा लिया तो! उस चुड़ैल ने तो पूरे गांव के घर बर्बाद कर रखे थे। गांव का हर मर्द उसकी खूबसूरती के पीछे पागल हो रखा था।

सब जानते थे कि वह सिर्फ गांव वालों को लूट रही थी। न जाने कितने घर उजाड़ दिए थे उसने! गांव के मर्द अपनी मेहनत की कमाई अपनी लुगाई को देने के बजाय उस कलावती के नाच पर लुटा आते थे।

अच्छा हुआ कि वह इस गांव से चली गई, नहीं तो एक दिन पूरा गांव कंगाल हो जाता।

यहां तक कि तेरे पिता भी उसके झांसे में आ गए थे। भगवान का लाख-लाख शुक्र है कि वह इस गांव से चली गई।

**रामखिलावन:** लेकिन मां, छगनलाल भैया तो कह रहे थे कि आज भी वह कोठे के पास से गुजरने वालों को आवाज लगाकर बुलाती है।

यह सुनते ही रामखिलावन की मां के चेहरे पर डर साफ दिखाई देने लगा। उसके माथे पर पसीने की बूंदें उभर आईं।

**मां:** (घबराकर) खबरदार बेटा! अगर कभी उस कोठे के आसपास भी जाने की कोशिश की तो! मैं तुझे साफ-साफ कह रही हूं, उस रास्ते पर कभी मत जाना। वहां जो भी हुआ था, उसके बारे में जितना कम जानोगे, उतना ही अच्छा होगा।

**रामखिलावन:** लेकिन मां, आखिर उस कलावती ने ऐसा क्या किया था, जिससे पूरा गांव उससे इतनी नफरत करता है?

रामखिलावन की मां कुछ पल के लिए बिल्कुल खामोश हो गई। ऐसा लग रहा था जैसे उसके मन में कोई पुरानी याद फिर से ताजा हो गई हो।

लेकिन अगले ही पल उसने बात बदल दी।

**मां:** बस, अब बहुत हो गया! रात हो चुकी है। खाना खा और सो जा।

मां की बात सुनकर रामखिलावन तो खामोश हो गया, लेकिन उसके मन में उठ रहे सवाल अब पहले से भी ज्यादा गहरे हो चुके थे।

---

**दरअसल, रामखिलावन पांच साल पहले पढ़ाई करने के लिए दिल्ली चला गया था। उस वक्त उसकी उम्र महज पंद्रह साल थी। इसी वजह से उसे कलावती के गायब होने की घटना के बारे में कुछ भी मालूम नहीं था।**

लेकिन आज छगनलाल की बातों और अपनी मां के डर ने उसे कलावती के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया था।

आखिर कौन थी कलावती?

क्या वह सचमुच एक चुड़ैल बन चुकी थी?

क्या आज भी उसकी आत्मा उस सुनसान कोठे में भटकती थी?

और अगर वह मर चुकी थी, तो उसकी लाश आखिर कहां गई?

सबसे बड़ा सवाल तो यह था कि आखिर उसके साथ ऐसा क्या हुआ था, जिसने एक खूबसूरत नाचने वाली को पूरे गांव के लिए खौफ का दूसरा नाम बना दिया?

क्या कलावती की कहानी में कोई ऐसा राज छिपा था, जिसे गांव वाले आज भी दुनिया से छिपाकर रखना चाहते थे?

**आखिर क्या सच था कलावती का?**

क्या वह आज भी उस सुनसान कोठे में मौजूद थी?

इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिए पढ़िए मेरी इस रहस्यमयी कहानी का अगला भाग।

**धन्यवाद दोस्तों!

100%