कलावती एक चुड़ैल Ch. 2

कलावती एक चुड़ैल - Chapter 2

Posted by Manu Mk • Nov 02, 2026 11:28 PM

# एक रहस्यमयी चुड़ैल : कलावती

### भाग – 2

**नमस्कार दोस्तों!**

तो चलिए, पढ़ते हैं कि आगे इस रहस्यमयी कहानी में क्या हुआ?

---

कहानी में अब तक आपने पढ़ा कि रामखिलावन की मां उसे उस पुराने कोठे के पास जाने से सख्त मना करती है। लेकिन रामखिलावन के मन में उस कोठे और कलावती को लेकर कई सवाल उठ रहे थे।

आखिर ऐसा क्या रहस्य था, जिसे पूरा गांव उससे छिपाना चाहता था?

रामखिलावन अपनी मां के सामने बैठा हुआ था। उसकी मां के चेहरे पर अब भी चिंता साफ दिखाई दे रही थी।

**रामखिलावन:** मां, लेकिन मैं उस रास्ते से क्यों नहीं जा सकता? आखिर ऐसा कौन-सा डर है वहां, जिससे पूरा गांव इतना घबराता है? पहले छगन भैया मुझे मना कर रहे थे और अब तुम भी मुझे उसी रास्ते पर जाने से रोक रही हो।

**रामखिलावन की मां:** (गुस्से में) मैंने कह दिया ना कि तू उस रास्ते पर नहीं जाएगा, बस नहीं जाएगा! कितनी बार एक ही बात समझाऊं तुझे?

**रामखिलावन:** (थोड़ा चिढ़ते हुए) मां, आप लोग बेवजह अपने मन में डर पालकर बैठे हैं। आखिर एक औरत से इतना डरने की क्या जरूरत है? मैं आज रात को ही उस कोठे पर जाकर देखूंगा कि आखिर वहां ऐसा क्या है, जिससे पूरा गांव इतना डरता है।

मुझे तो लगता है कि आप सभी ने उस बेचारी औरत को लेकर अपने मन में न जाने कैसी-कैसी गलत धारणाएं बना रखी हैं। बिना सच जाने किसी को चुड़ैल कहना भी तो ठीक नहीं है।

रामखिलावन की ये बातें सुनकर उसकी मां का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

उसने अचानक रामखिलावन के गाल पर एक जोरदार थप्पड़ लगा दिया।

**रामखिलावन की मां:** (आंखों में आंसू लिए) आखिर तू समझता क्यों नहीं है? क्या तुझे मेरी बात एक बार में समझ नहीं आती? हमने तुझे इतना पढ़ाया-लिखाया, इतना काबिल बनाया, ताकि तू अपने पैरों पर खड़ा हो सके। क्या इसलिए तुझे दिल्ली भेजा था कि तू यहां आकर उस मनहूस कोठे पर अपनी जान जोखिम में डाल दे?

तुझे जरा भी अपनी मां की चिंता नहीं है? अगर तुझे कुछ हो गया तो मैं किसके सहारे जिऊंगी?

मां की आंखों में आंसू देखकर रामखिलावन का दिल पसीज गया।

उसे अपनी गलती का एहसास होने लगा। वह धीरे से अपनी मां के पास गया और उसके आंसू पोंछते हुए बोला।

**रामखिलावन:** अच्छा मां, बस करो अब। मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। तुम्हारी कसम, अब उस कोठे के पास भी नहीं जाऊंगा। लेकिन तुम रोना तो बंद कर दो।

**रामखिलावन की मां:** (आंसू पोंछते हुए) बेटा, तू मेरी बात समझने की कोशिश कर। मैं नहीं चाहती कि उस कलावती का साया भी तेरे आसपास भटके। जब से तू इस गांव में वापस आया है, मेरा मन न जाने क्यों बेचैन रहता है। हर वक्त बस यही डर लगा रहता है कि कहीं तेरे साथ कुछ अनहोनी न हो जाए।

इतना कहते हुए रामखिलावन की मां ने अपना हाथ सीने पर रख लिया।

उसकी आवाज में एक अजीब-सी घबराहट थी, जैसे वह कलावती के बारे में कुछ ऐसा जानती हो, जिसे वह किसी भी कीमत पर अपने बेटे को नहीं बताना चाहती थी।

**रामखिलावन:** अरे मां, तुम चिंता क्यों करती हो? मैं तुम्हें वचन देता हूं कि तुम्हारी हर बात मानूंगा। अब तो खुश हो जाओ।

वैसे भी फिलहाल मुझे बहुत तेज भूख लगी है। सुबह से कुछ ढंग से खाया भी नहीं है। जल्दी से गरमा-गरम रोटियां खिला दो।

रामखिलावन की बात सुनकर उसकी मां के चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान आ गई।

**रामखिलावन की मां:** अच्छा बाबा, अभी तेरे लिए खाना बनाती हूं। तू पहले हाथ-मुंह धोकर आ जा। मैं तेरे लिए गरमा-गरम रोटियां और सब्जी बना देती हूं।

**रामखिलावन:** अच्छा मां, एक बात बताओ। बापू अभी तक घर क्यों नहीं आए?

**रामखिलावन की मां:** तेरे बापू बुआ जी के यहां कुछ सामान पहुंचाने गए हैं। सुबह तक वापस आ जाएंगे। अब तू ज्यादा सवाल मत कर और जाकर हाथ-मुंह धो ले।

रामखिलावन अपनी मां की बात मानकर हाथ-मुंह धोने चला जाता है।

लेकिन उसके मन में कलावती को लेकर उठ रहे सवाल अभी भी शांत नहीं हुए थे।

उसे क्या पता था कि जिस रहस्य को जानने की वह कोशिश कर रहा था, उसी रहस्य की एक डरावनी परछाई गांव के किसी दूसरे कोने में अपना खेल शुरू कर चुकी थी।

---

### दूसरी तरफ...

रात का अंधेरा पूरे गांव को अपनी आगोश में ले चुका था।

चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था। दूर कहीं कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दे रही थी। आसमान में बादल छाए हुए थे और ठंडी हवा के झोंके पेड़ों की सूखी पत्तियों को हिला रहे थे।

गांव के एक सुनसान रास्ते पर एक आदमी अपनी पुरानी साइकिल लेकर घर की तरफ जा रहा था।

उस आदमी का नाम रतनलाल था।

रतनलाल रोज की तरह अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था। वह साइकिल चलाते हुए मन ही मन कुछ सोच रहा था कि तभी अचानक उसके कानों में एक औरत के जोर-जोर से चीखने की आवाज सुनाई दी।

**औरत की आवाज:** बचाओ... कोई है... मेरी मदद करो...

आवाज इतनी अचानक आई थी कि रतनलाल के हाथ अपने आप साइकिल के हैंडल पर कस गए।

उसने घबराकर साइकिल रोक दी और इधर-उधर देखने लगा।

**रतनलाल:** (डरते हुए) कौन है? कौन चिल्ला रहा है? कौन है वहां?

लेकिन उसके सवाल का कोई जवाब नहीं आया।

चारों तरफ पहले जैसा ही सन्नाटा था।

रतनलाल ने कुछ पल तक आसपास देखा, मगर उसे कोई दिखाई नहीं दिया।

उसका गला सूखने लगा था। डर के कारण उसके हाथ-पैर कांप रहे थे।

उसने मन ही मन सोचा कि शायद उसका वहम होगा।

**रतनलाल:** (खुद से बुदबुदाते हुए) अरे रतनलाल, तोहका भी ना जाने का हो गया है। रात के अंधेरे में हर आवाज पर डरने लगा है। चल, जल्दी घर पहुंच।

इतना कहकर वह फिर से अपनी साइकिल चलाने लगा।

लेकिन अभी उसने कुछ ही दूरी तय की थी कि तभी दोबारा एक औरत के रोने की आवाज सुनाई दी।

इस बार आवाज पहले से भी ज्यादा साफ थी।

**औरत की आवाज:** हाय... कोई तो मेरी मदद करो... मुझे यहां से बाहर निकालो...

रतनलाल के पैरों ने जैसे साइकिल के पैडल चलाना ही बंद कर दिया।

उसने धीरे-धीरे साइकिल रोक दी।

इस बार वह आवाज की दिशा में देखने लगा।

तभी उसकी नजर सामने एक पुराने मकान पर पड़ी।

वह वही कोठा था, जिसके बारे में पूरे गांव में तरह-तरह की बातें मशहूर थीं।

वही कोठा, जो पिछले एक साल से पूरी तरह बंद पड़ा था।

उसकी दीवारों पर जगह-जगह काई जम चुकी थी। दरवाजे और खिड़कियां पुराने हो चुके थे। आसपास उगी झाड़ियों ने उस जगह को और भी डरावना बना दिया था।

रतनलाल की नजर उस कोठे पर पड़ते ही उसका चेहरा पीला पड़ गया।

**रतनलाल:** (हैरानी से) अरे बाप रे! ई हम कहां आ गए? हम तो घर जाने वाले रास्ते पर थे, फिर इस कोठे के सामने कैसे पहुंच गए?

वह कुछ समझ नहीं पा रहा था।

तभी एक बार फिर किसी औरत के रोने की आवाज सुनाई दी।

लेकिन इस बार वह आवाज किसी अनजान व्यक्ति को नहीं, बल्कि रतनलाल को उसके नाम से पुकार रही थी।

**औरत की आवाज:** रतनलाल... रतनलाल... मेरी बात सुनो... मुझे छोड़कर मत जाओ...

अपना नाम सुनते ही रतनलाल के माथे पर पसीने की बूंदें उभर आईं।

वह हैरानी से उस कोठे की तरफ देखने लगा।

**रतनलाल:** (कांपती आवाज में) क... कौन है? कौन हमारा नाम लेकर पुकार रहा है?

कुछ पल तक वहां खामोशी छाई रही।

फिर अचानक वही आवाज दोबारा सुनाई दी।

**औरत की आवाज:** रतनलाल... तुम आ गए? मुझे पता था कि तुम जरूर आओगे...

दोस्तों, कभी-कभी हमारे सामने ऐसी परिस्थितियां आ जाती हैं, जहां हमारा दिल कुछ और कहता है और हमारा दिमाग कुछ और।

कुछ ऐसा ही इस वक्त रतनलाल के साथ भी हो रहा था।

उसका मन कह रहा था कि बिना देर किए वहां से भागकर अपने घर पहुंच जाए, लेकिन दूसरी तरफ उस औरत की रोती हुई आवाज उसे अपनी तरफ खींच रही थी।

वह समझ नहीं पा रहा था कि आखिर क्या करे।

क्या उस अनजान औरत को मुसीबत में छोड़कर चला जाए या फिर उसकी मदद करने के लिए उस पुराने कोठे के अंदर जाए?

कुछ देर तक सोचने के बाद आखिरकार रतनलाल ने उस औरत की मदद करने का फैसला कर लिया।

उस आवाज में न जाने कैसी कशिश थी कि वह चाहकर भी खुद को वहां जाने से रोक नहीं पा रहा था।

वह अपनी साइकिल वहीं खड़ी करके धीरे-धीरे कोठे की तरफ बढ़ने लगा।

जैसे-जैसे वह कोठे के करीब पहुंच रहा था, उसके दिल की धड़कनें तेज होती जा रही थीं।

तभी अचानक एक मोटी-सी काली बिल्ली न जाने कहां से आ गई और उसके पैरों के पास से निकलकर झाड़ियों में गायब हो गई।

**रतनलाल:** (घबराकर) हे भगवान! ई का हो रहा है आज हमारे साथ!

काली बिल्ली को देखकर रतनलाल की हिम्मत जवाब देने लगी।

उसने तुरंत पीछे मुड़कर वहां से जाने का फैसला किया।

लेकिन जैसे ही उसने अपना पहला कदम पीछे बढ़ाया, तभी उसके पीछे से एक बेहद मधुर और मीठी आवाज सुनाई दी।

**औरत की आवाज:** रतनलाल...

वह आवाज इतनी धीमी और प्यारी थी कि रतनलाल के कदम वहीं रुक गए।

इस बार उस आवाज में न तो रोने का दर्द था और न ही कोई घबराहट।

बल्कि ऐसा लग रहा था जैसे कोई बड़ी बेसब्री से उसका इंतजार कर रहा हो।

रतनलाल ने धीरे-धीरे पीछे मुड़कर देखा।

और फिर...

उसकी आंखें सामने खड़ी औरत पर जाकर ठहर गईं।

उसके सामने मरून रंग की खूबसूरत साड़ी पहने एक औरत खड़ी थी।

उसके लंबे काले बाल खुले हुए थे, जो हवा के हल्के झोंकों के साथ धीरे-धीरे लहरा रहे थे। उसकी बड़ी-बड़ी नीली आंखें बेहद गहरी और आकर्षक थीं। आंखों में लगा गहरा काजल उसके चेहरे की खूबसूरती को और भी निखार रहा था।

उसके माथे पर छोटी-सी लाल बिंदी थी और कानों में खूबसूरत झुमके झूल रहे थे।

उसके गुलाबी होंठों पर एक हल्की-सी मुस्कान थी।

वह औरत देखने में इतनी खूबसूरत थी कि कोई भी उसे पहली नजर में देखकर उसकी तारीफ किए बिना नहीं रह सकता था।

रतनलाल तो उसे देखते ही जैसे अपनी सुध-बुध खो बैठा।

कुछ पल पहले जिस डर के कारण उसके हाथ-पैर कांप रहे थे, अब वह उस औरत की खूबसूरती में खोया हुआ था।

वह औरत लगातार मुस्कुराते हुए उसे देख रही थी।

**औरत:** (मुस्कुराकर, बेहद धीमी आवाज में) क्या हुआ रतनलाल? तुम इतने घबराए हुए क्यों हो? मुझे देखकर डर गए क्या?

रतनलाल कुछ बोल ही नहीं पाया।

वह बस एकटक उस औरत को देखे जा रहा था।

तभी उस औरत ने एक कदम उसकी तरफ बढ़ाया और फिर मुस्कुराते हुए बोली।

**औरत:** क्या तुम मुझे पहचानते नहीं, रतनलाल? इतनी जल्दी भूल गए मुझे?

उसकी यह बात सुनकर रतनलाल की आंखें हैरानी से फैल गईं।

आखिर वह औरत कौन थी?

क्या वह सचमुच कलावती थी, जिसके नाम से पूरा गांव कांपता था?

अगर वह कलावती थी, तो पिछले एक साल से कहां गायब थी?

और सबसे बड़ा सवाल... जब पूरा गांव उसे एक चुड़ैल समझता था, तो रतनलाल को देखकर वह इतनी प्यार से क्यों मुस्कुरा रही थी?

उधर रामखिलावन की मां भी आखिर ऐसा कौन-सा राज छिपा रही थी, जिसे वह अपने बेटे को बताना नहीं चाहती थी?

**क्या रतनलाल उस रात उस पुराने कोठे से वापस अपने घर लौट पाएगा?**

या फिर कलावती का रहस्य उसकी जिंदगी बदलने वाला था?

यह जानने के लिए पढ़िए मेरी इस रहस्यमयी कहानी का अगला भाग।

**धन्यवाद दोस्तों! ❤🙏**

*Thanks for reading.*

100%